NEWS -24-01-2021-A

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते का आगमन आज

जबलपुर, 24 जनवरी 2021

      केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का सोमवार 25 जनवरी की शाम 4.55 बजे मनेरी से कार द्वारा जबलपुर आगमन होगा। श्री कुलस्ते यहां कुछ देर रूकने के बाद शाम 6.40 बजे विमान से नई दिल्ली प्रस्थान करेंगे।

क्रमांक/360/जनवरी-360/जैन

 

बेटियों की सुरक्षा, जागरूकता, पोषण, ज्ञान और स्वास्थ्य का अनूठा अभियान है पंख

प्रदेश में बेटियों के विकास की राह में नहीं आने दी जाएगी कोई बाधा
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया 'पंख' अभियान का शुभारंभ 

जबलपुर, 24 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बेटियों की सुरक्षा (प्रोटेक्शन), जागरूकता (अवेयरनेस), पोषण (न्यूट्रीशन), ज्ञान (नॉलेज) तथा स्वास्थ्य (हेल्थ) का अनूठा अभियान है 'पंख' (PANKH)। मध्यप्रदेश में बेटियों और महिलाओं के विकास की राह की सभी बाधाओं को दूर किया जाएगा। बेटियां आकाश से आगे जाकर अंतरिक्ष तक उड़ान भरें, इसके लिए पूरी ताकत से 'पंख' अभियान का संचालन मिशन मोड पर किया जाएगा। बेटियों के साथ अपराध करने वाले तत्वों को सरकार 'क्रश' कर देगी। ऐसे अपराधियों की सम्पत्ति नष्ट कर दी जाएगी। सजा भी ऐसी देंगे कि जमाना याद करेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज राष्ट्रीय बालिका दिवस पर मिंटो हाल में 'पंख' अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिशु के कोख में आने से लेकर मृत्यु के बाद तक परिवार की सहायता के लिए मध्यप्रदेश में अनेक योजनाएं चल रही हैं। सभी योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान लाना है। यह हम सभी का दायित्व भी है। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा बेटियों के पूजन से हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विदिशा की एक महिला द्वारा अपने पति के अन्याय के विरूद्ध खड़े होकर उसे कारावास भिजवाने का साहस किए जाने पर बधाई भी दी। इस प्रकरण में पिता द्वारा बेटी के साथ दुराचार किया गया था। पति को सजा के साथ ही महिला को आर्थिक सहायता भी दिलवाई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा साहस अन्य महिलाओं को भी दिखाना चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि सार्वजनिक जीवन में कार्य के प्रारंभ के साथ ही उन्होंने बालिका और महिला कल्याण को प्राथमिकता दी है। वर्ष 1990 में विधायक बनने के बाद और वर्ष 1991 से सांसद के रूप में मित्रों के सहयोग से अभावग्रस्त कन्याओं के विवाह के लिए सहायता देने का कार्य शुरू किया था। वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, गांव की बेटी योजना के क्रियान्वयन पर फोकस किया। आज सुखद अनुभव हो रहा है जब इतनी बड़ी संख्या में लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ कन्याओं को मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक लाभ दिलवाने का कार्य भी काफी सफल रहा है। पुलिस बल में बेटियों की भर्ती के लिए प्रावधान कर उन्हें सशक्त बनाने की ठोस पहल की गई है। बेटियां लंबी उड़ान उड़ें, इसके लिए हम सभी को जुटना होगा।

