NEWS -11-01-2021-C

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

'सम्मान' कार्यक्रम को देखा सुना गया

जबलपुर, 11 जनवरी 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मिन्टो हॉल भोपाल में प्रदेश स्तरीय 'सम्मान' अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य महिला अपराध के उन्नमूलन में समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, महिलाओं और बालिकाओं के लिये सम्मानजनक एवं अनूकूल वातावरण तैयार करना और आम लोगों को कानूनी प्रावधानों को प्रति जागरूक करना है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान महिला अपराध के नियंत्रण में सहयोगी असली हीरो का सम्मान किया। जिसका लाइव टेलीकास्ट किया गया। संभागायुक्त श्री बी. चन्द्रशेखर ने कमिश्नर कार्यालय में तथा कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा अन्य संबंधित अधिकारियों ने एन.आई.सी. कक्ष से सम्मान कार्यक्रम के लाइव टेलीकास्ट को देखा सुना।

क्रमांक/155/जनवरी-155/उइके

 महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की शपथ

लेने के साथ जिले में प्रारंभ हुआ महिला सम्मान अभियान

अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों पर चर्चा करने बैठक संपन्न

जबलपुर, 11 जनवरी 2021

महिला अपराध उन्मूलन में समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए समाज में सम्मानजनक सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चलाये जा रहे पंद्रह दिनों के सम्मान अभियान की जबलपुर जिले में शुरुआत आज यहां कलेक्ट्रेट कार्यालय में मौजूद अधिकारियों द्वारा नारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने की शपथ लेने के साथ की गई।

अधिकारियों को महिला को अपने आसपास सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कारने की यह शपथ कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा द्वारा दिलाई गई। इस मौके पर सिहोरा की विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा विशेष रूप से मौजूद थे।

अधिकारियों द्वारा ली गई शपथ के पहले पंद्रह दिवसीय सम्मान अभियान के दौरान प्रतिदिन आयोजित की जाने वाली गतिविधियों पर चर्चा करने कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन भी किया गया। बैठक में विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी, पुलिस श्री सिद्धार्थ बहुगुणा नगर निगम आयुक्त अनूप कुमार, अपर कलेक्टर संदीप जीआर एवं हर्ष दीक्षित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार तथा महिला बाल विकास विभाग, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

विधायक श्रीमती नंदिनी मरावी ने बैठक में अपने विचार व्यक्त करते हुए सम्मान अभियान में समाज की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए समाज के अनुकूल वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से इस अभियान को प्रारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद भी दिया।

कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने बैठक में महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने के इस अभियान को महत्वपूर्ण बताते हुए महिला बाल विकास विभाग, पुलिस, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग को सभी विभागों को मिल-जुलकर जागरूकता की गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिये। श्री शर्मा ने सम्मान अभियान के उद्देशों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को प्राप्त कानूनी अधिकारों का लड़कियों के स्कूलों और कॉलेजों में जाकर प्रचार-प्रसार करने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि इस अभियान के साथ-साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को भी एक्टिव मोड में संचालन किया जाये। कलेक्टर ने वन स्टॉप सेंटर की गतिविधियों को भी इस अभियान से जोडऩे के निर्देश देते हुए घरेलू हिंसा की शिकार हुई महिलाओं को रोजगार मूलक कार्यों से जोडऩे पर बल दिया।

श्री शर्मा ने बैठक में मौजूद विभिन्न विभागों में पदस्थ महिला अधिकारियों से भी अलग-अलग क्षेत्र में जाकर महिला सम्मान अभियान का प्रचार-प्रसार करने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आव्हान किया। उन्होंने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों का सम्मान के नाम से व्हाट्सएप आज ग्रुप बनाने का सुझाव भी दिया। कलेक्टर ने जागरूकता पैदा करने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म का इस्तेमाल करने के निर्देश भी बैठक में दिये। उन्होंने साइबर अपराध से सुरक्षा के लिए भी महिलाओं में जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता बताई और इस विषय पर कार्यशाला के आयोजन करने कहा।

