News.09.11.2019_A


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय-जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने प्रशासन सतर्क
कलेक्टर-एसपी ने अमन-चैन बनाये रखने नागरिकों का जताया आभार
जबलपुर 09 नवंबर 2019
      अयोध्या राम जन्मभूमि और बावरी मस्जिद विवाद प्रकरण में सर्वोच्च न्यायालय का फैसला जबलपुर के नागरिकों ने सहर्ष स्वीकार किया है। यहां संस्कारवान लोगों ने आपसी भाई-चारे, सद्भावना और एकता की परम्परानुसार अद्भुत मिसाल पेश की। यह कहना था कलेक्टर भरत यादव और पुलिस अधीक्षक अमित सिंह का। उन्होंने कहा कि जिले में पूरी तरह से शांति कायम है। ऐहतियात के तौर पर जनसुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। अफवाह और गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
      कलेक्टर और  पुलिस अधीक्षक ने सुबह ही कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शांति और कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक ली। अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में संयुक्त भ्रमण करने और प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखने, अशांति फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा प्रतिबंधात्मक आदेशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश बैठक में दिए गए।
      कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हर हाल में जिले में शांति और अमन बना रहे। अधिकारी, नागरिकों, गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध व्यक्तियों से निरंतर संपर्क में रहें। उन्हें किसी भी तरह की अफवाहों से सावधान रखें। कलेक्टर ने जनता से अपील कि वे भाईचारे, शांति, सद्भाव और परस्पर सद्भावना का माहौल बनाए रखें तथा प्रशासन का सहयोग करें और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करें। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सतत् रूप से कानून-व्यवस्था संबंधी सूचनाओं और पुलिस एवं प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की।
      कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से शहर के घमापुर , बेलबाग , गोहलपुर , रद्दी चौकी , बड़ी ओमती , गुरन्दी , हनुमानतालखेरमाई , मछली मार्केट, ओमती, गलगला, बल्देवबाग, दमोहनाका, सदर, पेंटीनाका, मोदीबाड़ा, काली मंदिर सहित अनेक क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों का सघन भ्रमण  किया जा रहा है।
      कलेक्टर ने बताया कि जिले में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू है। जिसके तहत पटाखों का बेचना, खरीदना और फोड़ना प्रतिबंधित है। जुलूस, सभा, रैली, धरना, प्रदर्शन पर रोक है। इस संबंध में पहले जारी अनुमतियां भी निरस्त कर दी गईं हैं। किसी भी स्थान पर पांच से अधिक व्यक्ति एक साथ एकत्र नहीं हो सकेंगे। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना, आपत्तिजनक और धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले संदेश प्रसारित करने पर रोक लगाई गई है। सोशल मीडिया की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर कठोर कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।
      कलेक्टर ने बताया कि ऐहतियात के लिए सभी शालाएं 9 नवम्बर को बंद रखी गई थी । पहले ही धर्मगुरूओं और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से चर्चा की गई और सभी का भरपूर सहयोग मिल रहा है। जिले में सद्भावनापूर्ण अच्छा वातावरण बना हुआ है।
      पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि अयोध्या फैसले को लेकर पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के लिए 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों का बल तैनात है। 200 पिकेट्स और 26 से अधिक अस्थाई पुलिस चौकियां बनाई गईं हैं। पुलिस द्वारा फ्लेग मार्च किया गया है। 200 से अधिक पुलिस वाहन लगातार गस्त कर रहे हैं। हर क्षेत्र की प्रत्येक गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जगह-जगह आडियो क्लिप चल रहीं हैं। लोगों को सूचनाएं दी जा रही हैं। ये सारे सुरक्षा के इंतजाम ऐहतियाती हैं। संस्कारधानी जबलपुर के नागरिकों ने स्वप्रेरणा से शांति, भाईचारे, सद्भावना, सौहार्द का वातावरण बनाया हुआ है। जो कि सराहनीय और संस्कारधानी की गौरवशाली परम्परा के अनुकूल तथा प्रेरणादायी है।  
क्रमांक/2095/नवंबर-88/खरे॥

पटाखों के क्रय-विक्रय और आतिशबाजी पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ी
      जबलपुर, 09 नवंबर, 2019
      जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर श्री भरत यादव ने कानून व्यवस्था बनाये रखने की दृष्टि से सम्पूर्ण जिले में पटाखों के क्रय-विक्रय तथा पटाखे चलाने पर प्रतिबंध की अवधि 15 नवंबर तक बढ़ा दी है । इस बारे में जारी आदेश में कहा गया है कि इस अवधि के दौरान थोक एवं फुटकर पटाखों की दुकानें भी बंद रहेंगी ।
क्रमांक/2096/नवंबर-89/जैन

वाणिज्यिक कर मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का किया स्वागत
जबलपुर, 09 नवंबर, 2019
वाणिज्यिक कर मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर ने सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अयोध्या प्रकरण में दिए गए फैसले का स्वागत किया है। मंत्री श्री राठौर ने सभी देशवासियों से आपसी भाईचारे की भावना के साथ इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत करने की अपील की है।
क्रमांक/2097/नवंबर-90/खरे

