NEWS -08-01-2021-B

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

नशा मुक्ति शिविर आयोजित

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

            कलेक्टर कर्मवीर शर्मा के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस समिति द्वारा सम्प्रेक्षण गृह जबलपुर मे नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया।

      मनावैज्ञानिक एवं परामर्शदाता तेज सिंह द्वारा अंतवासी किशोरों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार पूर्वक समझाया गया एवं विभिन्न प्रकार के व्यसनों के बारे में बताया गया। साथ ही दिनचर्या में योग को शामिल करने हेतु संकल्प दिया गया।

      कार्यक्रम में संस्था अधीक्षक साधना तिवारी, सुनील गर्ग सदस्य रेडक्रॉस सोसायटी, हमीद खान, अनुज शर्मा आदि उपस्थित रहे।

क्रमांक/112/जनवरी-112/मनोज

विधायक श्री विश्नोई ने वितरित किया उपभोक्ताओं को खाद्यान्न

मझौली के ग्राम पोला में अन्न उत्सव का आयोजन

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

राज्य शासन के निर्देशानुसार विधायक श्री अजय विश्नाई के मुख्य आतिथ्य में आज मझौली जनपद के गाम पोला में अन्न उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री विश्नोई द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं को खाद्यान्न का वितरण किया गया। ज्ञात हो कि राज्य शासन ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उपभोक्ताओं को खाद्यान्न का वितरण करने प्रत्येक माह की 4 से 10 तारीख तक उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव का आयोजन करने के निर्देश दिये हैं। 

क्रमांक/113/जनवरी-113/जैन

 अन्न उत्सव के तहत सिविल लाइन में विधायक श्री रोहाणी

ने उपभोक्ताओं को वितरित किया खाद्यान्न

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

अन्न उत्सव के तहत आज केण्ट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिविल लाइन में मुख्य डाकघर के समीप स्थित उचित मूल्य दुकान से उपभोक्ताओं को खाद्यान्न का वितरण किया गया। अन्न उत्सव के इस कार्यकम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री अशोक रोहाणी थे। उन्होंने उपभोक्ताओं को पी ओ एस मशीन से राशन का वितरण किया। कार्यक्रम में पार्षद सुंदर अग्रवाल, एसडीएम रांझी दिव्या अवस्थी, खाद्य शाखा की प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर कलावती ब्यारे, श्री संजय वर्मा एवं आशीष राव आदि मौजूद थे।

क्रमांक/114/जनवरी-114/जैन

 रांझी में गैस रिफिलिंग के अड्डे पर छापा, आटोरिक्शा सहित 9 गैस सिलेंडर जब्त

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के जाँच दल द्वारा आज बापूनगर रांझी  में साहिल सोनकर द्वारा संचालित अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर की आकस्मिक जाँच की गई। जाँच के समय मौके पर साहिल सोनकर को आटोरिक्शा क्रं. एम पी 20 आर 4106 जिसका ड्राइवर सुनील चौधरी था, में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर से गैस ट्रांसफर कर भरते हुए पाया गया।

सहायक आपूर्ति नियंत्रक संजय खरे के अनुसार जाँच करने पर पाया गया कि रिफिलिंग सेंटर में 70 रूपये प्रति किलो की दर से घरेलू प्रवर्ग के सिलेंडरों से ऑटोरिक्शा आदि वाहनों में गैस ट्रांसफर कर भरी जाती है। गैस ट्रांसफर करने के लिए गैस सिलेंडर को अमानक किस्म के रेगुलेटर एवं रबर पाइप से संयोजित कर विद्युत मोटर का उपयोग किया जाता है। मौके पर मिले ऑटोरिक्शा, एचपी कम्पनी के 9 घरेलू रसोई गैस सिलेंडर, चार इलेक्ट्रानिक तौल काँटे,तीन विद्युत मोटर एवं तीन व्यवसायिक रेगुलेटर मय रबर पाईप जब्त किये गये।

जब्तशुदा ऑटोरिक्शा, पुलिस थाना रांझी की सुपुर्दगी में तथा सिलेंडर आदि अन्य वस्तुऍं ओम इंडेन गैस एजेंसी,रांझी की सुपुर्दगी में दी गईं।

