NEWS -29-01-2021-B

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

 

महिला सेना भर्ती रैली : पहले दिन 50 महिलाओं ने पास की शारीरिक परीक्षा

जबलपुर, 29 जनवरी, 2021

           

        भारतीय सेना में प्रवेश के लिये महिलाओं की भर्ती रैली के पहले दिन शुक्रवार को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ राज्य की 244 महिला उम्मीदवारों ने भर्ती रैली में भाग लिया। इसमें से 50 महिला उम्मीदवारों ने शारीरिक परीक्षण पास किया। सेना में भर्ती के लिये महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

        भर्ती रैली में लेफ्टिनेंट जनरल वाईके जोशी, आईएसएम, एवीएसएम, वीआरसी, एसएम, कमांड में जनरल ऑफिसर कमांडिंग, नोर्टन कमांड और मेजर जनरल एसएस काहलों, वीएसएम, चीफ ऑफ स्टाफ, मुख्यालय भारत क्षेत्र सहित सैन्य गणमान्य व्यक्ति रैली में भाग लेते हैं और उम्मीदवारों को प्रेरित करते हैं।

क्रमांक/458/जनवरी-458/मनोज

 

राष्ट्रीय नारी शक्ति पुरस्कार

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जनवरी 

जबलपुर, 29 जनवरी, 2021

केन्द्रीय महिला-बाल विकास मंत्रालय द्वारा ''नारी शक्ति पुरस्कार'' के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी तक आमंत्रित किये गये हैं। वर्ष 2020 के लिए यह पुरस्कार अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को नई दिल्ली में दिये जाएगें।

''नारी शक्ति पुरस्कार'' महिला-बाल विकास मंत्रालय की एक पहल है। यह पुरस्कार व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा समाज में महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण और सकारात्मक बदलाव की दिशा में किए गए असाधारण योगदान के लिए दिया जाता है। इस वर्ष 15 व्यक्तियों, संस्थानों, एन.जी.ओ. आदि को यह पुरस्कार दिया जायेगा। इसमें प्रशस्ति-पत्र और एक लाख रूपये दिये जायेगें। पुरस्कारों की घोषणा 20 फरवरी तक की जायेगी। आवेदक http://narishaktipuraskar.wcd.gov.in/पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

पात्रता का मापदंड

''नारी शक्ति पुरस्कार'' के लिए वे सभी व्यक्ति और संस्थान आवेदन कर सकते है, जिन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में काम किया है। व्यक्तिगत श्रेणी में आवेदक की उम्र 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक अगर संस्थान है तो उन्हें इस क्षेत्र में 5 वर्ष का कार्य अनुभव अनिवार्य होगा। इस श्रंखला में एक राज्य अथवा केन्द्र शासित राज्य को भी पुरस्कृत किया जायेगा, जहाँ बाल लिंगानुपात में सराहनीय रूप से सुधार हुआ है।

क्रमांक/459/जनवरी-459/मनोज

 

गुरु-शिष्य परम्परा के अंतर्गत छात्रवृत्ति के लिये आवेदन आमंत्रित 

जबलपुर, 29 जनवरी, 2021

मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद के अंतर्गत संचालित उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी की ओर से गुरु-शिष्य परम्परा के तहत ध्रुपद गायन का प्रशिक्षण ध्रुपद केन्द्र में दिया जायेगा। ध्रुपद केन्द्र में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिये आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 28 फरवरी, 2021 की गई है। पूर्व में आवेदन जमा करने की तिथि 31 जनवरी 2021 थी। प्रशिक्षण की अवधि चार वर्ष रहेगी।

चयनित प्रतिभागी को प्रतिमाह 3 हजार रुपये बतौर छात्रवृत्ति प्रशिक्षण अवधि में दी जायेगी। आवेदक की उम्र 16 से 25 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिये। उल्लेखनीय है कि भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परम्परा प्रतिष्ठित है। इसी परम्परा के निर्वहन के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण दिया जायेगा। अधिक जानकारी के लिये अकादमी की वेबसाइट  www.kalaacademymp.com/ या  www.facebook.com/kalamitrabpl  एवं अन्य माध्यम से डाउनलोड की जा सकती है। आवेदन-पत्र की फोटो प्रतियाँ (ए-4 साइज) भी स्वीकार की जायेगी।

क्रमांक/460/जनवरी-460/मनोज

 

उच्च न्यायालय परिसर में वीडियों कांफ्रेसिंग

के माध्यम से स्थायी एवं निरंतर लोक अदालत का आयोजन आज

जबलपुर, 29 जनवरी, 2021

उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति मोहम्मद रफीक के संरक्षण में तथा न्यायमूर्ति अतुल श्रीधरन के मार्गदर्शन में शनिवार 30 जनवरी को प्रात: 11 बजे से उच्च न्यायालय परिसर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा स्थायी एवं निरंतर लोक अदालत का आयोजन किया गया है।

इस लोक अदालत में प्रमुख रूप से मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति, चैक बाउंस एवं कानूनन राजीनामा योग्य प्रकरण निराकरण हेतु रखे जायेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रकरण से संबंधित अधिवक्ता पूर्व की भांति वीडियो कांफ्रेंसिंग से खंडपीठ से संपर्क करेंगे। अधिवक्ता रजिस्ट्रार एवं सचिव उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के कार्यालय में दूरभाष क्र. 0761-2623225 अथवा -मेल mphclsc@gmail.com पर संपर्क कर सकते है।

क्रमांक/461/जनवरी-461/मनोज

 

विश्व वेट लैण्ड दिवस :

2 फरवरी को होगा जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन

जबलपुर, 29 जनवरी, 2021

वेट लैण्ड, तालाबों के महत्व को दृष्टिगत रखते हुए प्रति वर्ष 2 फरवरी को विश्व वेट लैण्ड दिवस मनाया जाता है। अपर कलेक्टर ने जिले में 2 फरवरी को विश्व वेट लैण्ड दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, आयुक्त नगर निगम, जिला शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अधारताल और तहसीलदार अधारताल को पत्र जारी कर जिले के माढ़ोताल एवं हनुमानताल तालाबों पर केन्द्रित सांस्कृतिक, पर्यावरणीय, पारंपरिक महत्व पर आधारित विषयों पर संगोष्ठी, परिचर्चा, प्रदर्शनी, चित्रकला प्रतियोगिता, क्विज का आयोजन व कार्यक्रमों में स्कूल, कॉलेज, आम नागरिकों की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित करने कहा गया है।

क्रमांक/462/जनवरी-462/मनोज