शांति सद्भाव रखने प्रशासन ने की धार्मिक संगठनों से सहयोग की अपील
कंट्रोल रूम में हिन्दू समुदाय के संगठनों की बैठक संपन्न
सभी प्रकार के आयोजनों की अनुमतियां निरस्त - कलेक्टर
जबलपुर 09 नवंबर 2019
जबलपुर शहर और जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग का आग्रह करने जिला प्रशासन द्वारा आज शाम पुलिस कंट्रोल रूम में हिन्दू समुदाय के विभिन्न संगठनों की बैठक आयोजित की गई
           बैठक में कलेक्टर भरत यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने बताया कि अयोध्या प्रकरण पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद शहर और जिले में पूरी तरह शांति है कहीं से किसी तरह की कोई भी अप्रिय घटना के सूचना प्राप्त नहीं हुई है प्रशासन और पुलिस हर तरह की परिस्थितियों से निपटने पूरी तरह सजग है   
        कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले में शांति एवं सौहार्द बनाये रखने के लिए सभी संघठनों को साधुवाद दिया दोनों अधिकारियों ने कहा कि  सभी समुदाय के नागरिकों ने  जिस धैर्य और समझदारी का परिचय दिया है उसने एक बार फिर संस्कारधानी का गौरव बढ़ा है  
    बैठक में सभी संगठनों से  प्रतिबंधात्मक आदेशों का पालन करने और नागरिकों को भी सांप्रदायिक सद्भाव एवं भाईचारा बनाये रखने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया संगठनों को बताया गया कि एहतियात के तौर पर सम्पूर्ण जिले में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत सभी तरह के धार्मिक एवं सामाजिक  आयोजनों, जुलूस,धरना, प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है पूर्व में दी गई अनुमतियां भी निरस्त कर दी गई हैं। इसी तरह पटाखे के क्रय- विक्रय एवं आतिशबाजी पर को भी प्रतिबंधित किया गया है बैठक में सभी संगठनों से कहा गया कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर सार्वजनिक रूप से तो खुशियां मनाएं ही ऐसा कोई कार्य करें जिससे किसी दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हों  
 बैठक में मौजूद सभी संगठनों ने जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने प्रशासन एवं पुलिस द्वारा किये गए इंतजामों की तारीफ की तथा शांति एवं सौहार्द बनाये रखने में प्रशासन को हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि जबलपुर सभी धर्मों के मानने वालों का शहर है और इस शहर में कोई भी ऐसा कार्य नहीं होगा जिससे इसकी छवि खराब हो बैठक में बरगी के विधायक श्री संजय यादव , नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार , श्री आलोक मिश्रा , शरद काबराकमलेश अग्रवाल , योगेश अग्रवालशरण चौधरी तथा विश्व हिंदू परिषद , बजरंग दल , शिवसेना के पदाधिकारी भी मौजूद थे
क्रमांक/2098/नवंबर-91/जैन॥

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सक्रिय और सजग रहें
भाई-चारे और मोहब्बत से नफरत और वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों को परास्त करें
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर प्रदेश के नागरिकों से शांति की अपील की 
जबलपुर, 09 नवंबर, 2019
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने आज भोपाल में पुलिस मुख्यालय पहुँचकर एक उच्च स्तरीय बैठक में मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। श्री नाथ ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निरंतर सक्रिय और सजग रहकर काम करें। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट द्वारा अयोध्या के मामले में सर्वसम्मति से दिए गए फैसले का सम्मान करें और प्रदेश में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। बैठक में सामान्य प्रशासन मंत्री एवं भोपाल जिले के प्रभारी डॉ. गोविंद सिंह और जनसंपर्क मंत्री श्री पी.सी. शर्मा भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ आज अपने पूर्व निर्धारित मंडला दौरे को स्थगित कर दिल्ली से भोपाल लौटकर मंत्रालय पहुँचे। मुख्यमंत्री शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करने के बाद पुलिस मुख्यालय स्थित राज्य स्थिति कक्ष (स्टेट सिचुएशन रूम) गए, जहाँ उन्होंने पूरे प्रदेश से रही कानून-व्यवस्था संबंधी सूचनाओं को देखा।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्थिति कक्ष में पुलिस और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में प्रदेश में अमन-चैन कायम रहे। उन्होंने कहा कि नागरिकों से निरंतर सम्पर्क की स्थिति रखें और उन्हें किसी भी तरह के अफवाहों से सावधान करें।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता से अपील कि वे प्रदेश के पारंपरिक भाईचारे-अमन चैन, शांति-सद्भाव और सौहार्द बनाये रखने में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक के साथ सरकार खड़ी हुई है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से पुलिस और प्रशासन के सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश हम सभी का है। हमारी गंगा-जमुनी तहजीब सुरक्षित रहे। विकास प्रभावित हो, आम जन-जीवन सामान्य रहे, यह हम सबकी जिम्मेदारी है। श्री नाथ ने कहा कि हम भाईचारे और मोहब्बत के पैगाम से वैमनस्य फैलाने वाले तत्वों को परास्त करें।
बैठक में मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहंती, पुलिस महानिदेशक श्री वी.के. सिंह, प्रमुख सचिव गृह श्री एस.एन. मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गुप्त वार्ता श्री एम. डब्ल्यू. नकवी एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक/2099/नवंबर-92/खरे