NEWS -16-12-2020-A

 संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्यप्रदेश शासन

समाचार

डी.एल.एड. एवं डी.पी.एस.. संबद्धता हेतु आवेदन आमंत्रित

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

     माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा एन.सी.टी.. से मान्यता प्राप्त डी.एल.एड. एवं डी.पी.एस.(पी.पी.टी.सी) संस्थाओं को मण्डल की संबंद्धता प्रदान कर पाठ्यक्रमों की परीक्षाऐं आयोजित की जाती है।

डी.एल.एड. एवं डी.पी.एस.. (पी.पी.टी.सी.) पाठ्यक्रम संचालित करने वाले संस्थान की सत्र 2021-2022 हेतु नवीन संबंद्धता एवं संबंद्धता नवीनीकरण आवेदन पत्र मण्डल द्वारा निर्धारित शुल्क सहित माध्यमिक शिक्षा मण्डल, भोपाल परिसर में स्थित यूको बैकं, शाखा हबीबगंज में सचिव के नामे चालान (किसी अन्य बैंक के चालान मान्य योग्य नहीं) अथवा आर.टी.जी.एस. तथा एन.आई.एफ.टी. (खाता क्रमांक 2830100006001 आईएफएससी नम्बर यूसीबीए0000283) के माध्यम से शुल्क जमा करना होगा। जमा शुल्क की प्रति संस्था द्वारा 10 मार्च 2021 तक मण्डल कार्यालय में आवश्यक रूप से प्रस्तुत करना होगा। ताकि संबंद्धता सत्र 2021-22 हेतु नवीन संबंद्धता नवीनीकरण संबंधी प्रकरणों पर मण्डल द्वारा समय सीमा में कार्यवाही सम्पन्न की जा सके। आवेदन पत्र प्रारूप मण्डल की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर उपलब्ध है।

क्रमांक/6901/दिसम्बर-199/मनोज

 आयुष मंत्री ने किया आयुर्वेद कॉलेज का निरीक्षण

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री राम किशोर कावरे ने बुधवार को जबलपुर संभाग का दौरा किया उन्होंने विभागीय समीक्षा बैठक ली। आयुर्वेदिक कॉलेज का निरीक्षण किया, डिलेवरी प्वाइंट, ओपीडी एवं हर्बल गार्डन, नवग्रह वाटिका को देखा, आँवले के पौधे का रोपण किया एवं जिले में प्रस्तावित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर्स की जानकारी ली, उनके निर्माण की स्थिति का जायजा किया एवं शीघ्र कार्य पूर्ण होने के लिए निर्देशित किया।

मंत्री श्री कावरे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया की जिला कार्यालय, आयुष विंग, डिस्पेंसरी के साथ-साथ अधिकारियों को अपने घरों में भी मेडिसिनल पौधे रोपित करके हर्बल गार्डन बनाना है।

उन्होने कहा आयुर्वेदिक औषधालय को वैलनेस सेंटर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है आम जनता को शीघ्र ही लाभ मिलेगा। मंत्री ने 16 प्रकार के औषधीय पौधे लगा कर हर्बल गार्डन को व्यवस्थित और सुसज्जित रखने के लिए निर्देशित किया।

परिसरों की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने हेतु एवं आम जनता को हर तरह से सुविधा देने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कोविड-19 के काल में आयुर्वेदिक चिकित्सा, आहार, योग और तनावमुक्त तकनीकों के माध्यम से लोगों की देखभाल प्रदान करने में आयुष की अनुकरणीय भूमिका को सराहा। उन्होंने औषधालय भवन के जीर्णोद्धार कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और भवन परिसर में औषधीय पौधे लगाने के साथ उसे संरक्षित करने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान आयुर्वेदिक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एल.एल. अहिरवार, संभागीय अधिकारी डॉ बिंदु ध्रुव एवं जिला अधिकारी डॉक्टर सुरत्ना सिंह चौहान, डॉ आर के गुप्ता, डॉ पंकज मिश्रा,डॉ मनोज सिंह एवं सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों से चर्चा कर उन्हें निर्देशित किया कि आयुष की सेवाओं का लाभ आम जनता को अधिक से अधिक उपलब्ध कराएं,औषधालय की व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से हो, साफ सफाई अच्छी हो, वैलनेस सेंटर के  चल रहे कार्य को गति प्रदान हो, आम जनता को शीघ्र इसका लाभ मिले और इन कार्यों में आने वाली रुकावट को शीघ्र ही दूर करने के लिए पूरी तरह से आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि भारत की पारंपरिक प्रणाली आयुर्वेद में, सभी बीमारियों का निदान करने और उपचारात्मक स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। अधिकांश रोगियों को आहार और योग सहित आयुर्वेद उपचार के प्रोटोकॉल का पालन करा कर शीघ्र ही स्वास्थ्य लाभ दिया जा सकता है।

