NEWS -03-12-2020-A

 संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

उच्च न्यायालय में घरेलू और अतंर्राष्ट्रीय आर्बिट्रेसन माध्यस्थम केन्द्र शुरू

जबलपुर, 03 दिसम्बर 2020

     उच्च न्यायालय परिसर में घरेलू और अतंर्राष्ट्रीय आर्बिट्रेसन केन्द्र का शुभारंम किया गया है। इस केन्द्र में लंबित प्रकरणों का मध्यस्थता के माध्यम से शीघ्र समाधान किये जाने हेतु सुविधायें उपलब्ध करायी गई हैं।

इसमें अकिंचन पक्षकार जिनका दावा 5 लाख तक की सीमा का है, को प्रो- बोना आर्बिट्रेटर बिना शुल्क दिये उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही एक वर्ष के भीतर विवादों को मैत्रीपूर्ण तरीके से समाधान,  मामले के मूल्य के अनुसार मानक शुल्क पर स्वयं की मध्यस्थता का चयन करने की सुविधा, मध्यस्थता या सुलह के लिए मामले को प्राथमिकता देने की सुविधा, केन्द्र में अलग मध्यस्थता कमरे की सुविधा, विशिष्ट मुद्दों पर विशेषज्ञ को नियुक्त करने की सुविधा, आर्बिटेशन सेंटर को अंतर्राष्ट्रीय विवाद का उल्लेख करने की सुविधा, रिसेप्शन, कम्प्यूटर, फर्नीचर, लाइब्रेरी, रिकॉर्ड रूम और कैफेटेरिया की सुविधा, कुशल न्यायिक अधिकारी, टाइपिस्ट, कानून शोधकर्ताओं, कैशियर एवं एकांउटेंट और तकनीकी जनशक्ति की सुविधा उपलब्ध है।

गौरतलब है कि उच्च न्यायालय परिसर में 4 जुलाई 2020 को माध्यस्थम् केन्द्र का शुभारंभ किया गया था।

क्रमांक/6731/दिसम्बर-29/मनोज

 हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्ड्री के नियमित व स्वाध्यायी

पूरक परीक्षा की अंकसूचियां समन्वय संस्था से प्राप्त करें

जबलपुर, 03 दिसम्बर 2020

      हाई स्कूल, हायर सेकेण्ड्री के नियमित व स्वाध्यायी पूरक वर्ष 2020 की अंकसूचियां, समन्वय संस्था से वितरित की जा रही हैं।

      शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की समन्वयक प्राचार्य ने बताया कि जिले की 482 मान्यता प्राप्त स्कूलों की अंकसूचियों का वितरण विगत 10 दिनों से किया जा रहा है। किन्तु अधिकांश संस्थाओं द्वारा अंकसूची अभी तक प्राप्त नहीं की गई। तत्काल प्राचार्य स्वयं या अधिकार पत्र देकर संस्था के कर्मचारी के माध्यम से, समन्वय संस्था से अंकसूचियां प्राप्त कर करें।

      अन्यथा मंडल के निर्देशानुसार एक सप्ताह पश्चात शेष बची हुई विद्यालयों की अंकसूचियां मंडल को मूलत: वापस भेज दी जायेगी।

क्रमांक/6732/दिसम्बर-30/मनोज

जिले के एक लाख 22 हजार 841 कृषक मुख्यमंत्री  किसान कल्याण योजना से लाभान्वित

जबलपुर, 03 दिसम्बर 2020

आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के बुनियाद को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा किसानों के रबी और खरीफ की बोवनी के समय आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की शुरुआत की। जिसके तहत आज सीहोर के नसरुल्लागंज में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के पांच लाख किसानों को 100 करोड रुपए का लाभ वितरण किया गया। जिसमें जबलपुर जिले के 8 हजार 313 हितग्राहियों को एक करोड़ 66 लाख 26 हजार से लाभान्वित किया गया।यहाँ यह उल्लेखनीय है कि जिले में अभी तक एक लाख 22 हजार 841 कृषकों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है।

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अध्यक्षता में मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से दो-दो हज़ार के चेक प्रदान कर प्रदेश सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्री विनय सक्सेना, प्रभारी कलेक्टर श्रीहर्ष दीक्षित, अधीक्षक भू अभिलेख श्री ललित ग्वालवंशी सहित अन्य अधिकारी व हितग्राही उपस्थित थे।

