NEWS -21-12-2020-C

 

आज के समाचार के लिए देखें - www.projbp.blogspot.com

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्यप्रदेश शासन

समाचार

 

नगरीय निकायों के आगामी निर्वाचन के मद्देनजर

कर्मचारियों का ऑनलाइन डाटा दर्ज करने दिया गया प्रशिक्षण

जबलपुर, 21 दिसंबर 2020

नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत के आगामी आम निर्वाचन हेतु मतदान कर्मियों, मतगणना कर्मियों एवं अन्य चुनावी कार्यों में संलग्न करने हेतु जिले के समस्त विभागों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों का डाटा आनलाइन दर्ज किया जाना है। इस संदर्भ में स्थानीय निर्वाचन कार्यालय आज सोमवार को समय सीमा बैठक उपरांत पोर्टल में ऑनलाइन डाटा दर्ज करने हेतु उचित मार्गदर्शन एवं विस्तृत प्रशिक्षण श्री आशीष शुक्ला, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जबलपुर के द्वारा प्रदाय किया गया।

श्री शुक्ला के अनुसार जिन कार्यालयों के आपरेटर उपरोक्त प्रशिक्षण में आज भाग नहीं ले सके, उनके लिए मंगलवार 22 दिसम्बर को दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में यह प्रशिक्षण दिया जायेगा। यह प्रशिक्षण डी आई ओ, एनआईसी द्वारा प्रदान किया जायेगा। उपरोक्त प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी शाहिद खान भी उपस्थित थे।

क्रमांक/6962/दिसम्बर-260/जैन

 

सीएमएचओ ने किया सिविल अस्पताल सिहोरा का निरीक्षण,

स्वास्थ्य कार्यक्रमो की समीक्षा भी की

जबलपुर, 21 दिसंबर 2020

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रत्नेश कुररिया ने सिविल अस्पताल सिहोरा का निरीक्षण किया एवं विकासखंड के स्वास्थ्य विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओ की उपस्थिति में मातृ एवं शिशु सेवाये, सी.एम. हेल्प लाइन, आयुष्मान कार्ड कार्ययोजना जैसे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक में बीएमओ डॉ दीपक गायकवाड़, सिविल अस्पताल प्रभारी चिकित्सक डॉ राघवेंद्र त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री विजय पाण्डेय, सहित सभी सुपरवाइजर, ए. एन.एम उपस्थित थे।

क्रमांक/6963/दिसम्बर-261/जैन

 पनागर और सहजपुर में सील की गई खाद और

कीटनाशक की दुकानें

जबलपुर, 21 दिसंबर 2020

नकली खाद और कीटनाशक विक्रय के संदेह पर आज शाम राजस्व विभाग के अमले द्वारा दो प्रतिष्ठानों नव्या कृषि केन्द्र और सहजपुर स्थित आदित्य कृषि केन्द्र को सील कर दिया गया है।

दोनों प्रतिष्ठानों को खजरी-खिरिया बॉयपास चौराहा के समीप अमर कृषि फार्म स्थित अन्नपूर्णा एग्रो सेल्स के गोदाम में संचालित नकली खाद एवं कीटनाशक बनाने की फैक्ट्री से खाद एवं कीटनाशक सप्लाई किया जाता था। प्रशासन और पुलिस द्वारा आज की गई संयुक्त कार्यवाही में इस फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में नकली खाद एवं बीज कीटनाशक पाया गया था।

क्रमांक/6964/दिसम्बर-262/जैन