news -08-07-2020- B


किल कोरोना अभियान :
आठवें दिन 45 हजार घरों के 2 लाख 13 हजार
व्यक्तियों के स्वास्थ्य का हुआ सर्वे
अब तक 14.10 लाख लोगों के स्वास्थ्य का सर्वे
                    जबलपुर 08 जुलाई, 2020
कोरोना को समाप्त करने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार एक जुलाई से प्रारंभ किये गये किल कोरोना अभियान के तहत आठवें दिन आज बुधवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 45 हजार 546 घरों के 2 लाख 13 हजार 532 व्यक्तियों के स्वास्थ्य का सर्वे किया गया। सर्वे का काम ढाई हजार पायलट टीमों और 371 मुख्य टीमों द्वारा किया जा रहा है। इसमें पांच हजार से अधिक आंगनवाड़ी, आशा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं .एन.एम. को लगाया गया है। 
किल कोरोना अभियान के आठवें दिन सर्वे दलों द्वारा घर-घर किये गये सर्वे में कोरोना से मिलते जुलते लक्षणों वाले 247 मरीजों को चिंहित किया गया है। जबकि 81 व्यक्ति अन्य रोगों से पीडि़त पाये गये। इसके अलावा 634 गर्भवती महिलाओं एवं टीकाकरण से छूट गये 34 बच्चों को भी चिंहित किया गया।
इस तरह एक जुलाई से प्रारंभ किये गये पन्द्रह दिनों के किल कोराना अभियान में अभी तक जिले में 2 लाख 82 हजार 965 घरों के 14 लाख 10 हजार 079 व्यक्तियों के स्वास्थ्य का सर्वे किया जा चुका है। इस दौरान कोरोना के लक्षण वाले एक हजार 462 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया है। जबकि अन्य रोगों से पीडि़त पाये गये व्यक्तियों की संख्या 640 है। अभियान के तहत अभी तक 4 हजार 649 गर्भवती महिलाओं एवं टीकाकरण से छूट गये 405 बच्चों की भी पहचान की गई है।
क्रमांक/5239/जुलाई-121/जैन