क्रमांक/6733/दिसम्बर-31/उइके

 मुख्यमंत्री किसान कल्याण निधि मिलते ही प्रसन्न हुये किसान

जबलपुर, 03 दिसम्बर 2020

प्रदेश के उर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के हाथों से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आज दो-दो हजार की राशि चेक के रूप में प्रदान की गई इस अवसर पर शारदा नगर रिछाई,बरेला निवासी श्री आशीष कुमार शुक्ला ने कहा कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान कल्याण योजना की शुरुआत की जिसके तहत आज उन्हें दो हजार का चेक मिला। जिससे अब उन्हें गेहूं की फसल में लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजनातर्गत 4 हजार और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 6 हजार की राशि किसानों को कृषि विकास व किसान कल्याण के लिये प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण निधि की राशि मिलते ही खुशी से श्री शुक्ला ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को हृदय से धन्यवाद दिया।

क्रमांक/6734/दिसम्बर-32/उइके

 कल्याणी बहनों की पेंशन फिर प्रारंभ होगी, स्मारक भी बनेगा : मुख्यमंत्री श्री चौहान

भोपाल गैस त्रासदी की बरसी पर श्रद्धांजलि और सर्व धर्म प्रार्थना सभा हुई 

जबलपुर, 03 दिसम्बर 2020

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गैस त्रासदी की घटना में विधवा हो गईं प्रत्येक कल्याणी बहन को एक-एक हजार रुपये की मासिक पेंशन पुन: प्रारंभ की जाएगी। यह पेंशन नियमित रूप से कल्याणी महिलाओं को मिलती थी। वर्ष 2019 में यह पेंशन बंद कर दी गई थी, जिसे फिर से प्रारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राजधानी में गैस त्रासदी से संबंधित एक विशिष्ट स्मारक भी होना चाहिए। शीघ्र ही यह प्रकाश स्तम्भ स्मारक बनाया जाएगा जो प्रेरणा का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल गैस त्रासदी की 36वीं बरसी पर आज भोपाल के बरकतउल्ला भवन में आयोजित सर्वधर्म प्रार्थना सभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने गैस त्रासदी में दिवगंत और प्रभावित भोपाल के नागरिकों की प्रतीक प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भोपाल गैस त्रासदी से प्रभावित लोगों के समक्ष स्वास्थ्य की गंभीर चुनौतियां खड़ी हो गईं थीं। इनको प्राथमिकता से उपचार की पूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। कोरोना काल के संकट को देखते हुए ऐसे रोगियों के उपचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यही नहीं स्वच्छ नर्मदा जल भी पुराने और नए भोपाल के नागरिकों को मिल रहा है। गैस त्रासदी से संबंधित कचरा निपटान की व्यवस्थाएं की गईं हैं। इन्हें और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमें विकास का ऐसा मॉडल बनाना है जो मानव- हितैषी हो।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंसान ने अपने सुख की खातिर मानवता को संकट में डाला। बिगड़ता पर्यावरण विनाश का कारण बनता है। परमाणु बम से जहां निर्दोष नागरिक मारे जाते हैं वहीं कीटनाशकों के निर्माण के भी भयावह परिणाम भी देखने को मिलते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह धरती सभी के लिए बनी है। मनुष्यों के साथ पशु-पक्षी, कीट-पतंग, नदी-समुद्र, पेड़-पौधे सभी धरा के हिस्से हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्ष 1984 में हुई भोपाल गैस त्रासदी के दुष्प्रभावों का जिक्र करते हुए बताया कि सड़कों पर बदहवास दौड़ रहे लोग तेज सांस चलने के कारण जहरीली गैस से मौत के आगोश में समा गए थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं अनेक नागरिकों के साथ-साथ पशुओं की दर्दनाक मृत्यु का साक्षी भी रहा हूँ। वास्तव में वे सभी घटनाएं हृदय विदारक और जीवन की दु:खद पीड़ा बन गई हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की जनता की तरफ से गैस त्रासदी के दिवंगतों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों के गुरुओं ने पवित्र ग्रंथों के चयनित अंशों का पाठ करते हुए मानव-कल्याण की कामना की। सनातन धर्म की ओर से पं. रमेश त्रिपाठी, इस्लाम धर्म की ओर से काजी सैयद मुश्ताक अली, सिख समाज के धर्म गुरु श्री ज्ञानी गुरुभेज सिंह, क्रिश्चियन धर्म की ओर से मारिया स्टीफन, जैन धर्म की ओर से श्री वीर कुमार, बौद्ध धर्म की ओर से शाक्यपुत्र सागर भंते, बोहरा समाज की ओर से शेख शकीर ने मानव-कल्याण के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठक व्यवस्था की गई थी।