क्या है 'पंख' अभियान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित हैं। इन्हें गति प्रदान की जाएगी। आज से प्रारंभ पंख अभियान अनूठा है जो बालिकाओं के संरक्षण, जागरण, पोषण, ज्ञान, स्वास्थ्य, स्वच्छता का प्रतीक है। पी से प्रोटेक्शन, ए से अवेयरनेस, एन से न्यूट्रीशन, के से नॉलेज एवं एच से हेल्थ व हाइजीन के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पंख अभियान के लिए हिन्दी में अभिप्राय: पावक (अग्नि), अंतरिक्ष, नीर (पानी), क्षितिज और हवा से है। यह अभियान बालिकाओं और महिलाओं की निराशा को दूर करेगा। भारत सरकार की 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना किशोरियों को चहुंमुखी विकास में मदद करती है। मध्यप्रदेश में इसे नया स्वरूप दिया गया है। पंख अभियान भी इस योजना का ही हिस्सा है, जिसके अंतर्गत अगले दो महीनों की गतिविधियों का कैलेण्डर तैयार किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर विभिन्न विभागों के सहयोग से किशोरियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाएगा। किशोरियों का डाटाबेस तैयार किया जाएगा। इससे उनके विकास में सहयोग मिलेगा। जनप्रतिनिधि और अशासकीय संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। बालिका जन्म को प्रोत्साहन, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, दहेज प्रतिषेध अधिनियम के प्रचार-प्रसार, किशोरियों और उनके अभिभावकों को कुप्रथाओं की समाप्ति के लिए जागरूक करना, किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना, उनके पोषण के स्तर को सुधारना, पंचायत स्तर पर वोकेशनल ट्रेनिंग देना और उनकी नेतृत्व क्षमता विकसित करना अभियान के अंग हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण योजना, मातृ वंदना योजना, उदिता योजना, वन स्टॉप सेंटर का संचालन, लाडो अभियान का संचालन सभी का उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं की ताकत बढ़ाना है।

बेटियों को शस्त्र लायसेंस भी देना चाहिए

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बेटियां दया, प्रेम, स्नेह, करुणा, ज्ञान, शौर्य हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्त्री पुरूष में समानता हो, यह बहुत आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि बेटियों को अपनी अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए जूडो-कराटे के प्रशिक्षण के साथ ही कटार या अन्य शस्त्र भी देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को पढ़ाई और विवाह में मदद प्रदान की जाएगी।

विवाह की आयु बढ़ाने पर हो बहस

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुद्दे पर सार्वजनिक बहस छिड़ना चाहिए कि कन्या विवाह की आयु न्यूनतम 18 के स्थान पर 21 की जाए। समझ और ज्ञान का स्तर बढ़ने से वे अन्याय का प्रतिरोध करने में सक्षम होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी न्याय प्रणाली में भी ऐसे सुधार की जरूरत महसूस होती है, जो ऐसे लोगों को मानव अधिकार के नाम पर न बख्शें, जो मनुष्य न होकर बेटी से गलत व्यवहार या अनाचार करने वाले राक्षस हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इस पक्ष में हूँ कि ऐसे व्यक्तियों का वध हो, उन्हें फांसी मिले। किसी भी स्थिति में न बचाया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आव्हान किया कि बेटियां न घबरायें, अन्याय के विरूद्ध खड़ी हों।

रूकना चाहिए अश्लील सामग्री का प्रसार

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ओ.टी.टी प्लेटफार्म पर परोसी जा रही सामग्री अश्लील है, जिसका दुष्प्रभाव देखने को मिल रहा है। वैधानिक प्रावधानों द्वारा इस प्रसार को रोकने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका संकल्प है कि महिलाओं के विरूद्ध आपराधिक कृत्य करने वाले दुष्ट लोगों को नहीं छोड़ा जाएगा। ड्रग्स माफिया को भी नहीं बख्शना है, जो युवाओं को नशे की लत लगाते हैं। नशे से जिंदगी तबाह हो जाती है। अपराधी, बालक-बालिकाओं को नशे की आदत डालकर उनसे अनुचित कार्य करवाते हैं। बहुत सी घटनाएं अंतर्मन को झकझोर देती हैं। दस-बारह बरस के बच्चे अश्लील वीडियो देख आपराधिक कृत्य को अंजाम देते हैं। ऐसे मामलों को सरकार और समाज मिलकर रोकें।

लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू करने में आई थीं कठिनाईयां, आज अच्छे नतीजे देख सभी प्रसन्न हैं