ऑटोरिक्शा चालक उसके मालिक, अवैध रिफिलिंग सेंटर के संचालक एवं उसके विक्रेता द्वारा कारित उक्त अपराध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रवृत्त द्रवित पेट्रोलियम गैस प्रदाय एवं नियंत्रण आदेश 2000 का उल्लंघन पाये जाने पर अपराध से सम्बद्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर कलेक्टर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

जाँच की कार्रवाई में सहायक आपूर्ति नियंत्रक संजय खरे एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी संजीव अग्रवाल,सुचिता दुबे एवं भावना तिवारी शामिल रहे।

क्रमांक/115/जनवरी-115/जैन

 आहार अनुदान योजना में 22 करोड़ रुपये आवंटित 

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

आदिम-जाति कल्याण विभाग ने पी.व्ही.टी.जी. आहार अनुदान योजना में 22 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है।

प्रदेश में सहरिया, भारिया एवं बैगा परिवारों को कुपोषण की समस्या से मुक्त करने के लिये विशेष पोषण-आहार योजना संचालित की जा रही है। योजनांतर्गत प्रत्येक परिवार की महिला मुखिया के खाते में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि जमा की जा रही है।

प्रतिभा योजना की पुनरीक्षित स्वीकृति

आदिम-जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित आकांक्षा योजना के अंतर्गत जेईई, नीट और क्लेट की परीक्षा में चयन होने के बाद काउंसिलिंग एवं प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों को प्रतिभा योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि देय होगी। प्रोत्साहन राशि विद्यार्थियों के गृह जिले के जिलाधिकारियों द्वारा देय होगी। इस संबंध में विभाग ने आदेश जारी किये हैं।

क्रमांक/116/जनवरी-116/मनोज

 

वर्ष 2022 के खेलो इंडिया गेम्स भोपाल में कराने की सैद्धांतिक सहमति

मध्य प्रदेश के 2 खिलाड़ियों ने ओलंपिक कोटा जीता और 25 खिलाड़ी क्वालिफायर श्रेणी में
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा की 

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है कि वर्ष 2022 के खेलो इंडिया गेम्स भोपाल में कराने की केंद्र सरकार द्वारा सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी गई है, शीघ्र ही विधिवत स्वीकृति प्राप्त हो जाएगी। मध्य प्रदेश के 2 खिलाड़ियों चिंकी यादव एवं ऐश्वर्य प्रताप सिंह द्वारा शूटिंग में ओलंपिक कोटा जीतना भी गर्व का विषय है। इसी प्रकार प्रदेश के 25 खिलाड़ी ओलंपिक क्वालिफायर के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, डायरेक्टर जनरल श्री पवन जैन, प्रमुख सचिव श्री मनोज गोयल आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री कप एवं विधायक कप का आयोजन होगा

प्रदेश में नए एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री कप का आयोजन किया जाएगा। गत सरकार ने विधायक कप का आयोजन बंद कर दिया था, जिसे दोबारा शुरू किया जाएगा

योग 'खेलो इंडिया गेम्स 2021' में शामिल

भारत सरकार द्वारा योग को खेलो इंडिया गेम्स 2021 में खेल के रूप में शामिल किया गया है। प्रदेश में योग के विस्तार के लिए जिला स्तर पर विवेकानंद योग सेंटर्स की स्थापना की जाएगी। इसके बाद विकासखंड स्तर तक इनका विस्तार किया जाएगा।

भोपाल में पुरुषों की हॉकी तथा मार्शल आर्ट अकादमी

प्रदेश में हॉकी को आगे बढ़ाने के लिए पुरुष हॉकी अकादमी भोपाल में तथा महिला हॉकी अकादमी ग्वालियर में पुनः स्थापित की जाएंगी। टीटी नगर स्टेडियम में मार्शल आर्ट अकादमी बनाई जा रही है। भोपाल में शूटिंग रेंज का भी विस्तार किया जाएगा।

