News.30.11.2019_A


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय-जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
नगर विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों को मिलेगी गति
जिला योजना समिति में स्वास्थ्य, गौशाला, आमजन की शिकायतों के निवारण, शुद्ध पेयजल के लिए अनेक निर्णय
जबलपुर 30 नवंबर 2019
      जिला योजना समिति की बैठक में जबलपुर नगर में सुगम यातायात के लिए जरूरी इंतजाम करने, सौंदर्यीकरण, अतिक्रमण हटाने, स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल वितरण पर चर्चा उपरान्त निर्देश दिए गए। नगर विकास के कार्यों-फ्लाईओवरों के निर्माण और अन्य कार्यों पर अमल प्रारंभ करने की समय-सीमा तय की गई। किसानों को मानक स्तर की खाद, बीज, कीटनाशक दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। अमानक आदान सामग्री की बिक्री पर दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
      जिला योजना समिति की बैठक की अध्यक्षता जबलपुर जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह ने की। बैठक में सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण तथा अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री लखन घनघोरिया, वित्त, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री तरूण भनोत, विधायक विनय सक्सेना, विधायक संजय यादव, विधायक अजय विश्नोई जिला योजना समिति के सदस्यगण, कलेक्टर भरत यादव, पुलिस अधीक्षक अमित सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंक मिश्र, अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, अपर कलेक्टर संदीप जीआर तथा जिला प्रमुख अधिकारीगण मौजूद थे।
      जिला योजना समिति की बैठक में वित्त मंत्री श्री भनोत ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जी के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराते हुए नगर विकास के लिए फ्लाईओवरों, सड़क आदि अन्य कार्यों को शीघ्र औपचारिकताएं पूर्ण कर शुरू कराया जाए। इन कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। वित्त मंत्री ने भेड़ाघाट बायपास चौराहा सहित अन्य चौराहों, रेल्वे के चौथे पुल के आसपास सुगम यातायात के लिए अतिक्रमण हटाने और अन्य जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए । उन्होंने खनिजों, रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने और सख्त कार्रवाई करने के लिए तिलवारा पुल सहित अन्य मार्गों को चिन्हित कर पुलिस जवान तैनात कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बड़ी व्यावसायिक इमारतों, शापिंग काम्पलेक्स परिसर की पार्किंग की जगह का उपयोग अन्य कार्यों के लिए करने पर दोषियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि शहर के नौ चौराहों का माडीफिकेशन कर उनमें सुधार लाया जा रहा है। ट्रेफिक सिग्नल, लेफ्ट टर्न व्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम, पुलिस, राजस्व विभाग की टीम मिलकर कार्य करेगी। सुपर मार्केट क्षेत्र में रात्रिकालीन बाजार लगाने के गत बैठक में हुए निर्णय का प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होने पर असंतोष व्यक्त करते कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ओमती-घंटाघर के समीप डिवाइडर और अतिक्रमण हटाने और यातायात सुगम बनाने के निर्देश दिए।
      सामाजिक न्याय मंत्री श्री घनघोरिया ने शहर में जगह-जगह घूमते सुअर और आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की। मंत्रीगणों ने निर्देश दिए कि समाचार पत्रों में विज्ञापन, समाचार प्रकाशित कर सुअर तथा गौवंशीय पशुपालकों से अपील की जाए कि अपने पशुओं को खुला नहीं छोड़े। उन्हें उनके लिए निर्धारित वाड़े में रखें। निर्देश दिए गए कि यदि कहीं सुअर, पशु आवारा घूमते पाएं जाएं तो नागरिक उपलब्ध कराए गए टोल फ्री नंबर पर सूचित करें और इन पशुओं के स्वामियों पर जुर्माना के साथ अन्य दण्डात्मक कार्रवाई की जाए। शहर में बंदरों की संख्या भी बढ़ती जा रही है अत: इन्हें पकड़ने वाली टीम बुलाई जाए।
      बैठक में कृषकों की समस्या, खाद-बीज उपलब्धता-गुणवत्ता, धान खरीदी के संबंध में चर्चा हुई। निर्देश दिए गए अमानक आदान सामग्री की ‍बिक्री पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। बताया गया कि जिले में उर्वरक का पर्याप्त भण्डारण है। शासन के निर्देशानुसार 70 प्रतिशत यूरिया कोआपरेटिव के माध्यम से वितरित किया जाएगा। कलेक्टर को इस संबंध में व्यापक अधिकार दिए गए हैं। यदि यूरिया की दिक्कत हुई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि उपार्जन में आने वाली विभिन्न समस्याओं के निराकरण और सुव्यवस्था के लिए शासन द्वारा व्यापक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर को अधिक अधिकार दिए गए हैं। निर्धारित गुणवत्ता की धान ही उपार्जन में क्रय की जाए।
      बैठक में कृषकों की सिंचाई पम्पों की विद्युत बिल की समस्या, सिंचाई के लिए विद्युत आपूर्ति आदि अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई। बिजली शिविर में अपने आवेदन लिखने में असमर्थ उपभोक्ताओं के आवेदन लिखने आवेदन लेखकों को शिविर स्थल पर बैठाने के निर्देश दिए गए।
      आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक आयोजित आठ शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण पर चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए यह योजना शासन की प्राथमिकता में शामिल है अत: शिविर आयोजन की सूचना आसपास की 15 से 20 ग्राम पंचायतों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को दी जाए। स्थानीय विधायक को प्राप्त और निराकृत आवेदनों के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की जाए।
      सीएम हैल्पलाइन के प्रकरणों के संबंध में स्थानीय विधायक को जानकारी दी जाए। ग्राम पंचायतों द्वारा कराए गए निर्माण आदि कार्यों से संबंधित शिकायतों की जांच एक माह में पूरी कर ली जाए।
      स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत आयोजित शिविरों में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों के साथ मेडिकल कालेज चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं लेने का निर्णय लिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के चिकित्सालयों से स्थानांतरित चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ को तभी कार्यभार से मुक्त किया जाए जब उनके स्थान पर स्थानांतरण से आए चिकित्सक व स्टाफ सदस्य ज्वांइन कर ले। या वैकल्पिक व्यवस्था हो जाए।  
      बैठक में शहपुरा चिकित्सालय को प्रदत्त एम्बुलेंस को संचालित करने, पाटन चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सक की उपस्थिति के दिनों को बढ़ाने, बरेला हॉस्पिटल में स्थानान्तरण से रिक्त पदों पर व्यवस्था के निर्देश दिये गये । कटंगी-शहपुरा में एक्स-रे मशीन की स्थापना के प्रस्ताव सहित जिले में जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर चिकित्सा उपकरणों की पूर्ति, दवा आपूर्ति, निर्माण कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिये गये ।
     जिला चिकित्सालय विक्टोरिया के लिये स्वीकृत 500 बिस्तर अस्पताल भवन के निर्माण की प्रक्रिया तेज करने निर्देश दिये गये ।  बताया गया कि पी.आई.यू. ने डी.पी.आर. प्रस्तुत कर दिया है ।  मोतीनाला अस्पताल के विस्तार और जीर्णोद्धार पर चर्चा हुई ।  बताया गया कि प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है ।
     प्रभारी मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि मिशन इन्द्रधनुष के तहत सघन टीकाकरण अभियान संचालित किया जायेगा ।  शेष बच्चों का टीकाकरण होगा ।  शिविरों के संबंध में जनप्रतिनिधियों को सूचना देने के निर्देश के साथ उनसे शिविर में उपस्थित होने की अपील की गई।
     जिला पंचायत अन्तर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रियंक मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री गौ सेवा योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 23 गौशालाओं के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया है ।  हर ब्लाक में एक गौशाला शीघ्र पूर्ण करने का लक्ष्य बनाया गया है ।  चयनित गौशालाओं की संख्या 34 है ।  प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिये जबलपुर में गौ अभ्यारण्य के लिये जगह सुरक्षित करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है ।  इसके लिये स्थल चयन कर प्रस्ताव भेजे । वित्त मंत्री ने निर्देश दिये कि वर्तमान में स्थापित अच्छी गौशालाओं का विस्तार भी किया जा सकता है ।  उन्हें सुविधा सम्पन्न बनाया जा सकता है ।  उन्होंने प्रमुख औद्योगिक संस्थानों का आव्हान किया कि वे भी गौशाला स्थापना, गौपालन में सहभागिता प्रदान करें ।
बैठक में नगर निगम द्वारा पाइप लाइनों के माध्यम से वितरित हो रही जलापूर्ति के संबंध में कहा गया कि नगर के कुछ क्षेत्रों में पेयजल पाइप लाइनें नालो-नाली से होकर जाती हैं ।  समय के साथ इनमें क्षरण होता है और उनमें सूक्ष्म सुराक हो जाते हैं जिससे हानिकारक वैक्टीरिया और तत्व पेयजल में मिल जाते हैं । इस समस्या को प्रभारी मंत्री प्रियव्रत सिंह और वित्त मंत्री श्री भनोत ने गंभीर बताते हुए कहा कि नगर निगम के अधिकारी जनप्रतिनिधि के साथ ऐसे स्थलों का भ्रमण कर रिपोर्ट दें तथा समस्या समाधान के उपाय करें ।
     वित्त मंत्री श्री भनोत ने कहा कि भेड़ाघाट में आयोजित होने वाले नर्मदा महोत्सव तथा नर्मदा के तट पर आयोजित होने वाले नर्मदा कुंभ को शासन के संस्कृति विभाग की सूची में शामिल कर पर्याप्त वित्तीय मदद दिलाने के लिये प्रयास किये जा रहे हैं ।  उन्होंने शीघ्र ही इस आशय का प्रस्ताव तैयार कर राज्य शासन को भेजने के निर्देश दिये ।
     बैठक में बताया गया कि बच्चों से लेकर वयस्क व्यक्ति भी निराश्रित और गरीबी होने के कारण अपराध में संलग्न हो जाते हैं ।  इसकी रोकथाम के लिये मानव आश्रम खोले जाने चाहिये ।  प्रभारी मंत्री ने प्रस्ताव तैयार कर राज्य शासन को भेजने निर्देश दिये ।
     कलेक्टर ने कहा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्रता संबंधी सर्वे चल रहा है। इसमें अपात्रों को सूची से अलग कर मात्र हितग्राहियों को शामिल किया जायेगा। इसे जनप्रतिनिधियों की जानकारी में लाने तथा उनके सक्रिय सहयोग की अपील की गयी ।
     बैठक में जबलपुर दमोह मार्ग के मरम्मत योग्य होने तथा टोल टैक्‍स वसूली पर चर्चा हुई। निर्णय हुआ कि निर्माण और मरम्मत के नये एग्रीमेंट होने तक टोल वसूली बंद होनी चाहिये ।  
क्रमांक/2324/नवम्बर-317/खरे॥

