NEWS -06-02-2021-C

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

देहदान का संकल्प लेने वालों का कलेक्टर ने किया सम्मान

जबलपुर, 06 फरवरी, 2021

      कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने आज शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित एक कार्यक्रम में देहदान का संकल्प लेने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया। श्री शर्मा ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुये देहदान का संकल्प लेने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की और उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किये।

      कलेक्टर ने देहदान को महादान बताते हुये कहा कि ऐसा करने से व्यक्ति अपने नश्वर शरीर को भी अमर बना सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया से हमेशा के लिये जाते समय यदि शरीर और अंगों का दान किया जाये तो न केवल कई लोगों को नई जिंदगी दी जा सकती है बल्कि चिकित्सा शिक्षा और शोध की आवश्यकता भी इससे पूरी होगी जो अंतत: लोगों का जीवन बचाने और मानव कल्याण के लिये ही काम आयेंगी।

      श्री शर्मा ने इस अवसर पर देहदान कर संकल्प लेने वाले व्यक्तियों से देहादान के प्रति जन जागरूकता पैदा करने के उपायों के बारे में सुझाव भी प्राप्त किये। उन्होंने जबलपुर जिले में देहदान का संकल्प लेने के अभियान को और गति देने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि जबलपुर वासियों ने बड़ी संख्या में देहदान का संकल्प लेकर मानवता की सेवा की अद्भुत मिसाल पेश की है। ऐसा करके यहां के लोगों ने जबलपुर के संस्कारधानी के नाम को चरितार्थ किया है।

      कार्यक्रम में कलेक्टर ने मृत्युपरांत देहदान करने वाले 145 व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें अनुविभागीय अधिकारी शहपुरा अनुराग तिवारी, नगर निगम की उपायुक्त एकता अग्रवाल, नगर निगम की शिक्षा अधिकारी बीना वर्गीस शामिल है। ज्ञात हो कि कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा की पहल पर जबलपुर जिले में शुरू किये गये अभियान के तहत अभी तक 145 व्यक्तियों द्वारा देहदान करने का संकल्प लिया गया है। इनमें जिला प्रशासन के 15 अधिकारी एवं कर्मचारी, एक ही परिवार के चार सदस्य तथा पति-पत्नी के 13 जोड़े शामिल है। 

क्रमांक/577/फरवरी-84/जैन

जबलपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन ने दी रेडक्रॉस सोसायटी को 15 लाख की राशि

जबलपुर, 06 फरवरी, 2021

जबलपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन की ओर से जिला रेडक्रॉस सोसायटी को 15 लाख रुपये की राशि दान में दी गई है। संस्था के उपाध्यक्ष समाजसेवी कैलाश गुप्ता एवं श्री किरण अमीन ने आज इस राशि का चेक कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा को सौंपा। जबलपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन द्वारा यह राशि कोरोना कॉल के दौरान रेडक्रॉस द्वारा किये गये सेवा कार्यों को देखते हुए प्रदान की गई है।

क्रमांक/578/फरवरी-85/जैन

कलेक्ट्रेट में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों

के बीच नये सिरे से कार्य विभाजन

जबलपुर, 06 फरवरी, 2021

कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच नये सिरे से कार्य विभाजन किया है। श्री शर्मा ने इसके आदेश भी जारी कर दिये हैं।

आदेश में संयुक्त कलेक्टर शाहिद खान को नजूल अधिकारी जबलपुर, उपजिला निर्वाचन अधिकारी सामान्य एवं स्थानीय निर्वाचन, भू-अर्जन अधिकारी रानी अवंती बाई लोधी सागर परियोजना ईकाई एक एवं दो, भू-अर्जन शाखा, जिला सत्कार अधिकारी, अभिलेखागार एवं श साखा का प्रभार सौंपा गया है।

डिप्टी कलेक्टर श्रीमती कलावती ब्यारे को प्रभारी अधिकारी खाद्य शाखा, सहायक अधीक्षक राजस्व, सामान्य एवं कार्यपालिक, राजस्व मोहर्रिर, लोकलेखा, विधानसभा एवं लोकसभा और राज्यसभा के प्रश्न तथा वित्त लिपिक शाखा का प्रभारी बनाया गया है। डिप्टी कलेक्टर सुश्री मेघा पवार को कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख, भू-प्रबंधन, डायवर्सन, स्थापना, नाजरात, लीगल सेल, लोकसेवा एवं एसडब्ल्यू शाखा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। डिप्टी कलेक्टर सृष्टि प्रजापति को सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन, आवक-जावक शाखा, खेल एवं युवक कल्याण एवं जन सुनवाई शाखा तथा डिप्टी कलेक्टर श्रीमती दीपाश्री गुप्ता को कलेक्टर कार्यालय की ई-गवर्नेंस, रेडक्रॉस, सूचना का अधिकार, आपदा प्रबंधन, समय सीमा पत्र, जनगणना, धर्मस्व एवं पुनर्वास, नागरिक सुरक्षा, वरिष्ठ लिपिक, राहत एवं मीसाबंदी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शाखा प्रभार सौंपा गया है।

क्रमांक/579/फरवरी-86/जैन