ग्वालियर में अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर तथा भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स साइंस सेंटर

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्वालियर में 50 एकड़ भूमि पर अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के निर्माण तथा भोपाल में विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स साइंस सेंटर के निर्माण की योजना है। स्पोर्टर्स साइंस सेंटर में खिलाड़ियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक तरीके अपनाए जाएंगे। रांझी जबलपुर में तीरंदाजी की विश्व स्तरीय अधोसंरचना बनाए जाने की भी योजना है। बीजलपुर इंदौर में मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा।

10 अंतर्राष्ट्रीय व 40 राष्ट्रीय पदक अर्जित किए

खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने बताया कि कोरोना काल में अगस्त माह से प्रदेश की खेल अकादमियों को प्रारंभ कर दिया गया था। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि गत 5 महीनों में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने 10 अंतर्राष्ट्रीय एवं 40 राष्ट्रीय पदक अर्जित किए हैं।

खिलाड़ियों की पुलिस में भर्ती

मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश पुलिस में भर्ती के संबंध में वर्ष 2019 में मंत्रिपरिषद द्वारा निर्णय लिया गया था। अधिसूचना के राजपत्र में प्रकाशन उपरांत भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।

9684 युवाओं को रोजगार

प्रदेश में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगार कार्यक्रमों के अंतर्गत 9684 युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है।

क्रमांक/117/जनवरी-117/मनोज

 जिला पंचायत सीईओ ने की विकास कार्यों की समीक्षा

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर संदीप जीआर द्वारा आज शुक्रवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित बैठक में जिले में संचालित ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनोज सिंह सहित सभी अधिकारी मौजूद थे।

क्रमांक/118/जनवरी-118/मनोज

 

आर्थिक सशक्तिकरण के लिये महिलाओं को देंगे नई जिम्मेदारियाँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने महिला स्व-सहायता समूहों के खाते में अंतरित किये 200 करोड़ 

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये राज्य सरकार ने अनेक कदम उठाये हैं। इनमें स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाना एक महत्वपूर्ण कदम है। इस दिशा में निरन्तर कार्य होगा ताकि बहनें स्वयं सशक्त होकर एक सशक्त समाज की रचना में सहयोगी बनें। प्रदेश की बहनों को गरीब नहीं रहने दिया जायेगा। स्व-सहायता समूहों के गठन, उनके प्रशिक्षण, उन्हें बैंक लिंकेज दिलवाने और मार्केटिग का लाभ दिलवाकर आर्थिक लाभ प्रदान करवाने के कार्य लगातार चलेंगे। पोषण आहार तैयार करने का कार्य अब ठेकेदार नहीं बल्कि महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाएं करेंगी। इन समूहों के उत्पाद पोर्टल के माध्यम से दूसरे देशों तक जा सकेंगे। गरीबी मिटाने का यह बहुत बड़ा माध्यम होगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश आजीविका मार्ट का शुभारंभ भी किया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज मिंटों हाल सभा कक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्व-सहायतासमूहों के खातों में 200 करोड़ रूपये की राशि अंतरित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में इन समूहों को बड़ी, अचार और पापड़ बनाने से आगे ले जाकर नवीन गतिविधियों जैसे किचिन शेड के निर्माण, बंजर भूमि समतलीकरण, वर्क शेड निर्माण, कुँआ निर्माण, मवेशी आश्रय भवन, भण्डारण भवन और पशुपालन से भी जोड़ा जायेगा। इन नयी जिम्मेदारियों से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी। कोई ऐसा कार्य नहीं जो हमारी बहनें नहीं कर सकतीं। कार्यक्रम में समूहों को मिली सफलता पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभाग के नवीन पोर्टल http://shgjivika.mp.gov.in/mpmart/index की भी शुरूआत की जिस के माध्यम से ग्रामों के उत्पाद के विक्रय का कार्य आसान होगा। इससे पंजीकृत समूह, शासकीय संस्थाओं और व्यक्तिगत उपभोक्ताओं को विक्रय कर अधिक लाभ अर्जित कर सकेंगे।