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए गांव की बेटी योजना, प्रतिभा किरण, कन्या विवाह योजना, शौर्या दल गठन, महिला स्व-सहायता समूह महत्वपूर्ण माध्यम हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना की वर्ष 2007 में शुरूआत हुई थी। आज प्रदेश में लाभान्वित हितग्राही संख्या 37 लाख हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राज्य में यह योजना प्रारंभ की जा रही थी तब विभिन्न स्तरों पर इसका विरोध हुआ था। धनराशि की कमी की बात भी बताई गई थी। हमने अन्य कार्यों की राशि में कुछ अवधि के लिए कटौती कर लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू की। आज योजना के सुखद परिणाम हमारे सामने हैं। योजना के प्रारंभिक काल में जिन बच्चियों को मैंने गोदी में उठाकर उन्हें हितग्राही के रूप में चयनित किया था, वे आज उच्चतर माध्यमिक शिक्षा तक पहुंच गई हैं। इनमें अनेक बच्चियां अपने कॅरियर की दिशा तय करने के लिए भी मानसिक रूप से तैयार हो गई हैं। वास्तव में यह सुखद क्षण है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला एवं बाल विकास विभाग को संचालित गतिविधियों के लिए बधाई देते हुए पंख अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा और गृह विभाग की भागीदारी की भी अपेक्षा की।

आंगनवाड़ी भवनों का ई-लोकार्पण किया

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के 44 जिलों में नवनिर्मित 501 आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण किया। अन्य जिलों में भी इस प्रकार के नवनिर्मित केन्द्रों की शुरूआत करने का प्रस्ताव है। आज लोकार्पित आंगनवाड़ी केन्द्र के भवन मनरेगा, राज्य आयोजना, डी.एम.डी.एफ मदों से प्रति केन्द्र 7.80 लाख की लागत से कुल 39 करोड़ से अधिक लागत से निर्मित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने 12 वन स्टॉप सखी सेंटर का उद्घाटन कर सेंटर्स के प्रभारियों से बातचीत की। ये सेंटर्स हिंसा पीड़ित महिलाओं को आश्रय, कानूनी, सामाजिक परामर्श, चिकित्सा सहायता और पुलिस सहायता उपलब्ध करवाएंगे। ये वन स्टॉप सेंटर 12 जिलों अलीराजपुर, बालाघाट, धार, डिण्डोरी, गुना, झाबुआ, रीवा, शहडोल, श्योपुर, सीधी, उमरिया एवं सीहोर में निर्मित हुए हैं।

बालिकाओं और महिलाओं को राशि अंतरित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत छठवीं, नौवीं एवं ग्यारहवीं की 26 हजार 99 बालिकाओं को 6 करोड़ 47 लाख रूपए की छात्रवृत्ति राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित की। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में 45 हजार 391 महिलाओं को 8 करोड़ 98 लाख की राशि अंतरित की। योजना में गर्भवती महिलाओं को प्रथम प्रसव पर राशि प्रदान की जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं में धनराशि की कमी नहीं होने दी जाएगी।

हितग्राहियों से संवाद

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ लेने वाली उज्जैन की सुश्री विधि शुक्ला और सतना की सुश्री आकांक्षा से संवाद किया। सुश्री विधि और सुश्री आकांक्षा कक्षा 11वीं में अध्ययन कर रही हैं। दोनों बालिकाओं ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का आभार मानते हुए कहा कि उन्हें इस योजना से बहुत मदद मिली है। विधि इंडियन आर्मी में जाने की इच्छुक है जबकि आकांक्षा डॉक्टर बनना चाहती हैं। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा द्वारा सतना जिले के रैगांव में महाविद्यालय खोलने के सुझाव पर कार्यवाही करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने सभी बालिकाओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शौर्या दल से जुड़ी महिलाओं से भी बात की जिनमें बालाघाट की सुश्री ऋतिका कावड़े, सुश्री सुदीक्षा वासनिक, हरदा की सुश्री सलौनी राठौर और विदिशा की सुश्री कृतिका शामिल हैं।

