NEWS -22-01-2021-D

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

मिलावट से मुक्ति अभियान :

घी-वनस्पति, नमक, चावल और सोडा के नमूने जाँच हेतु लिये गये

जबलपुर, 22 जनवरी, 2021

कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा के निर्देशानुसार मिलावट से मुक्ति अभियान के अंतर्गत आज शुक्रवार को खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अमले ने पुलिस के साथ बड़ा पत्थर रांझी स्थित विष्णु गुप्ता के मकान में नक़ली घी की फ़ैक्टरी पर कार्यवाही कर घी वनस्पति एवं तेल एसेंस ज़ब्त कर घी एवं वनस्पति का सैम्पल जाँच हेतु लिया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी के अनुसार पूर्व में भी इस व्यक्ति को नक़ली घी बनाते हुए पकड़ा गया था। ज़ब्ती की कार्यवाई भी हुई थी, प्रकरण न्यायालय में प्रचलित है। आज की कार्यवाही के बाद विष्णु गुप्ता के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में मुख्य रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद धुर्वे, मुकुंद झरिया द्वारा कार्यवाई की गई। इसी प्रकार नर्मदा किराना घाना तिलवारा से नमक तथा बीर दा ढाबा घाना से खाद्य औषधि प्रशासन के अमले द्वारा चावल और सोडा के नमूने परीक्षण हेतु लिये गये है।

क्रमांक/347/जनवरी-347/जैन

निवेशकों के हितों की सुरक्षा के मद्देनजर कलेक्टर ने लगाया सहारा इंडिया ग्रुप की सहायक कंपनियों की 40 हेक्टेयर भूमि के विक्रय पर प्रतिबंध

जबलपुर, 22 जनवरी, 2021

कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने सहारा इंडिया ग्रुप के निवेशकों के हितों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ी कार्यवाही करते हुए ग्रुप की सहायक और अनुषांगिक कंपनियों द्वारा तेवर एवं छीतापार में खरीदी गई 40 हेक्टेयर से अधिक भूमि को विक्रय के प्रयोजन हेतु अहस्तांतरणीय घोषित कर दिया है। इस बारे में श्री शर्मा द्वारा आज आदेश भी जारी कर दिया गया है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने यह कदम सहारा इंडिया ग्रुप के विरूद्ध जबलपुर के निवेशकों से बड़ी संख्या में प्राप्त हुई शिकायतों को देखते हुए उठाया है। ग्रुप के करीब 550 निवेशकों से जमा राशि न लौटाने की जिला प्रशासन को शिकायतें प्राप्त हुई थीं। आदेश जारी करने के पूर्व श्री शर्मा ने सहारा इंडिया ग्रुप की जबलपुर जिले में स्थित अचल संपत्तियों की तसदीक राजस्व अधिकारियों से कराई थी।

कलेक्टर ने सहारा इंडिया ग्रुप की क्रय की गई जिन अचल संपत्तियों को विक्रय को प्रतिबंधित किया है उसमें तेवर पटवारी हलका नंबर 18/९ के अंतर्गत 31.560 हेक्टेयर भूमि तथा ग्राम छीतापार पटवारी हलका नंबर 22 की 8.68 हेक्टेयर भूमि शामिल है।

तेवर की भूमि सहारा ग्रुप की सहयोगी और अनुषांगिक कंपनियों मुंबई की अखिलेश रियल्टी एण्ड डेवलपमेंट, अलमिना स्टेट एण्ड डेवलपमेंट आलोक सेक्टर्स, अमरेश रियल्टी, अम्बुजा सेक्टर, अमृता रियलटी, अनन्या स्टेट एण्ड फाइनेंस, अंजना रियल्टी तथा अंकिता रियल्टी एण्ड डेव्हलपमेंट कंपनी द्वारा क्रय की गई थी। इसी तरह ग्राम छीतापार की भूमि भी सहारा इंडिया ग्रुप की इन्ही सहयोगी एवं अनुषांगिक कंपनियों द्वारा क्रय की गई है।

कलेक्टर श्री शर्मा ने आदेश में सहारा इंडिया ग्रुप की इन सहयोगी कंपनियों की तेवर एवं छीतापार स्थित भूमि को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड विरूद्ध सहारा इंडिया रियल स्टेट कार्पोरेशन लिमिटेड एवं अन्य के प्रकरण में पारित किये गये आदेशानुसार भूमि के खसरों के अभिलेख के कैफियत कालम क्रमांक 12 में हस्तांतरणीय शेष विक्रय प्रयोजन हेतु अहस्तांतरणीय दर्ज करने के निर्देश अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर को दिये हैं। साथ ही खसरा अभिलेख के कैफियत कालम में उक्त प्रविष्टि दर्ज कर तीन दिन के भीतर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिये हैं। कलेक्टर ने कहा है कि निवेशकों के हितों की सुरक्षा को देखते हुए आवश्यकता पडऩे पर सहारा इंडिया ग्रुप की भूमि को कुर्क करने की कार्यवाही भी की जा सकती है।

क्रमांक/348/जनवरी-348/जैन