इस अवसर पर भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री श्री विश्वास सारंग, विधायक श्री पी. सी. शर्मा, पूर्व विधायक श्री रमेश शर्मा गुट्टू भैया, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव श्री मोहम्मद सुलेमान, कमिश्नर भोपाल श्री कवींद्र कियावत सहित भोपाल जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्री संतोष तिवारी ने किया। समस्त उपस्थितों ने गैस त्रासदी में दिवगंत नागरिकों को दो मिनिट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।

क्रमांक/6735/दिसम्बर-33/मनोज 

बिलिंग में गड़बड़ी के लिए कनिष्ठ और सहायक अभियंता

की जिम्मेदारी तय हो-ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर

जबलपुर, 03 दिसंबर 2020

मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के मीटर की रीडिंग प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से की जाए। सिस्ट्म को दुरुस्त करते हुए बिलिंग में गड़बड़ी के लिए वितरण केन्द्र के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता की जिम्मेदारी तय की जाए। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर आज बिजली कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन में विद्युत कंपनियों की समीक्षा कर रहे थे। मंत्री श्री तोमर ने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित किया जाए और जो नियम विरूद्ध या गलत आचरण कर रहे हैं, उनके खिलाफ  कड़ी कार्रवाई की जाए। समीक्षा बैठक में एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक व तीन डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के अध्यक्ष श्री आकाश त्रिपाठी, पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री वी. किरण गोपाल, मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कॉल सेंटर में उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान निश्चित समय सीमा में किया जाए और इसकी सतत् निगरानी भी की जाए। उन्होंने कहा कि मैदानी अभियंता उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित करें। यदि किसी उपभोक्ता को ज्यादा महीनों का बिल दिया जा रहा है, तो सिस्ट्म में हर माह के स्लेब के हिसाब से गणना सुनिश्चित की जाए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को त्वरित रूप से उपयुक्त क्षमता के ट्रांसफार्मर से परिवर्तित किया जाए।

श्री तोमर ने पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सब स्टेशन निर्माण में नई तकनीक का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि समय से पूर्व कार्य करने वाले कांट्रेक्टरों को पुरस्कृत किया जाए या छूट दी जाए। ऊर्जा मंत्री ने निर्माण कार्य समय सीमा में पूरे किए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रत्येक विद्युत गृहों की सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की जाए। ताप विद्युत गृहों में सतत् विद्युत उत्पादन करने के हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने विद्युत गृहों में पर्यावरण मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

 ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सभी विद्युत कंपनियों को आउटसोर्स कर्मियों को उनकी योग्यता व क्षमता के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कल बुधवार को रात में रानी अवंतीबाई सागर जल विद्युत गृह और 220 केवी सब स्टेशन नयागांव का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए।

क्रमांक/6736/दिसम्बर-34/उइके

 मानसिक रूप से अविकसित बालगृह में सामर्थ प्रदर्शन प्रतियोगिता संपन्न

जबलपुर, 03 दिसंबर 2020

शास. मानसिक रूप से अविकसित बालगृह में अधीक्षक डॉ. रामनरेश पटेल के निर्देशन में कोरोना कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए मानसिक दिव्यांग छात्रों ने सामर्थ प्रदर्शन प्रतियोगिता में सहभागिता निभाई। सामर्थ प्रदर्शन प्रतियोगिता के मुख्य आकर्षण रंगोली, चित्रकला, क्रोशिया वर्क रहा। इसमें रंगोली प्रतियोगिता में कल्लू, निखिल, पवन ने सहभागिता दी। चित्रकला प्रतियोगिता में छुट्टन, पवन, कल्लू, निखिल और क्रोशिया वर्क में रामदास ने सहभागिता निभाई। संपूर्ण कार्यक्रम ऊषा सिंह के सहयोग से संपन्न हुआ।

क्रमांक/6737/दिसम्बर-35/मनोज