NEWS -25-01-2021-B

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

मुख्यमंत्री श्री चौहान जनजातीय और लोक कलाओं के 36वें राष्ट्रीय समारोह "लोकरंग" का शुभारंभ करेंगे

30 जनवरी तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम 

जबलपुर, 25 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनजातीय और लोक कलाओं के छत्तीसवें राष्ट्रीय समारोह 'लोकरंग' का शाम 7 बजे शुभारंभ करेंगे। समारोह की अध्यक्षता संस्कृति, आध्यात्म एवं पर्यटन मंत्री सुश्री उषा ठाकुर करेंगी।

पाँच दिवसीय बहु-कलावर्णी उत्सव लोकरंग समारोह भोपाल के रवीन्द्र भवन परिसर में 26 से 30 जनवरी तक संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित होगा। इसमें स्वराज संस्थान संचालनालय भोपाल, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र नागपुर, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज और आदिवासी लोककला एवं बोली विकास अकादमी मध्यप्रदेश संस्कृति परिषद सहयोगी संस्थायें हैं।

लोकरंग उत्सव में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह परेड में चयनित प्रतिभागियों और झांकियों के राज्य स्तरीय पुरास्कार प्रदान किये जाएगें। बुन्देली संस्कृति एवं कला आधारित समवेत प्रस्तुती होगी। बुधवार 27 जनवरी को लोकराग अंतर्गत पश्चिम बंगाल का बाउल गायन और मध्यप्रदेश का बुन्देली गायन होगा। भीली कलाओं आधारित समवेत नृत्य की प्रस्तुती होगी। मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, उत्तरांचल, राजस्थान, और कर्नाटक राज्यों के जनजातीय तथा लोकनृत्य होगें।

गुरूवार 28 जनवरी को लोकराग अंतर्गत बिहार का भोजपुरी गायन और मध्यप्रदेश का मालवी गायन होगा। धरोहर अंतर्गत मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उड़ीसा, उत्तरप्रदेश, उत्तरांचल, राजस्थान एवं कर्नाटक राज्यों के जनजातीय और लोकनृत्य प्रस्तुत किये जायेगे। देशान्तर अंतर्गत ईरान के नृत्य की प्रस्तुती होगी। बुधवार 29 जनवरी को लोकराग अन्तर्गत कश्मीर प्रान्त का कश्मीरी गायन और मध्यप्रदेश का निमाड़ी गायन होगा। धरोहर अंतर्गत मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, उत्तरांचल, राजस्थान, और कर्नाटक राज्यों के जनजातीय और लोकनृत्य प्रस्तुत किये जायेगे।

शनिवार 30 जनवरी को सायं 7 बजे से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर ख्यात सूफी गायिका रूहानी सिस्टर्स का गायन 'पीर पराई जाने रे' होगा। लोकरंग में 27 से 29 जनवरी तक दोपहर 2 बजे से बच्चों की फिल्म 'उल्लास' प्रदर्शित की जाएगी। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से आयोजित शिल्पमेला में विविध माध्यमों के शिल्पों का प्रदर्शन और विक्रय किया जाएगा। भील एवं गोण्ड जनजातीय वरिष्ठ चित्रकार स्वर्गीय पेमा फत्या एवं स्व. कलाबाई श्याम के चित्रों की प्रदर्शनी लगेगी। पारम्परिक शिल्पों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा। देशज व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा। संस्कृति, कला और साहित्य आधारित पुस्तकें उपलब्ध रहेगी।

क्रमांक/397/जनवरी-397/मनोज 


कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक

आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में गति लाने के दिये निर्देश

जबलपुर, 25 जनवरी, 2021

कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने आज शाम जिले में पदस्थ विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। श्री शर्मा ने आयुष्मान कार्ड बनाने की दिशा में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा भी बैठक में की और शेष रह गये पात्र व्यक्तियों के कार्ड बनाने के लिए शिविरों का आयोजन करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर ने बैठक में स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्र में हर हाल में गति लानी होगी। उन्होंने इसके लिए सभी कामन सर्विस सेंटरों से लगातार संपर्क में रहने तथा क्षेत्र के एसडीएम एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से समन्वय बनाये रखने के निर्देश विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर ने बैठक में कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने की दिशा में की जा रही कार्यवाही की नियमित समीक्षा भी करेंगे और यदि अपेक्षित गति नहीं आई तो संबंधित बीएमओ की वेतन वृद्धि रोकने की कार्यवाही की जायेगी है। श्री शर्मा ने जननी सुरक्षा योजना के तहत हितग्राहियों को समय पर सहायता राशि का वितरण सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में आयुष्मान कार्ड बनाने की पात्रता के बारे में भी व्यापक  प्रचार-प्रसार करने तथा ज्यादा से ज्यादा कार्ड बनाने के लिए ग्राम पंचायतों के बीच स्वास्थ्य प्रतिस्पर्धा पैदा करने की जरूरत भी बताई।

कलेक्टर ने विकासखंड स्वास्थ्य अधिकारियों को सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं कार्य संस्कृति में सुधार लाने के प्रयास करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा  स्वास्थ्य अधिकारियों को स्व-प्रेरणा से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को कायाकल्प योजना में शामिल करने के प्रयास करने चाहिए।

क्रमांक/398/जनवरी-398/जैन

 

कलेक्टर श्री शर्मा ने नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं

जबलपुर, 25 जनवरी, 2021

कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने जिले के नागरिकों को 72वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के सुखद भविष्य की कामना की है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि ये पर्व लोकतंत्र का पर्व है और जनता के शासन को रिप्रजेन्ट करता है। गणतंत्र का उद्देश्य ही एकता-अखंडता, समावेशी विकास और लोक कल्याण है। कलेक्टर ने सभी से गणतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के तहत पूरे हर्षोल्लास से गणतंत्र पर्व मनाने का आग्रह किया है।

क्रमांक/399/जनवरी-399/मनोज