श्री शर्मा ने बैठक में महिला के प्रति होने वाले अपराधों के लिहाज से हॉट-स्पॉट के रूप में चिन्हित क्षेत्रों में विशेष गतिविधियों के आयोजन के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत ऐसे व्यक्तियों को भी चिन्हित किया जाये, जिन्होंने महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ताकि उन्हें 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस में जिले के मुख्य समारोह में सम्मानित किया जा सके। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि सम्मान अभियान को लगातार 15 दिन तक चलाने के राज्य शासन से निर्देश प्राप्त हुए हैं, लेकिन जबलपुर जिले में इस अभियान से जुड़ी गतिनिधियों को आगे भी जारी रखा जायेगा। कलेक्टर ने कहा कि कुल मिलाकर जिले में ऐसा माहौल बनाना होगा कि महिलाओं के प्रति अपराध करने वाले ऐसा करने के पहले कई बार सोचें कि उन्हें इसके क्या-क्या नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।

बैठक के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने सम्मान अभियान के उद्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं के सम्मान एवं उनकी सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता पैदा करने प्रतिदिन गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। महिला सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्रों अथवा हॉट स्पॉट का चयन किया जायेगा। ऐसे क्षेत्रों में महिला सुरक्षा आडिट होगा तथा सुधारात्मक कदम उठाये जायेंगे। महिलाओं को अलग-अलग समूहों में उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी जायेगी।

श्री बहुगुणा ने बैठक में बताया कि महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाये जायेंगे। इसके साथ ही सार्वजनिक परिवहन के साधनों बसों एवं ऑटो रिक्शा में स्टीकर चस्पा कर महिला हेल्पलाइन एवं कंट्रोल रूम के नंबर भी प्रदर्शित किये जायेंगे। महिला सम्मान के प्रति जागरूकता पैदा करने में सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी किया जायेगा तथा जिला स्तर पर वाद-विवाद, चित्रकला, निबंध आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जायेगा।

सेफ सिटी में शामिल हुआ जबलपुर

बैठक में बताया गया कि जबलपुर शहर को महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा और सम्मान दिलाने के मकसद से जबलपुर को सेफ सिटी योजना में शामिल किया गया है। 

क्रमांक/156/जनवरी-156/जैन

 खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के चार

मामलों में 49 हजार का जुर्माना

जबलपुर, 11 जनवरी 2021

जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने आज कलेक्ट्रेट न्यायालय में प्रचलित प्रकरणों पर सुनवाई कर अवैध उत्खनन एवं परिवहन के चार मामलों में 48 हजार 900 रुपए का जुर्माना अधिरोपित करने के आदेश पारित किये हैं।

श्री शर्मा ने आज सोमवार को कलेक्टर न्यायालय में राजस्व एवं खनिज से संबंधित 56 मामलों में सुनवाई की। उन्होंने खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामलों में से चरगंवा थाना क्षेत्र में डोलोमाइट के अवैध परिवहन के मामले में ट्रेक्टर क्रमांक एम पी 20 एए 8873 के चालक संजू भूमियां एवं मालिक बिहारीलाल पर 18 हजार 900 रुपए, रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामले में बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज किये गये प्रकरण में ट्रेक्टर क्रमांक 20 एबी 0831 के चालक नारायण लोधी एवं मालिक विनोद कुमार पर दस हजार रुपए, बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में ही दर्ज रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामले में ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 20 एबी 4499 के चालक होमराज लोधी एवं प्रेम सिंह लोधी पर दस हजार रुपए तथा कटंगी थाना क्षेत्र में दर्ज किये गये रेत के अवैध परिवहन के मामले में ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 20 एए 8882 के मालिक सूरज काछी पर दस हजार रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया है।

क्रमांक/157/जनवरी-157/जैन