News.14.10.2019_B


संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार

कृषि क्षेत्र में नई क्रांति की आवश्यकता- मुख्यमंत्री श्री नाथ

गन्‍ना किसानों की समस्याओं का होगा समाधान

मुख्यमंत्री द्वारा नरसिंहपुर में 70 करोड़ रूपये लागत से अधिक के विकास कार्यों का किया गया लोकार्पण- भूमिपूजन

हितग्राही मूलक योजनाओं के हितग्राहियों को किया हितलाभ का वितरण

जबलपुर,  14 अक्टूबर 2019.
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा है कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र की उन्नति के लिए व्यापक सुधार लाया जायेगा। कृषि में नई क्रांति की आवश्यकता है, जिससे किसानों की क्रय शक्ति बढ़ाई जा सके और उन्हें न्याय मिले। गन्‍ना के उत्पादन और गन्‍ना किसानों के व्यापक हितों को ध्यान में रखकर शासन द्वारा नीति बनाई जायेगी।
               मुख्यमंत्री श्री नाथ ने कहा कि गन्‍ना‍ किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। उनकी अपेक्षायें पूरी होंगी। मुख्यमंत्री आज नरसिंहपुर जिला मुख्यालय में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और नौजवानों की क्रय शक्ति बढ़ाकर ही आर्थिक गतिविधियों को तेज किया जा सकता है।
               मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, नौजवानों तथा प्रत्येक नागरिक की उन्नति के लिए दिये गये वचन, हमारी सरकार को काम करने के लिए मिले मात्र साढ़े सात माह के अल्प समय में ही जमीन में अमल पर आते हुए दिखने और महसूस होने लगे हैं। प्रदेश में प्रथम चरण में 21 लाख किसानों के कृषि ऋण माफ हुये हैं और नरसिंहपुर जिले में 20 हजार 322 किसानों के कृषि ऋण माफ हुये हैं। कृषि ऋण माफी की निर्धारित प्रक्रिया निरंतर चल रही है और शेष कर्ज राशि भी शीघ्र माफ होती जायेगी।
               मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को खाली खजाना मिला था। किसान, नौजवान सहित समाज का हर वर्ग हताशा की स्थिति में था। कृषि, उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्साह और निवेश की कमी हो रही थी। अब राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों से सकारात्मक बदलाव को महसूस किया जाने लगा है। जनता सहित निवेशकों में मध्यप्रदेश के लिए विश्‍वास बढ़ा है। यही विश्‍वास निवेश को आमंत्रित कर रहा है। निवेश को बढ़ाकर नौजवानों को बेहतर रोजगार देकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाया जायेगा और इस बड़ी चुनौती को राज्य सरकार स्वीकार कर चुकी है। राज्य सरकार ने साढ़े सात माह की अल्प अवधि में ही अपनी सकारात्मक नीति और नियत का परिचय दे दिया है।
               मुख्यमंत्री ने कहा कि खाली खजाना मिलने के बाद भी जनकल्याण के कार्यों के लिए वित्त का इंतजाम सरकार ने किया। मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि आज ये दोनों जिले चहुंमूखी विकास के कारण बहुत बदल गये हैं। पहले इन दोनों जिलों में आने वाले लोग आज यहां हुए बड़े परिवर्ततन को स्पष्ट रूप से देखते हैं।
               मुख्यमंत्री ने कहा कि छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर जिलों में सड़कों और अधोसंरचनाओं को उन्नत बनाने के लिए उन्होंने केन्द्र सरकार में मंत्री के रूप में अनेक परियोजनाओं को स्वीकृति दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा मेरा नरसिंहपुर से बहुत गहरा, आत्मीय और पुराना संबंध है। आने वाले समय में नरसिंहपुर विकास का नया इतिहास बनायेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रजापति और विधायकों की सभी मांगों पर राज्य सरकार निर्णय लेकर कार्यों को स्वीकृत कर अमल में लाने का कार्य करेगी।
               विधानसभा अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि जब भी मुख्यमंत्री श्री नाथ से जिले की विकास की चर्चा करने जाता हूं, उसके पहले से ही श्री नाथ के पास जिले के विकास का ब्लू प्रिन्ट रखा होता है। विश्वास के प्रतीक के रूप में स्थापित प्रदेश सरकार मुखिया से उन्होंने नरसिंहपुर में विधि महाविद्यालय, कृषि अभियांत्रिकी महाविद्यालय, बिलथरी- कोठारी नर्मदा नदी पर पुल, डोभी में 30 बिस्तरीय अस्पताल, तेन्दूखेड़ा से सहजपुरा 17 किमी लम्बाई की सड़क निर्माण कराये जाने की माँग रखी। साथ ही जिले में इंडोर स्टेडियम एवं क्रिकेट स्टेडियम की स्वीकृति प्रदान कर जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रदेश पर ही नहीं वरन राष्ट्रीय स्तर पर अपना मुकाम स्थापित करने की सौगात की भी मॉग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। अब निवेशक भी प्रदेश आने के लिये तैयार है। उन्हे उम्मीद ही नही बल्कि पूर्व विश्वास है कि प्रदेश में विकास का पहिया अनवरत चलता रहेगा।