क्रमांक/6902/दिसम्बर-200/मनोज

 मतदाता संशोधित वोटर आई.डी. 24 तक प्राप्त करें

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

ऐसे सभी मतदाता जिन्होंने वोटर आई.डी. में संशोधन व परिवर्तन के लिये फार्म 8 पूरा भरकर बी.एल.. के पास जमा कर दिया था। वे 24 दिसम्बर तक बी.एल.. से संपर्क कर वोटर आई.डी. प्राप्त कर लें। वोटर आई.डी. प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर टोल फ्री नम्वर 1950 पर मतदाता शिकायत दर्ज करा सकता है।

क्रमांक/6903/दिसम्बर-201/मनोज

 टापू पर्यटन का आनंद उठाने विदेश जाने की जरूरत नहीं

मध्यप्रदेश के हनुवंतिया टापू में 15 जनवरी तक चलेगा जल महोत्सव 

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

इंदौर से मात्र 170 कि.मी. दूर विशाल जल राशि के बीच उभरे टापू पर्यटकों के आकर्षण केन्द्र बन रहे हैं। आमतौर पर विदेशों में ही उपलब्ध टापू-पर्यटन अब खण्डवा जिले में भी उपलब्ध है। पर्यटन विभाग द्वारा यहां के मुख्य हनुवंतिया टापू पर पिछले 5 सालों से यहां जल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 15 दिसम्बर 2020 से आरंभ हुआ महोत्सव 15 जनवरी 2021 तक चलेगा। प्रमुख सचिव पर्यटन श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि कार्यक्रम वेलनेस टूरिज्म को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जल महोत्सव को वर्ष 2017 में केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा सबसे अद्वितीय नवीन पर्यटन उत्पाद वर्ष 2015-16 से नवाजा जा चुका है।

हनुवंतिया टापू इंदिरा सागर बांध पर स्थित एक अदभुत और अनुपम पर्यटन स्थल है। लगभग 95 वर्ग कि.मी. में फैले विशाल जलाशय में लगभग 50 टापुओं में से एक हनुवंतिया में पर्यटन विभाग द्वारा रिसोर्ट विकसित किया गया है। वर्ष 2016 में पहली बार 10 दिनों के जल महोत्सव का आयोजन किया गया था। पर्यटकों की रूचि को देखते हुए तबसे निरंतर इसका आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में साहसिक पर्यटन के साथ कैम्पिंग, बर्ड वाचिंग, स्टार गेजिंग, साईकलिंग, ट्रेकिंग आदि की सुविधाएँ भी उपलब्ध हैं। इस दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जायेंगी।

मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा हनुवंतिया टापू पर स्थित टेंट सिटी को पुन: आरंभ कर दिया गया है। टेंट सिटी में वाटर एडवेंचर, लैंड एडवेंचर और स्काई एडवेंचर की गतिविधियां जैसे पैरा मोटरिंग, पैरा सेलिंग, स्पीड बोट, जेट स्काई, हॉट एयर बैलूनिंग, मोटरबोट राइडिंग आदि शामिल हैं। टेंट सिटी में 63 लग्जरी स्विस टेंट के साथ कॉर्पोरेट सम्मेलनों के लिये एसी सम्मेलन हॉल भी बनाया गया है।

हनुवंतिया में जल महोत्सव पहली बार वर्ष 2016 में 12 से 21 फरवरी तक, दूसरी बार 15 दिसम्बर 2016 से 15 जनवरी 2017 तक, तीसरी बार 15 अक्टूबर 2017 से 2 जनवरी 2018 तक और चौथी बार 3 जनवरी 2019 से 3 फरवरी 2020 तक आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को सिंगापुर भ्रमण के दौरान सेंटोसा द्वीप देखकर मध्यप्रदेश में टापू पर्यटन विकसित करने का विचार आया था, जिसकी परिणति हनुवंतिया टापू है।