प्रदेश में 10 लाख परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में 35 लाख से अधिक ग्रामीण निर्धन परिवारों के 3 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। प्रदेश में कुल 2237 करोड़ रूपये की राशि वितरित की जा चुकी है।

देश में द्वितीय स्थान के लिये मिली बधाईयाँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्व-सहायता समूहों ने कोरोना संकट के समय प्रदेश में मास्क निर्माण जैसा महत्वपूर्ण कार्य किया। प्रदेश की आबादी को कोरोना वायरस से बचाने में समूहों की महिलाओं ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। इसके लिये महिला स्व-सहायता समूह की बहने बधाई की पात्र हैं। वास्तव में इन बहनों की कार्य क्षमता अभूतपूर्व है। समूहों को इस वर्ष कुल 1400 करोड़ की सहायता दी जायेगी। गतवर्ष के 175 करोड़ रूपये के वितरण के मुकबाले इस वर्ष समूहों को 883 करोड़ रूपये की राशि का वितरण किया जा चुका है। मध्यप्रदेश बीते वर्ष की तुलना में 708 करोड़ से अधिक राशि का वितरण कर देश में दूसरे स्थान पर है। इसके लिये समूहों की बहनें और पंचायत ग्रामीण विकास विभाग बधाई का पात्र है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने भोपाल जिले के स्व-सहायता समूह की महिलाओं को राशि प्रदान की। प्रतीक स्वरूप 5 समूहों को राशि दी गई। राशि प्राप्त करने वालों में माया दीदी सीमा रिंकल ,सुनीता अनीता, तारा, रुकमणी दीदी आदि शामिल हैं।

महिलाओं को देंगे अधिक से अधिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बालिकाओं और महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सशक्त बनाने के अलावा अन्य योजनाओं के माध्यम से लाभांवित करने का कार्य किया जा रहा है। पूर्व वर्षों में विद्यालय जाने के लिये साइकिल प्रदान करने, गर्भावस्था और प्रसव के पश्चात पोषण आहार के लिये राशि, संबल योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना के क्रियान्वयन से महिलाओं को लाभ मिला है।

नशे के विरूद्ध अभियान में महिलाएँ बनें सहयोगी

श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में मफिया के विरूद्ध अभियान छेड़ा गया है। इसके साथ ही नशे की लत से युवाओं को बचाने के लिये अनेक कदम उठाये गये हैं। महिलाएं भी बच्चों को नशे की तरफ बढ़ने से रोककर इस कार्य में सहयोगी बन सकती हैं।

बेटी बचाओ अभियान में भी मददगार हो बहनें

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के विरूद्ध अपराध न हों और बेटी बचाओ अभियान को गति मिले इसके लिये शासकीय विभाग सक्रिय हैं। इस कार्य में हमारी बहनें भी मददगार बनें। चिटफंड के नाम पर पैसे दोगुने करने वाले आर्थिक अपराधियों और गुंडागर्दी करने वालों को नहीं बख्शा जायेगा। महिलाएं भी इन प्रयासों में मददगार बनें।

मुख्यमंत्री ने किया समूहों की बहनों से संवाद

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेन्स के माध्यम से तीन जिलों की बहनों से संवाद भी किया। इनमें झाबुआ जिले की जनपद पंचायत झाबुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत भगौर निवासी गीतांजलि स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती किरण, शहडोल जिले की जनपद पंचायत सुहागपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत केवलारी के ग्राम कल्याणपुर निवासी लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती पिंकी कुशवाह एवं सतना जिले की जनपद पंचायत नागौद अंतर्गत ग्राम पंचायत उसरार निवासी राधाकृष्णा स्व-सहायता समूह की सदस्य श्रीमती अनीता मांझी शामिल हैं।

