NEWS -04-03-2021-A

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटैल का आगमन आज

जबलपुर, 04 मार्च 2021

      राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटैल का शुक्रवार 5 मार्च की शाम 4.05 बजे प्रयागराज से उत्तरप्रदेश के राजकीय वायुयान द्वारा जबलपुर के डुमना विमानतल पर आगमन होगा। राज्यपाल डुमना विमानतल से शाम 4.30 बजे व्हीकल फैक्टरी जबलपुर के इंस्पेक्शन बंगला पहुंचेंगी। श्रीमती पटैल शनिवार 6 मार्च को सुबह 9.30 बजे डुमना एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति जी की आगवानी करेंगी तथा शनिवार की सुबह 11 बजे मानस भवन में आयोजित ऑल इंडिया स्टेट ज्यूडिशियल ऐकेडमीज डायरेक्टर्स रिट्रीट प्रोग्राम में एवं शाम 7 बजे ग्वारीघाट में नर्मदा महाआरती में शामिल होंगी।

      राज्यपाल श्रीमती पटैल शाम 7.45 बजे मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय परिसर स्थित ओवल हॉल में आयोजित सेरेमोनियल डिनर प्रोग्राम में शामिल होने के बाद रात्रि 9.30 बजे व्हीएफजे इंस्पेक्शन बंगला पहुंचेंगी। श्रीमती पटैल अगले दिन रविवार 7 मार्च को सुबह 9.20 बजे डुमना विमानतल से हेलीकाप्टर द्वारा दमोह जिले के ग्राम जलहरी के लिये प्रस्थान करेंगी। राज्यपाल वहां आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रविवार को ही दोपहर 2.05 बजे वापस डुमना विमानतल आयेंगी और यहां महामहिम राष्ट्रपति जी को विदा करने के बाद दोपहर 2.45 बजे उत्तरप्रदेश के राजकीय विमान द्वारा लखनऊ प्रस्थान करेंगी।

क्रमांक/897/मार्च-42/जैन

 मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोरोना वैक्सीन लगवायी 

जबलपुर, 04 मार्च 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज हमीदिया अस्पताल पहुँचकर कोरोना वैक्सीन लगवाई। मुख्यमंत्री श्री चौहान को कोविशील्ड वैक्सीन नर्स श्रीमती नलिनी वर्गीस एवं श्रीमती सुनीता जोंजारे द्वारा लगायी गयी। श्री दीपक राठौर ने वैरिफिकेशन का कार्य किया।

टीकाकरण के बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान कोरोना वैक्सीन प्रोटोकॉल अनुसार निर्धारित समय तक वहाँ रूके तथा उसके बाद अपने निवास वापस आए। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी उनके साथ थीं। कोरोना टीकाकरण के अंतर्गत प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा रहा है।

क्रमांक/898/मार्च-43/मनोज

 

जन्म-दिन सहित अन्य शुभ अवसरों पर पौधा लगायें : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने जन्म-दिन के पूर्व प्रदेशवासियों से की अपील 

जबलपुर, 04 मार्च 2021

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्म-दिन के पूर्व प्रदेश के सभी नागरिक भाईयों, बहनों और प्रिय भांजे-भांजियों को जारी संदेश में पौधा लगाने की अपील की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 5 मार्च को मेरा जन्म-दिन है। हमेशा संकल्प यही रहता है कि जीवन का हर क्षण सार्थक हो, अपने लिए नहीं, हम अपनों के काम आयें और अपनी है प्रदेश की जनता।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार के माध्यम से हम सार्थक काम कर ही रहे हैं, लेकिन मन में यह भाव भी आया कि जन्म-दिन के अवसर को भी उद्देश्यपूर्ण बनाया जाये। धरती हमारी माँ है। माँ हमें सब कुछ देती है, लेकिन हमें भी माँ को कुछ देना है। इसी उद्देश्य से मैंने एक साल तक रोज एक पौधा लगाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण पर्यावरण बिगड़ रहा है। धरती की सतह का तापमान लगातार बढ़ रहा है और ऐसा अनुमान है कि वर्ष 2050 तक ये 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ जायेगा। तब स्थितियाँ भविष्य के लिए ऐसी बनेंगी कि धरती पर मानव और जीव-जंतुओं का अस्तित्व ही एक समय संकट में पड़ जायेगा। हम आने वाले इस संकट को पहचानते हुए आज से ही पर्यावरण बचाने का सार्थक प्रयास करें। पेड़ों से धरती माँ का श्रृंगार करना पर्यावरण बचाने का प्रभावी माध्यम है। मेरी सभी से प्रार्थना है कि आप किसी भी शुभ अवसर पर पेड़ लगाएँ। प्रसन्नता की बात है कि मध्यप्रदेश में वन क्षेत्र लगातार बढ़ा है। वन क्षेत्र को और अधिक बढ़ाने का प्रयास करें। हम पेड़ लगाएंगे तो अपने लिए ही नहीं, बल्कि प्रदेश, देश और दुनिया के लिए भी लगाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मेरी प्रार्थना है कि मेरे इस जन्म-दिन की खुशी फूलमाला और बुके से स्वागत करके मनाएँ, इसके बजाय एक पेड़ लगाएँ। ज़रूरी नहीं है कि मेरे जन्म-दिन पर ही लगाएँ। आप अपने जीवन के किसी भी शुभ अवसर पर पेड़ लगाएँ। पेड़ है तो ऑक्सीजन है, ऑक्सीजन है तो जीवन है। इसलिए वृक्ष भी जीवन है। मैं अपना जन्म-दिन पेड़ लगाकर ही मनाऊंगा।

क्रमांक/899/मार्च-44/मनोज