जिला पेंशन फोरम की बैठक 4 दिसम्बर को
जबलपुर 30 नवंबर 2019
      संभागीय पेंशन अधिकारी सुरेश कतिया ने सूचित किया है कि जिला पेंशन फोरम की बैठक 4 दिसम्बर को सायं 4 बजे कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर भरत यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई है।
क्रमांक/2325/नवम्बर-318/खरे॥

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक तीन दिसम्बर को
जबलपुर 30 नवंबर 2019
      जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक तीन दिसम्बर को दोपहर तीन बजे कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर भरत यादव करेंगे।
क्रमांक/2326/नवम्बर-319/खरे॥

News.29.11.2019_B


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय-जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
तीन दिवसीय ओशो महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न
जबलपुर की ख्याति के अनुरूप हो व्यवस्थायें-कलेक्टर
11 दिसंबर से होगा ओशो महोत्सव का आयोजन
देश-विदेश के ओशो भक्त होंगे शामिल
जबलपुर, 29 नवंबर, 2019
      आचार्य रजनीश की कर्मस्थली रहे जबलपुर में उनके जन्म दिवस पर 11 दिसंबर से तीन दिवसीय ओशो महोत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशासन के अधिकारियों एवं ओशो के अनुयायियों की बैठक संपन्न हुई । कलेक्टर श्री भरत यादव ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए जबलपुर की ख्याति के अनुरूप ओशो महोत्सव के भव्य और गरिमामय आयोजन के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं ।
      बैठक में बताया गया कि आचार्य रजनीश के जन्म दिवस पर 11, 12 और 13 दिसंबर को ओशो महोत्सव का आयोजन राज्य शासन के आध्यात्म विभाग द्वारा जिला प्रशासन एवं जबलपुर टूरिज्म प्रमोशन काउंसिल के सहयोग से तरंग आडिटोरियम में किया जायेगा ।  राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में ओशो भक्त शामिल होंगे ।  इसके साथ ही ख्यातिलब्ध साहित्यकार, कथाकार, संगीतकार, पटकथा लेखक, फिल्म निर्माता एवं निर्देशक तथा कविगण भी ओशो महोत्सव में शामिल होंगे तथा ओशो के विचारों पर आधारित गोष्ठियों में भाग लेंगे ।  ओशो महोत्सव के दौरान तरंग आडिटोरियम के समीप एमपीईबी के पाण्डुताल मैदान पर प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जायेंगे ।  महोत्सव के दौरान ओशो ट्रेल का आयोजन भी होगा ।
      कलेक्टर श्री यादव ने बैठक में ओशो महोत्सव में शामिल होने जबलपुर आने वाले सभी अतिथियों के लिए ठहरने, भोजन एवं आवागमन की समुचित व्यवस्थायें करने के निर्देश दिये । उन्होंने ओशो महोत्सव को जबलपुर एवं इसके आसपास के ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों से भी जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया । ताकि आचार्य रजनीश से जुड़े स्थलों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले ओशो भक्त जबलपुर के ऐतिहासिक स्थलों एवं प्राकृतिक सौंदर्य का भी अवलोकन कर सकें और जबलपुर की अच्छी छवि लेकर यहां से वापस जायें ।
      श्री यादव ने बैठक में आयोजन स्थल के आसपास साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिये ।  उन्होंने जबलपुर सहित प्रदेश के सभी प्रमुख शहरों में ओशो महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की बात भी कही ।  श्री यादव ने बैठक में मौजूद ओशो भक्तों से महोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्रशासन के अधिकारियो से निरंतर संपर्क में रहने तथा व्यवस्थाओं में सहयोग करने का आग्रह किया ।  उन्होंने कहा कि ओशो महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले ओशो भक्तों, ख्यातिलब्ध कलाकारों एवं विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन की सूचना समय रहते प्रशासन को दे दी जाये ताकि उनकी गरिमा के अनुरूप आवागमन एवं ठहरने की व्यवस्थायें की जा सकें ।  कलेक्टर ने ओशो महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जबलपुर के ओशो अनुयायियों से स्वागत, परिवहन, आवास, भोजन व्यवस्था के लिए अलग-अलग समितियां गठित करने की बात भी कही ।
      बैठक में जिला पंचायत के सीईओ प्रियंक मिश्रा, अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश त्रिपाठी, नगर निगम के अपर आयुक्त रोहित कौशल, जेटीपीसी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत सिंह एवं जबलपुर होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद थे ।
क्रमांक/2317/नवम्बर-310/जैन