तीसरी बार सामूहिक ऋण वितरण

यह ऋण वितरण गत पांच माह में तीसरी बार हुआ है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को आज वर्चुअल कार्यक्रम में 207 करोड रूपये बैंक ऋण वितरित किया गया। श्री चौहान ने इससे पहले 20 सितम्बर 2020 एवं 23 नवम्बर 2020 को वर्चुअल कार्यक्रमों में ऋण वितरित किया था। मिशन ने अब तक दो हजार 30 करोड रूपये से अधिक बैंक ऋण के रूप में स्व-सहायता समूहों को वितरित किया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने कोरोना काल में ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिये लॉकडाउन के समय से लगातार वर्चुअल कार्यक्रम आयोजित कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया ने कहा कि सरकार ग्रामीण बहनों को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान इसके लिए बधाई के पात्र हैं। उन्होंने निरंतर समीक्षा कर इस कार्य को गति प्रदान की है। म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत निर्धन परिवारों की महिला सदस्यों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण किया जा रहा है। आमतौर पर देखने में आता है कि ग्रामीण क्षेत्र में लोग बैंकिंग सेवाओं की प्रक्रियाओं में दस्तावेजीकरण व अन्य औपचारिकताओं की कठिनाई के कारण पात्र होने के बावजूद विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। राज्य सरकार ने इस प्रक्रिया को और सरल करने के उद्देश्य से बैंकों के साथ भी व्यापक स्तर पर समन्वय स्थापित कर स्व-सहायता समूहों के लिये पर्याप्त बैंक ऋण आसानी से उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है।

प्रारंभ में अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्री मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि मध्यप्रदेश ने स्व-सहायता समूहों को सहायता राशि देकर देश में दूसरा स्थान अर्जित किया है। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने परिश्रम और मजबूत संकल्प से समूह गतिविधियों का बढ़ाया है। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्यकार्यपालन अधिकारी श्री ललित मोहन बेलवाल ने आभार व्यक्त किया।

क्रमांक/119/जनवरी-119/मनोज

 

तीन साल में एक करोड़ घरों तक टोंटी से जल प्रदाय होगा

तिमाही में डेढ़ लाख आँगनवाड़ी केन्द्रों और स्कूलों में नल कनेक्शन लगेंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा 

जबलपुर, 08 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में एक करोड़ क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी) का लक्ष्य तेजी से कार्य कर प्राप्त किया जाये। बैठक में बताया गया 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत शाला एवं आँगनबाड़ी में नल से जल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। जनवरी से मार्च 2021 की अवधि में प्रदेश के डेढ़ लाख आँगनवाड़ी केन्द्रों और विद्यालयों में नल कनेक्शन लग जायेंगे। इसके अंतर्गत आँगनवाड़ी केन्द्रों में करीब 75 हजार नल कनेक्शन दिये जायेंगे। इसी तरह करीब 75 हजार शालाओं में भी कनेक्शन तीन माह में प्रदान किये जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की आबादी को घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से वर्ष 2023 तक 55 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन के मापदंड से गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य प्राप्त किया जाए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में वर्ष 2020-21 में 26 लाख घरेलू कनेक्शन देने का लक्ष्य है। इसी तरह वर्ष 2021-22 में 33 लाख, वर्ष 2022-23 में 28 लाख और वर्ष 2023-24 में 14 लाख कनेक्शन देने का लक्ष्य हैं। भारत सरकार से प्राप्त राशि और किए गए व्यय के आधार पर मध्य प्रदेश बड़े राज्यों में दूसरे क्रम पर है जहां 378 करोड़ रुपए की राशि व्यय की गई है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण आबादी को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के लिये स्वीकृत योजनाओं का कार्य तेजी से पूर्ण किया जाये। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 10 योजनाओं से 4347 ग्राम लाभान्वित होंगे। ये योजनाएं गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, सिंगरौली, आगर, देवास, सागर और धार में क्रियान्वित होंगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास पर जल जीवन मिशन के कार्यों के अंतर्गत स्त्रोत आधारित समूह जल प्रदाय योनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। बैठक में गुणवत्ता प्रभावित बसाहटों और सांसद आदर्श ग्राम की योजनाओं में संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर मुख्य सचिव श्री मलय श्रीवास्तव ने मिशन के कार्यों के संबंध में जानकारी दी।

क्रमांक/120/जनवरी-120/मनोज