         मध्यप्रदेश शासन के वित्त, योजना एवं सांख्यिकी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री तरूण भनोत ने मंचीय कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतत्व वाली सरकार द्वारा सम्पूर्ण प्रदेश के साथ नरसिंहपुर जिले के विकास के लिए प्राथमिकता के साथ तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिले के सभी क्षेत्रों एवं सभी वर्गो के सर्वांगीण विकास के लिए योजनायें बनाकर विकास की राह में तेजी से कार्य किया जायेगा। जिसमें वित्त की कमी नही होने दी जायेगी। क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को त्वरित निराकरण किया जायेगा।
         प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश के चहॅूमुखी विकास के लिए नई सोच, नई मंशा से कार्य किया जा रहा है। जिससे प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक अच्छी शिक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की पहुंच हो। इस दिशा में तेजी से कार्यवाही की जा रही है। इस दिशा में नरसिंहपुर जिले में 100 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय का भवन का लोकापर्ण एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थियेटर, प्रसव कक्ष, न्यू बोर्न बेबी यूनिट जैसी अत्याधिक सुविधा वाले जिला चिकित्सालय का लाभ गरीब, जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा। उन्होंने अपने उदबोधन में नरसिंहपुर जिला चिकित्सालय में भोपाल, इन्दौर जैसे महानगरों की तरह सर्व सुविधा सुनिश्चित करने का आश्‍वासन दिया, जिसके लिए डॉक्टरों एवं अन्य स्टाफ की पदपूर्ति किये जाने की बात कही।
                पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की इस भूमि से मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ का आत्मीय लगाव पहले से रहा है। नरसिंहपुर जिले के विकास की उनकी यह दिलचस्वी केन्द्र सरकार में मंत्री रहने के दौरान से ही बनी हुई है। इस कार्यकाल में उन्होंने जिले को कई सौगातें प्रदान की थी। वे नरसिंहपुर के विकास को छिन्दवाड़ा के विकास माडल की तर्ज पर करने में सतत् रूप से प्रयासरत है। राज्य सभा सांसद श्री विवेक तन्खा कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उनके द्वारा प्रेषित शुभकामना एवं संदेश का वाचन मंच से किया गया।             
लोकार्पण/ भूमिूपजन
               मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने सोमवार 14 अक्टूबर को मारोह में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्‍न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। जिसमें 10 करोड़ 65 लाख 15 हजार रूपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय चौ. शंकरलाल दुबे जिला चिकित्सालय, 30 करोड़ रूपये लागत से नर्मदा नदी में निर्मित उच्च स्तरीय केरपानी पुल एवं 11 करोड़ 36 लाख 13 हजार रूपये लागत के नर्मदा शॉपिंग काम्पलेक्स के प्रथम चरण में निर्मित दुकानों का लोकार्पण करने के साथ ही लगभग 11 करोड़ रूपये लागत से बनने वाले एस्ट्रोटर्फ एवं हॉकी स्टेडियम, 2 करोड़ 63 लाख रूपये की लागत के केन्द्रीय जेल के निर्माण कार्यों तथा 5 करोड़ 4 लाख रूपये लागत के एनएच 26 से बरमानखुर्द तक सीसी रोड का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ विभिन्‍न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभांवित किया।
         कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण मंत्री श्री लखन घनघोरिया, विधायक तेंदूखेड़ा श्री संजय शर्मा, विधायक गाडरवारा श्रीमती सुनीता पटैल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संदीप पटैल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री मैथिलीशरण तिवारी, पूर्व विधायक श्री दीनदयाल ढिमोले, पूर्व सांसद श्री रामेश्‍वर नीखरा, श्री विनय शंकर दुबे, पूर्व विधायक श्री सुनील जायसवाल, श्री लाखन सिंह पटैल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री देवेन्द्र पटैल, श्री दीवान शैलेन्द्र सिंह, डॉ. संजीव चांदोरकर, चौ. चंद्रशेखर साहू, श्री प्रदीप रघुवंशी, श्री नरेन्र्द राजपूत, श्री प्रीतिराज प्रजापति, श्री नीर प्रजापति, श्री भूपेश शर्मा, श्री सत्यप्रकाश पटैल, श्री राजेन्द्र रघुवंशी, श्री मनोहर साहू, श्री नरेन्द्र अवस्थी, श्री सुधीर लूनावत, श्री अरूण गुप्ता, श्री देवेन्द्र गोस्वामी, श्री रूद्रेश तिवारी, श्रीमती कुसुम साहू, श्रीमती अर्चना राय, श्रीमती मीना शाह, श्रीमती मालती बिलवार, श्रीमती शोभा सिंघई, श्रीमती विमला ठाकुर, श्रीमती सरोज राय, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।
क्रमांक/1859/अक्टूबर-115/जैन

