News.21.09.2019_A


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय-जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में मध्यप्रदेश अव्वल रहेगा - मुख्यमंत्री कमलनाथ
जबलपुर सहित पूरे प्रदेश के विकास का नया इतिहास बनायेंगे
मुख्यमंत्री ने किया सुपर स्पेशिलियटी हॉस्पिटल का लोकार्पण
जबलपुर, 21 सितंबर, 2019
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में आर्थिक निवेश बढ़ने के साथ ही आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी सुधरेगी। जबलपुर में सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल की स्थापना से पूरे महाकौशल अंचल में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधायें मिलने के साथ ही नौजवान चिकित्सकों को अच्छी शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों से वर्तमान में मध्यप्रदेश देश भर में अव्वल स्थान पर है। इसे और उॅंचाईयों तक पहुंचाया जायेगा। मुख्यमंत्री शनिवार को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर परिसर में 150 करोड़ की लागत से नवनिर्मित 220 बिस्तरीय सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश शासन की चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ0 विजय लक्ष्मी साधो, जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह, सामाजिक न्याय मंत्री लखन घनघोरिया, वित्त मंत्री तरुण भानोट, राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा, विधायक विनय सक्सेना, संजय यादव, अशोक मर्सकोले, भूपेन्द्र मरावी भी उपस्थित थे।
      मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर पिछले कुछ समय से उपेक्षित रहा है। संस्कारधानी जबलपुर और पूरे मध्यप्रदेश का सुनियोजित विकास कैसे हो, इसकी रुपरेखा तय करने राज्य सरकार की कैबिनेट की बैठक जबलपुर में लेकर निर्णय लिये गये हैं। वे शीघ्र पूरे भी हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कहा कि हमारी प्राथमिकता नौजवानों का भविष्य और किसानों का कल्याण है। मध्यप्रदेश में अधिकाधिक निवेश हो, जिससे आर्थिक गतिविधियां बढ़ें और प्रदेश के नौजवानों को रोजगार के अवसर मिलें, यही सरकार का लक्ष्य है। उन्होने कहा कि जनता के विश्वास के अनुरुप जबलपुर सहित पूरे मध्यप्रदेश के विकास का एक नया इतिहास मिलजुल कर बनायेंगे। मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने राज्य सभा सदस्य विवेक तन्खा के जन्म दिवस पर उन्हें आमसभा में सार्वजनिक रुप से बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल से पूरे महाकौशल विन्ध्य सहित अनेक क्षेत्रों के गरीब मरीजों को दिल्ली, मुम्बई जैसी उच्चस्तरीय अस्पतालों की उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी। वहीं चिकित्सा जगत के बहुत से नौजवानों को मेडिकल शिक्षा भी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
मध्यप्रदेश शासन की चिकित्सा शिक्षा एवं संस्कृति विभाग मंत्री डॉ0 विजयलक्ष्मी साधो ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतृत्व में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ जरूरतमंदों को आसानी से मिले, इस दिशा की ओर सरकार द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से पिछड़ा माने जाने वाले मध्यप्रदेश को मुख्यमंत्री श्री नाथ के नेतृत्व में नया आयाम मिला है। अब प्रदेश बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भारत वर्ष का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण कर मरीजों को  एम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधा देने के साथ प्रदेश में अच्छे डॉक्टर्स की कमी के लिए एमबीबीएस एवं अन्य मेडिकल पाठ्यक्रम में छात्रों की सीटों में बढ़ोत्तरी की गई है। प्रदेश में 800 मेडिकल सीट को बढ़कर 2000 किया गया। जिसे और बढा़कर 3000 किये जाने की योजना है। जिससे आने वाले समय में सम्पूर्ण प्रदेश के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी की पूर्ति होगी। 150 करोड़ की लागत से संस्कारधानी जबलपुर में निर्मित प्रदेश के पहले सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का लाभ जबलपुर के साथ सम्पूर्ण संभाग के आम जनो को मिलेगा। इस स्पेशलिटी हॉस्पिटल में ह्रदय रोग उपचार एवं न्यूरोलॉजी सहित सभी जटिल ऑपरेशन संभव होंगे। चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी 2022 तक मध्यप्रदेश देश के लिए मिशाल कायम करेगा।