बालिकाओं को मुख्यमंत्री ने दिया सम्मान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बालिकाओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। इन बालिकाओं के पूजन के लिए कार्यकम में आमंत्रित किया गया था। मुख्यमंत्री ने बालिकाओं के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया। उन्होंने बालिका सशक्तीकरण पर आधारित पंख पत्रिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में लाड़ली लक्ष्मी योजना पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गई जिसमें बताया गया कि जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं ने भागीदारी की है। नाटिका की प्रस्तुति की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की और जवाहर बाल भवन से जुड़ी इन प्रतिभागी बालिकाओं को मंच पर बुलवा कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जवाहर बाल भवन की बालिकाओं ने मध्यप्रदेश गान भी प्रस्तुत किया। सुश्री शीला दाहिमा द्वारा लिखे और गाए गीत 'जीने दो' की प्रस्तुति भी हुई। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत तुलसी के पौधों से किया गया। प्रमुख सचिव, महिला और बाल विकास श्री अशोक शाह ने पंख अभियान सहित विभाग की आंगनवाड़ी एवं अन्य योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त संचालक श्रीमती प्रज्ञा अवस्थी ने किया। आभार संचालक महिला एवं विकास श्रीमती स्वाति मीना नायक ने माना। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव शिक्षा श्रीमती रश्मि अरुण शमी, अन्य विभागीय अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे। हरदा से कृषि मंत्री श्री कमल पटेल, बालाघाट से आयुष राज्यमंत्री श्री रामकिशोर कांवरे, पूर्व मंत्री श्री गौरीशंकर बिसेन और श्रीमती रेखा बिसेन, सतना से विधायक श्री जुगल किशोर बागड़ी कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस कार्यक्रम में वेबलिंक/आकाशवाणी, दूरदर्शन के माध्यम से सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों, परियोजना कार्यालय, जिला कार्यालय, वन स्टाप सेन्टर, स्वाधार गृह, वसति गृह, कन्या छात्रावास, एकीकृत बाल संरक्षण योजना संबंधी शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं के लगभग 25 लाख से ज्यादा प्रतिभागी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का प्रसारण https://webcast.gov.in/mp/cmevents/ लिंक से किया गया।

क्रमांक/361/जनवरी-361/मनोज

 राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पंख अभियान की शुरुआत

जबलपुर, 24 जनवरी, 2021

राष्ट्रीय बालिका दिवस अवसर पर कलेक्टर सभाकक्ष में आज जिला स्तर पर पंख अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर विधायक श्री अशोक रोहाणी, कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा, जिला कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास अधिकारी एम. एल. मेहरा सहित जिलेभर से उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाएं व उनके अभिभावक उपस्थित थे।

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर प्रदेश स्तरीय पंख अभियान की शुरुआत  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान की। जिसका लाइव टेलीकास्ट बालिका व उनके अभिभावकों तथा उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने देखा व सुना।

पंख अभियान जो कि बालिका सुरक्षा, जागरूकता, सुपोषण,जानकारी व स्वच्छता का संयुक्त है, नाम की शुरुआत में विधायक श्री अशोक रोहाणी ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा व सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार संवेदनशील है। इसी उद्देश्य से राज्य शासन ने लाडली लक्ष्मी योजना के साथ अन्य कई योजनाएं संचालित की और अब पंख अभियान के तहत बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा जागरूकता की दिशा में प्रभावी काम किया जायेगा।

कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने पंख अभियान के शुभारंभ पर विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा व सम्मान के लिए चलाये जा रहे पंख अभियान का मूल भाव समानता व स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जायेगा।

क्रमांक/362/जनवरी-362/जैन

राष्ट्रीय मतदाता दिवस आज

नये मतदाताओं को दिये जायेंगे परिचय पत्र

जबलपुर, 24 जनवरी, 2021

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को सुबह 11 बजे से पंडित लज्जाशंकर झा उच्चतर माध्यमिक मॉडल स्कूल में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में नये मतदाताओं को फोटो मतदाता परिचय पत्र का वितरण किया जायेगा तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर निर्वाचन आयोग के संदेश का वाचन किया जायेगा। इस अवसर पर मतदाताओं को शपथ भी दिलाई जायेगी।

क्रमांक/363/जनवरी-363/जैन

 सेफ सिटी अभियान के तहत महिला सुरक्षा पर

समाज के सभी वर्गों से कलेक्टर करेंगे सीधे संवाद

पहले दिन आज छात्राओं और उनके अभिभावकों से लिये सुझाव

जबलपुर, 24 जनवरी, 2021

महिला सम्मान और सुरक्षा के उद्देश्य को लेकर कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने आज रविवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस से जबलपुर में एक नई पहल शुरू की है ।  इस अभिनव पहल के तहत श्री शर्मा समाज के विभिन्न वर्गों एवं आयु समूह के लोगों से सीधे संवाद करेंगे तथा महिला एवं बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिये उनसे सुझाव प्राप्त करेंगे । सेफ  सिटी अभियान के तहत संवाद की शुरुआत कलेक्टर श्री शर्मा ने आज राष्ट्रीय बालिका दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने कलेक्ट्रेट पहुँची छात्राओं और उनके अभिभावकों से चर्चा तथा सुझाव प्राप्त कर की।