 

मुख्यमंत्री ने शंकाराचार्य श्री स्वारूपानन्द सरस्वती जी महाराज से लिया अर्शीवाद

झौंतेश्‍वर में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी सीसी रोड

बलपुर, 14 अक्टूबर 2019.
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज 14 अक्टूबर को नरसिंहपुर जिले के झौंतेश्वर पहुंचकर जगत गुरू शंकाराचार्य श्री स्वरूपानन्द सरस्वती महाराज जी के दर्शन कर उनसे आर्शिवाद लिया। इस दौरान उन्होंने झौंतेश्‍वर में 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली लगभग 4 किमी लम्बाई की सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया।
               मुख्यमंत्री श्री नाथ ने शंकराचार्य श्री स्वरूपानंद जी महाराज का शाल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया और उनकी कुशल क्षेम पूछी। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने झौंतेश्‍वर के प्रसिद्ध श्रीमाता भगवती राजराजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी मंदिर में पूजा- अर्चना भी की और प्रदेश की सुख- समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
               इस अवसर पर मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नर्मदा प्रसाद प्रजापति, मध्यप्रदेश शासन के वित्त, योजना एवं सांख्यिकी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री तरूण भनोत, प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व सांसद श्री सुरेश पचौरी, लखनादौन विधायक श्री योगेन्द्र सिंह बाबा, गोटेगांव के पूर्व विधायक श्री शेखर चौधरी, जबलपुर संभाग के कमिश्नर श्री राजेश बहुगुणा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण यंत्री श्री जीपी वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
क्रमांक/1860/अक्टूबर-116/जैन

मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने किया जिला चिकित्सालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

जबलपुर,  14 अक्टूबर 2019.
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आज नरसिंहपुर में 10 करोड़ 65 लाख 15 हजार रूपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय चौ. शंकरलाल दुबे जिला चिकित्सालय का लोकार्पण कर जिलावासियों को नई सौगात दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री एनपी प्रजापति, मध्यप्रदेश शासन के वित्त, योजना एवं सांख्यिकी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री तरूण भनोत, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्‍तजन कल्याण मंत्री श्री लखन घनघोरिया, विधायक तेंदूखेड़ा श्री संजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
               मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने लोकार्पण उपरांत नवनिर्मित जिला चिकित्सालय के अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, न्यू बोर्न बेबी यूनिट, प्रसव कक्ष एवं प्रसवोत्तर वार्ड तथा ब्लड बैंक का अवलोकन किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी चौ. शंकरलाल दुबे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा पौधरोपण भी किया।
क्रमांक/1861/अक्टूबर-117/जैन