News.19.04.2020_C


संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
कलेक्टर ने तिलहरी पहुंचकर गोकुल रसोई का किया अवलोकन
जबलपुर 19 अप्रैल 2020
कलेक्टर भरत यादव ने रामकृष्ण परमहंस वेलफेयर सोसायटी द्वारा तिलहरी में संचालित की जा रही गोकुल रसोई का आज रविवार की दोपहर अवलोकन किया और  यहाँ बसे मदनमहल पहाड़ी के विस्थापितों को ताजा भोजन उपलब्ध कराने के इस पुनीत कार्य में लगे संस्था के युवा सदस्यों अनुराग तिवारी, अंकित पटेल, असीम दुबे, आशीष पाण्डे, संतोष तिवारी, देवा झारिया एवं पीयूष बाजपेयी की सेवा भावना की सराहना की है  
             श्री यादव ने स्थानीय लोगों की सहभागिता से भोजन बनाने एवं जरूरतमन्दों को ताजा भोजन उपलब्ध कराने के इस मॉडल को मौसम के लिहाज से भी उपयोगी बताया स्थानीय लोगों ने भी कलेक्टर श्री यादव के साथ चर्चा करते हुए बताया कि गोकुल रसोई शुरू होने से उन्हें दोनो वक्त ताजा और स्वादिष्ट भोजन मिल रहा है लोगों ने समिति के सदस्यों को साधुवाद देते हुए कहा कि रसोई में खाना तैयार होते ही आधा घण्टे के भीतर क्षेत्र के ही युवाओं के सहयोग से इसे घर-घर पहुंचा दिया जाता है रामकृष्ण परमहंस वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने बताया कि गोकुल रसोई की स्थापना कुछ दिन पहले की गई थी अब प्रतिदिन यहाँ करीब एक हजार लोगों को दोनो समय ताजा भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है उन्होंने बताया कि तिलहरी में मिली सफलता से प्रेरित होकर संस्था द्वारा मोहनिया में भी गोकुल रसोई की शुरुआत की गई है
क्रमांक/3921/अप्रैल-264/जैन॥

भरतीपुर, मुकादमगंज और निवाडगंज क्षेत्र में व्यापार की मिली सशर्त अनुमति
एसडीएम रांझी और अधारताल ने जारी किया आदेश
केवल तिपहिया वाहनों के आवाजाही की रहेगी अनुमति
जबलपुर 19 अप्रैल 2020
कोरोना वायरस के संक्रमण एवं आम लोगों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा हेतु जबलपुर शहर में उत्पन्न हुई परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए अनुविभागीय दण्डाधिकारी रांझी ने रांझी क्षेत्र में स्थित भरतीपुर एवं मुकादमगंज बाजार क्षेत्र के थोक किराना एवं अनाज व्यापारियों और अनुविभागीय दण्डाधिकारी अधारताल ने शहरी अंचल कोतवाली क्षेत्र में स्थित अनाज व्यापारियों को सशर्त व्यापार की अनुमति प्रदान की है।
रांझी व अधारताल के अनुविभागीय दण्डाधिकारियों ने अलग-अलग जारी आदेश में कहा है कि बाजार क्षेत्र में कोई भी व्यापारी फुटकर व्यापार नहीं करेगा केवल थोक व्यापार करेगा। बाजार क्षेत्र में व्यापारियों के साथ निजी चार एवं दुपहिया वाहन लाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेंगे। कम से कम श्रमिकों को दुकान में लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए नियोजित किया जाएगा। श्रमिकों एवं व्यापारियों को आवश्यक रूप से मास्क लगाकर कार्य करना होगा। साथ ही सभी श्रमिकों एवं व्यापारियों के मध्य सामाजिक दूरी (सोशल डिस्टेंसिंग) का पालन किया जाना होगा। बाजार क्षेत्र के दुकानों को नियमित रूप से सेनेटाइज किया जाना अनिवार्य होगा।
बाजार क्षेत्र भरतीपुर, मुकादमगंज और निवाडगंज बाजार क्षेत्र में केवल तिपहिया वाहन की अनुमति होगी और मुकादमगंज के लिए 10 तिपहिया वाहन एवं भरतीपुर के लिए 5 तिपहिया वाहन तथा निवाडगंज बाजार के लिए केवल 10 तिपहिया वाहनों की आवाजाही की अनुमति होगी। इन तिपहिया वाहनों की अनुमति बाजार क्षेत्र के अध्यक्ष द्वारा संबंधित नगर पुलिस, अधीक्षक से प्राप्त करना होगा। बाजार क्षेत्र के अंदर स्थित केंटीन पेयजल, सभाकक्ष, शौचालय एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों को नियमित रूप से सेनेटाइजिंग करना होगा।
इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश 15 अप्रैल के संपूर्ण मानदण्डों का पालन अनिवार्यत: किया जाना होगा। इसके अतिरिक्त शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना होगा। अन्यथा की दशा में अनुमति स्वमेव निरस्त मानी जाएगी।
क्रमांक/3922/अप्रैल-265/मनोज॥

15 लाख किसानों को मिलेंगे फसल बीमा के 2990 करोड़
राज्य सरकार ने जमा किया 22 सौ करोड़ रुपए का प्रीमियम 
जबलपुर, 19 अप्रैल, 2020
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के 15 लाख किसानों को फसल बीमा की कुल 2990 करोड़ की बीमा राशि अगले सप्ताह तक प्राप्त हो जाएगी।  यह राशि सीधे उनके खातों में जाएगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में कृषि विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव कृषि श्री अजीत केसरी एवं अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछली सरकार ने खरीफ एवं रबी फसलों के लिए सरकार द्वारा देय प्रीमियम 22 सौ करोड़ का भुगतान नहीं किया था। इसके कारण किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिला। श्री चौहान ने कहा कि हमने सरकार बनते ही मार्च माह में बीमा कंपनियों की यह राशि जारी कर दीजिससे अब किसानों को फसल बीमा राशि प्राप्त हो जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि ने बताया कि सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2018 तथा रबी वर्ष 2018-19 की फसल बीमा के प्रीमियम की राशि बीमा कंपनियों को जारी कर दी गई है। अब इन वर्षों की फसल बीमा की राशि किसानों को प्राप्त हो जाएगी। बैठक में बताया गया कि खरीफ 2018 में प्रदेश के 35 लाख किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराया गया था, उनमें से 8.40 लाख किसानों को 19 सौ 30 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्राप्त होगी। इसी प्रकार, रबी 2018-19 में प्रदेश के 25 लाख किसानों द्वारा रबी फसलों का बीमा कराया गया था। इनमें से 6.60 लाख किसानों को 10 सौ 60 करोड़ रुपए की बीमा राशि प्राप्त होगी।
क्रमांक/3923/अप्रैल-266/मनोज