क्रमांक/6904/दिसम्बर-202/मनोज

 मिलावट से मुक्ति अभियान में पौने चार करोड़ से अधिक की मिलावटी खाद्य सामग्री जब्त

58 के खिलाफ एफआईआर और 11 पर रासुका में भेजा जेल 

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत अब तक तीन करोड़ 72 लाख 17 हजार रूपये की मिलावटी खाद्य सामग्री को जब्त किया गया है। राज्य के सभी जिलों में मिलावट करने वालों की धरपकड़ की जा रही है। मिलावट करने के आरोप में 58 मिलावटखोरों के खिलाफ एफआईदर्ज करवाई गई है और गंभीर श्रेणी के 11 प्रकरणों में मिलावटखोरों के खिलाफ एनएसए की कार्रवाई की गई है। अब तक एक करोड़ 29 लाख 36 हजार 500 रूपये का जुर्माना भी न्यायालय द्वारा मिलावटखोरों पर किया गया है। मिलावट से मुक्ति अभियान लगातार जारी रहेगा।

खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासन विभाग द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया है कि सभी जिलों में मिलावटखोरों के विरूद्ध सख्ती से कार्यवाही की जा रही है। बड़े-बड़े फेक्ट्री मालिक भी अभियान की गिरफ्त में आये हैं। ऐसे मिलावटखोर करने वाले कारखानों को और उनके मालिकों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। अब तक 9 हजार 317 स्थानों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट की शंका के आधार पर जाँच की गई। दो हजार 233 मिलावटखारों को सूचना नोटिस जारी किये गये हैं। खाद्य पदार्थों की जाँच के लिये भेजे गये 3 हजार 797 नमूनों में से परीक्षण के बाद भेजे गये नमूनों में से मंगलवार 15 दिसम्बर तक 2 हजार 120 नमूनों की जाँच रिपोर्ट प्रयोगशाला द्वारा जारी की गई है, जिनमें 1682 मानक, 232 अवमानक, 137 मिथ्याछाप, 28 असुरक्षित, 28 अपद्रव्य नमने पाये गये हैं।

क्रमांक/6906/दिसम्बर-203/मनोज

 मुख्यमंत्री का डुमना विमानतल पर आत्मीय स्वागत

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज यहां बुधवार को रीवा से वायुयान द्वारा अपरान्ह 3.42 बजे डुमना विमानतल पर आगमन हुआ। मुख्यमंत्री के साथ सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बीडी शर्मा भी पहुंचे। विमानतल पर मुख्यमंत्री श्री चौहान और प्रदेशाध्यक्ष का आत्मीय स्वागत करने वालों में प्रदेश के आयुष (स्वतंत्र प्रभार) एवं जल संसाधन राज्यमंत्री रामकिशोर 'नानो' कांवरे, विधायक अशोक रोहाणी, पूर्व मंत्री अंचल सोनकर, शरद जैन और हरेन्द्रजीत सिंह बब्बू शामिल थे। विमानतल पर संभागायुक्त बी. चंद्रशेखर, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, अपर कलेक्टर संदीप जीआर ने मुख्यमंत्री की अगवानी की।

क्रमांक/6907/दिसम्बर-204/मनोज

 गृह मंत्री डॉ. मिश्रा आज कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

जबलपुर, 16 दिसंबर 2020

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा गुरूवार 17 दिसम्बर को बालाघाट और जबलपुर में कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। डॉ. मिश्रा गुरूवार सुबह प्रात: 9 बजे भोपाल से हवाईपट्टी गोंदिया के लिये प्रस्थान करेंगे। गोंदिया से प्रात: 10:45 पर बालाघाट पहुँचेंगे। प्रात: 11 बजे बालाघाट जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। वे दोपहर 2 बजे बालाघाट से हवाई पट्टी गोंदिया के लिये प्रस्थान कर गोंदिया से अपरान्ह 3:15 बजे जबलपुर पहुँचेंगे। सायंकाल 4 बजे डॉ. मिश्रा जबलपुर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। मंत्री डॉ. मिश्रा सायंकाल 5 बजे जबलपुर से प्रस्थान कर सायंकाल 6 बजे भोपाल पहुँचेंगे।

क्रमांक/6908/दिसम्बर-205/मनोज