      वित्त मंत्री तरुण भानोट ने कहा कि जबलपुर में मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने कैबिनेट की बैठक लेकर जबलपुर को विकास की सौगात दी है। जिनके निर्णयों के परिपालन में सभी परियोजनाओं के डीपीआर बनकर स्वीकृति की ओर अग्रसर हैं। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ के नेतृत्व में संस्कारधानी जबलपुर को निकट भविष्य में मेट्रो रेल की सौगात मिलेगी। जबलपुर को मेट्रोपॉलिटन सिटी योजना के तहत विकसित करने की कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिये गये हैं। वित्त मंत्री भानोट ने कहा कि मध्यप्रदेश का दूसरा सुपर स्पेशिलिटी कॉलेज भी मेडिकल विश्व विद्यालय जबलपुर के कैम्पस में खोलने के प्रयास भी किये जायेंगे।
मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं निःशक्त जन कल्याण विभाग मंत्री श्री लखन घनघोरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार बेहतर चिकित्सा, शिक्षा एवं रोजगार की उपलब्धता के लिये प्राथमिकता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के पहले सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की आधारशिला संस्कारधानी जबलपुर में रखकर निश्चित रूप से महाकौशल को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के मूर्त रूप में आ जाने से जरूरतमंद मरीजों को नागपुर, दिल्ली की ओर नही जाना होगा। बेहतर चिकित्सा का लाभ उन्हें जबलपुर में ही मिल जाने से मरीजों को सुविधाजनक रूप से स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा।
राज्य सभा सांसद श्री विवेक तन्खा ने कहा कि प्रदेश का सौभाग्य है कि कमलनाथ जैसे योग्य मुख्यमंत्री मिले हैं। मुख्यमंत्री ने जबलपुर सहित पूरे महाकौशल क्षेत्र को विकास की महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था बेहतर हो, महाकौशल क्षेत्र में सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल की सुविधाओं का सपना आज साकार हो रहा है। उन्होने कहा कि अगले 5 वर्षों के भीतर इस तरह के सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों पर पहुंचाने के प्रयास किये जायेंगे। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ0 प्रदीप कसार और पूर्व डीन डॉ0 प्रदीप सक्सेना ने मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह भेंट किये। आभार प्रदर्शन सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर वाय0आर0 यादव ने किया।
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विभिन्न कक्षों का किया भ्रमण
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के नवनिर्मित भवन में शिलापट्टिका अनावरण कर हॉस्पिटल का विधिवत् लोकापर्ण किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल के पांचवीं मंजिल के प्रि-ऑपरेटिव, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड, कैथलैब और ऑपरेशन थियेटर क्रमांक 1 का अवलोकन कर जांच एवं उपचार सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने किये 42 करोड़ 16 लाख की लागत के कार्यों का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने शनिवार को जबलपुर प्रवास के दौरान नेताजी सुभाष चन्द्र बोस चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात 42 करोड़ 16 लाख के शहर विकास संबंधी 13 निर्माण विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों में 2.50 करोड़ लोगत के चेरीताल स्कूल भवन निर्माण, नगर निगम जबलपुर के अमृत योजना के तहत गार्डन विकास, संग्राम सागर 87 लाख, आधारताल 2 करोड़ 40 लाख, आदर्श नगर 78 लाख, त्रिपुरी गार्डन 3 करोड़ 65 लाख, रानी तालाब विकास योजना लागत 7 करोड़, जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के 4 करोड़ 21 लाख लागत के मिनी स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स करियापाथर, फूटाताल, शिवनगर, एक करोड़ लागत का मॉडल कैरियर सेन्टर, 2 करोड़ 50 लाख रुपये लागत का इन्क्यूबेशन सेन्टर उद्योग भवन और 5 करोड़ की लागत से बनने वाले श्रीनाथ तलैया मल्टीलेवल पार्किंग के कार्य शामिल हैं। 
क्रमांक/1650/सितंबर-173/सिंह।।

केन्द्रीय मंत्री श्री कुलस्ते का आगमन आज
जबलपुर, 21 सितंबर, 2019
      केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का रविवार 22 सितंबर की सुबह 7.45 बजे ग्वालियर से रेल मार्ग द्वारा जबलपुर आगमन होगा ।  श्री कुलस्ते यहां कुछ देर रूकने के बाद कार द्वारा डिंडौरी जिले के बरगांव के लिए रवाना होंगे ।  केन्द्रीय इस्पात राज्य मंत्री बरगांव से शाम 6 बजे वापस जबलपुर आयेंगे और रविवार को ही शाम 6.45 बजे वायुयान द्वारा नई दिल्ली प्रस्थन करेंगे ।
क्रमांक/1655/सितंबर-178/जैन