NEWS -26-01-2021-A

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

 

एजी ऑफिस में महाधिवक्ता ने फहराया राष्ट्रीयध्वज

जबलपुर, 26 जनवरी, 2021

      देश का 72वां गणतंत्र दिवस महाधिवक्ता कार्यालय में गरिमा और उत्साह से मनाया गया। यहां आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में महाधिवक्ता श्री पुरूषेन्द्र कौरव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और हाईकोर्ड सुरक्षा गार्ड की टुकड़ी की सलामी ली। इस अवसर पर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। समारोह में उप महाधिवक्ता श्री विवेक शर्मा, स्वप्निल गांगुली एवं श्री .पी. सिंह एवं विधि सचिव राजीव गौंड़ा, सभी शासकीय अधिवक्ता तथा महाधिवक्ता कार्यालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।

क्रमांक/400/जनवरी-400/जैन

 

कलेक्ट्रेट में कलेक्टर ने ध्वज फहराया

जबलपुर, 26 जनवरी, 2021

गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने फहराया ध्वज किया इस अवसर पर अपर कलेक्टर संदीप जीआर, हर्ष दीक्षित, राजेश बाथम एवं व्ही पी द्विवेदी तथा कलेक्टर कार्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे

क्रमांक/401/जनवरी-401/जैन

 

जिले भर में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस

मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह  ने फहराया तिरंगा

जबलपुर, 26 जनवरी, 2021

राष्ट्र का 72वाँ गणतंत्र दिवस जिले भर में हर्षोल्लास से धूमधाम से मनाया गया। गणतंत्र दिवस का जिले का मुख्य समारोह यहां राईट टाउन स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल क्रीडांगन में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

            मंत्री श्री सिंह ने खुली सफेद जिप्सी में कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के साथ परेड़ का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया। इस मौके पर सशस्त्र बलों ने हर्षफायर किये तथा छठवीं बटालियन के बैंड द्वारा राष्ट्र धुन बजाई गई। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने हर्ष और उत्साह के प्रतीक तिरंगे के तीन रंगों के गुब्बारे मुक्त आकाश में छोड़े।

            समारोह में सशस्त्र बलों की प्लाटूनों द्वारा शानदार मार्चपास्ट किया गया। मार्चपास्ट में एस.टी.एफ फोर्स, एस.ए.एफ. की छठवीं वाहिनीजिला पुलिस बल पुरूषहोमगार्डजिला पुलिस बल महिला सशस्त्र प्लाटून शामिल थीं। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी ने किया। सेकेन्ड इन कमांडर सूबेदार पुलिस लाइन ललित धुर्वे थे। मुख्य अतिथि मंत्री श्री सिंह ने परेड की सलामी ली तथा मार्चपास्ट के बाद प्लाटून कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर कला पथक दल द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया।

      मुख्य समारोह में विधायक श्री अशोक रोहाणी, जिला पंचायत की प्रशासकीय समिति की अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा पटेल, संभागायुक्त बी. चन्द्रशेखर, आई.जी. पुलिस भगवत सिंह चौहान, कलेक्टर कर्मवीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे। कार्यक्रम संचालन गिरीश मेराल और संदीपा स्थापक पचौरी ने किया।

गणतंत्र दिवस की 71वीं वर्षगांठ पर आयोजित जिले के मुख्य समारोह में राज्य शासन के दस विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित आकर्षक झांकियां निकाली गईं। इसमें किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा आत्मनिर्भर भारत के तहत कोरोना संकट के दौरान किसानों की भूमिका- "आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का आत्म निर्भर किसान" थीम पर प्रस्तुत झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। झांकियों में दूसरा स्थान पुलिस द्वारा प्रस्तुत महिला अपराध पर नियंत्रण एवं महिला सम्मान पर केन्द्रित झांकी को तथा संयुक्त रूप से तीसरा पुरस्कार स्वास्थ्य विभाग की कोरोना वायरस पर नियंत्रण तथा वन विभाग की हितग्राही मूलक योजनाओं एवं लघु वनोउपज के संग्रहण विषय पर प्रदर्शित झांकी को दिया गया। इसके अलावा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, केन्द्रीय जेल, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगर निगम एवं जिला पंचायत द्वारा श्री आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गई।

समारोह में प्रस्तुत मार्च पास्ट के लिए जिला महिला प्लाटून क्रमांक दो को प्रथम, छठवीं बटालियन एसएएफ की प्लाटून को द्वितीय तथा एसटीएफ फोर्स जबलपुर एवं जिला महिला पुलिस बल की प्लाटून क्रमांक एवं एक को रूप से तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा शासकीय कार्यों में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पुलिस जवानों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किये गये।

गणतंत्र दिवस पर पं. रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में आयोजित किये गये जिले के मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा ख्यातिलब्ध उद्घोषक श्री प्रदीप दुबे को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने श्री दुबे की पत्नी श्रीमती मीरा दुबे को यह सम्मान पत्र प्रदान किया। इसके साथ ही मुख्य समारोह में डॉ. क्षितिज भटनागर एवं मेडिकल कॉलेज की स्टॉफ नर्स श्रीमती सीमा विनीत को भी मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान पत्र उनके परिवार जनों को सौंपे गये।

संभागायुक्त कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय में ध्वजारोहण:

      गणतंत्र दिवस के अवसर पर संभागायुक्त बी. चंद्रशेखर ने संभागायुक्त कार्यालय में और कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण किया।

      जिले में स्थित राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों एवं स्थलों, शासकीय भवनों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया।

      जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह के साथ-साथ अनुविभागों, तहसील, विकासखण्ड, नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायत स्तर तक गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।

क्रमांक/402/जनवरी-402/जैन