संवाद के इस कार्यक्रम में छात्रा कुमुद त्रिपाठी ने आधारताल क्षेत्र में मुख्य सड़क मार्ग पर खड़े रहने वाले ऑटो रिक्शा से आवागमन में होने वाली असुविधा का उल्लेख किया। इसी तरह एक छात्रा ने महिला सुरक्षा के विषय को लेकर स्कूलों में अलग से एक पीरियड शुरू करने का सुझाव दिया ताकि शुरूआत से ही बच्चों को महिला सम्मान और सम्मान के प्रति जागरूकता पैदा की जा सके। एक अन्य छात्रा ने आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य को लेकर कलेक्टर द्वारा शुरू किये गये केयर बाय कलेक्टर व्हाट्सअप नंबर को अच्छी पहल बताया। इस छात्रा ने कहा कि केयर बाय कलेक्टर व्हाट्सअप नंबर सभी छात्राओं के पास होना चाहिए।

कलेक्टर ने संवाद के इस कार्यक्रम में छात्राओं और उनके अभिभावकों से प्राप्त सुझावों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सेफ सिटी अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने समाज के सभी वर्गों से संवाद का यह कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा। वे खुद सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, शिक्षकों, बुजुर्गों, युवाओं एवं प्रतिनिधिजनों से रू-ब-रू होकर सुझाव प्राप्त करेंगे।

श्री शर्मा ने कहा कि संवाद के इस कार्यक्रम से ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने में भी मदद मिलेगी जहां बच्चियों अथवा महिलाओं को ज्यादा खतरा महसूस होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाने के प्रयास किये जायेंगे। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में महिला सम्मान के प्रति जागरूकता पैदा करने के कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। श्री शर्मा ने समाज के सभी वर्गों से संवाद के कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है।

संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा के लिहाज से छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने जबलपुर की स्थिति को काफी बेहतर बताया। छात्राओं ने कहा कि संस्कारधानी के नागरिक महिलाओं के सम्मान को लेकर जागरूक हैं। जरूरत इस वातावरण को और अच्छा बनाने तथा इसमें सभी को सहभागी बनाने में है।

संवाद के कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं एवं उनके अभिभावकों ने कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में की गई इस अनूठी पहल की सराहना की। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी एमएस मेहरा भी मौजूद थे।

 

आबकारी विभाग की कार्यवाही:

15 लीटर कच्ची शराब और छह सौ किग्रा महुआ लाहन बरामद

जबलपुर, 24 जनवरी, 2021

शराब के अवैध निर्माण तथा शराब के अवैध संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर सख्ती से रोक लगाने के कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग के अमले ने आज रविवार की सुबह तकरीबन आठ बजे ग्राम लोहकरी एवं पड़रिया मे दबिश देकर एक चढ़ी भट्टी, 15 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब एवं प्लस्टिक के 40 डिब्बों में भरा लगभग 600 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया है।

आबकारी कन्ट्रोल रूम के प्रभारी जी एल मरावी के अनुसार सहायक आबकारी आयुक्त एस एन दुबे के मार्गदर्शन में की गई छापे की इस कार्यवाही में भट्टी लगाने वाली महिला सुशीला भवेदी तथा दो अन्य महिला शारदा बाई एवं दसिया बाई के विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1) क एवं 34 च के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है । कार्यवाही के दौरान आबकारी , मुख्य आरक्षक नरेंद्र सिह उइके,, आरक्षक राकेश सिंह जादौन, अनुराग शर्मा एवं दीपचंद राय उपस्थित रहे।

क्रमांक/364/जनवरी-364/जैन

परेड की अंतिम रिहर्सल संपन्न

जबलपुर, 24 जनवरी, 2021

पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में गणतंत्र दिवस पर प्रस्तुत की जाने वाली परेड की आज अंतिम रिहर्सल की गई । जिले का मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को राईट टॉउन स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में आयोजित किया जायेगा ।

क्रमांक/365/जनवरी-365/जैन