News.04.03.2020_A


संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री श्री पटेल आज जबलपुर आयेंगे
जबलपुर, 04 मार्च, 2020
     केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रहलाद सिंह पटेल का गुरूवार 5 मार्च को नियमित वायुसेवा द्वारा दिल्ली से दोपहर 12 बजे जबलपुर के डुमना विमानतल पर आगमन होगा ।  श्री पटेल दोपहर 1.45 बजे कार द्वारा नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 4.30 बजे कार द्वारा वापस जबलपुर आयेंगे ।  वे यहां निज निवास में कुछ देर विश्राम करने के बाद रात्रि 8.10 बजे एयर इंडिया के नियमित वायुसेवा द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो जायेंगे ।
क्रमांक/3349/मार्च-26/मनोज

ग्राम पंचायतों में 8 मार्च को होगी सबला महिला सभा
जबलपुर 04 मार्च 2020
            जिले में 8 मार्च को आयोजित होने वाली ग्राम सभा को कलेक्टर भरत यादव ने सबला महिला सभा के रूप में आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।
      कलेक्टर श्री यादव के निर्देशानुसार ग्रामसभा में महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक विकास तथा उनके कल्याण से संबंधित विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही ग्राम स्तर पर महिलाओं के सर्वांगीण विकास से संबंधित ग्राम विकास योजना तैयार की जाएगी।
      प्रत्येक सबला महिला ग्राम सभा के आयोजन हेतु एक शासकीय महिला अधिकारी, कर्मचारी को प्रभारी के रूप में नाम निर्दिष्ट करने के निर्देश श्री यादव ने दिए हैं। ग्राम सभा में सबला महिला सभा के आयोजन की जानकारी संबंधित ग्राम पंचायत के सूचना पटल में चस्पा कराने के साथ-साथ मुनादी कराकर भी ग्रामीणों को दी जाएगी। सबला महिला सभा के आयोजन हेतु तय किए जाने वाले प्रभारी अधिकारी का दायित्व होगा कि वह ग्राम सभा का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित कराएं और प्राप्त सुझावों को लिपिबद्ध कर कार्यवाही विवरण तैयार कराएं। सबला महिला सभा के आयोजन हेतु पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित सामाजिक न्याय विभाग से संबंधित बिंदुओं और‍ विषयों पर चर्चा होगी।
क्रमांक/3350/मार्च-27/मनोज॥
पीडीएस की राशि जमा नहीं करने पर विक्रेता महेन्द्र यादव सेवा से पृथक
जबलपुर 04 मार्च 2020
      सेवा सहकारी संस्था घुंसौर के अंतर्गत आने वाली शासकीय उचित मूल्य की दुकान के विक्रेता महेन्द्र यादव को समिति में राशि नहीं जमा करने के आरोप में समिति प्रबंधक द्वारा सेवा से पृथक कर दिया गया है।
      उपायुक्त सहकारिता द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक विक्रेता महेन्द्र यादव ने शासकीय उचित मूल्य सामग्री की बिक्री के उपरांत मिले 7 लाख 60 हजार 894 रूपए समिति में जमा नहीं किया। इस वजह से श्री यादव को सेवा से पृथक कर दिया गया है। साथ ही महेन्द्र यादव के विरूद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने और राशि की वसूली करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस संबंध में उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं जबलपुर ने समिति के प्रशासक को सहकारी सोसायटी के अधिनियम के तहत कार्यवाही करने का पहले ही आदेश जारी किया था।
क्रमांक/3351/मार्च-28/मनोज॥

हिनौतिया बारहा में खेत पाठशाला संगोष्ठी आयोजित
जबलपुर, 04 मार्च, 2020
     राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन तिलहन योजनान्तर्गत उप संचालक कृषि एस.के. निगम के मार्गदर्शन में ग्राम हिनौतिया बारहा में कृषक खेत पाठशाला संगोष्ठी का आयोजन किया गया । संगोष्ठी में ग्राम के कृषकों को वैज्ञानिक आर.एस. शर्मा द्वारा तिलहनी फसलों के अधिक उत्पादन पर विस्तार से जानकारी दी गई ।
     कृषकों को अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा गौर, वरिष्ठ कृ‍षि विकास अधिकारी रश्मि परसाई, कृ‍षि विकास अधिकारी बी.सी. नामदेव, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एस.एस. मेहरा ने उन्नत फसलों के अधिक उत्पादन के बारे में जानकारी दी । क्षेत्रीय ग्रामीण कृ‍षि विस्तार अधिकारी एन.एल. चौधरी द्वारा समन्वित कृषि प्रणाली के बारे में कृषकों को विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित कृषकों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।
क्रमांक/3352/मार्च-29/मनोज

नगरीय निकायों की परिसम्पत्तियों की इन्वेन्ट्री तैयार करने के निर्देश
जबलपुर, 04 मार्च, 2020
आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास पी.नरहरि ने सभी नगरीय निकायों की परिसम्पत्तियों की इन्वेन्ट्री 31 मार्च तक तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये हैं। उन्होंने कहा है कि 15 अप्रैल तक अनुपयोगी सम्पत्ति की सूची तैयार की जाए।
श्री नरहरि ने अनुपयोगी सम्पत्ति का निराकरण 31 जुलाई तक करके कार्यवाही का प्रतिवेदन संभागीय संयुक्त संचालक के माध्यम से संचालनालय को उपलब्ध करवायें। संचालनालय में यह जानकारी 14 अगस्त 2020 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं।
क्रमांक/3353/मार्च-30/मनोज

इलाज के लिए मुंबई जाने वाले शासकीय सेवकों को मध्यालोक में मिलेगी आवास सुविधा
जबलपुर 04 मार्च 2020
      मध्य प्रदेश से बीमारी का इलाज कराने के लिए मुंबई जाने वाले प्रदेश के शासकीय, अर्द्धशासकीय अधिकारी, कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्यों (माता, पिता, पत्नी, पुत्र, पुत्री)  को 'मध्यालोकभवन मुंबई में रूकने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा उन्हें वहां लगने वाले किराए में 40 प्रतिशत डिस्काउन्ट के रूप में मिलेगी।
इस सुविधा को प्राप्त करने के लिए मध्य प्रदेश से अस्पताल और डॉक्टर का मैडिकल रैफरल सर्टिफिकेट 'मध्यालोक' मुंबई में चैक-इन करते समय प्रस्तुत करना होगा। मुंबई में मध्यप्रदेश शासन के 'मध्यालोकभवन का वर्तमान में संचालन राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा किया जा रहा है।
क्रमांक/3354/मार्च-31/मनोज॥