मदन महल पहाड़ी को हरा-भरा बनाने कदम संस्था भी निभायेगी भागीदारी
संस्था के पच्चीस वर्ष होने पर 19 जनवरी को रोपे जायेंगे
दो हजार से अधिक पौधे
जबलपुर, 29 नवंबर, 2019
      पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करने वाली कदम संस्था मदन महल पहाड़ी को हरा-भरा बनाने में भी सहभागी बनेगी ।  कदम संस्था अपनी स्थापना के पच्चीस वर्ष होने पर 19 जनवरी को स्मार्ट सिटी के सहयोग से मदन महल की पहाड़ी पर पौधारोपण का कार्यक्रम आयोजित करेगी ।  संस्था ने कार्यक्रम में दो हजार से अधिक पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है ।
      खास बात यह होगी कि कदम संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ये पौधे उन व्यक्तियों के द्वारा लगाये जायेंगे जिनका 19 जनवरी को जन्मदिन होगा । ये सभी मदन महल पहाड़ी पर एकत्र होकर सुबह 10 बजे एक साथ पौधे रोपेंगे ।
      कदम संस्था द्वारा मदन महल पहाड़ी पर पौधारोपण के कार्य में सहभागी      का प्रस्ताव आज जबलपुर स्मार्ट सिटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री भरत यादव को सौंपा गया । इस मौके पर संस्था के पदाधिकारियों ने श्री यादव को पर्यावरण को बचाने की दिशा में किये गये कार्यों की जानकारी दी और मदन महल पहाड़ी पर 19 जनवरी को आयोजित किये जा रहे पौधारोपण कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया ।  पत्र में बताया गया कि 19 जनवरी को जन्में व्यक्ति द्वारा एक साथ पौधा रोपने का यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा । एक साथ दो हजार से अधिक व्यक्तियों द्वारा जन्म दिवस पर पौधे रोपने का यह एक विश्व रिकार्ड भी हो सकता है ।
      कलेक्टर श्री यादव ने कदम संस्था के पौधारोपण के इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन और स्मार्ट सिटी ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया । उन्होंने मदन महल पहाड़ी को हरा-भरा बनाने में सहयोगी बनने के लिए कदम संस्था की तारीफ की । श्री यादव ने 19 जनवरी को जन्में हर व्यक्ति से मदन महल पहाड़ी पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होकर पौधा रोकने की अपील भी की ।
क्रमांक/2318/नवम्बर-311/जैन

किसानों से पराली न जलाने की अपील
जबलपुर 29 नवंबर 2019
      कृषि विभाग द्वारा किसानों से खेतों में पराली (नरवाई) न जलाने की अपील की गई है। जिले में धान की कटाई अधिकाशत: कटाई कम्बाइंड हार्वेस्टर से होने के कारण खेत में शेष बची पराली किसानों द्वारा जला दी जाती है जबकि प्रदेश के विभिन्न जिलों तथा अन्य प्रदेशों में पराली का प्रयोग पशुओं के वैकल्पिक आहार के रूप में किया जाता है। पशुओं को खेतों में पर्याप्त मात्रा में पराली न मिलने से वह पालीथिन खाते हैं और उनकी मृत्यु हो जाती है। धान की कटाई के दो-तीन माह बाद यही पराली दोगुनी कीमत में विक्रय की जाती है।
      उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास एसके निगम के मुताबिक धान की पराली खेतों में जलाने से मिट्टी की उर्वरक क्षमता कम होती है तथा पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। साथ ही आग लगाने के कारण कई गंभीर अग्नि दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं जिससे सम्पत्ति का भी बड़े स्तर पर नुकसान हुआ है। ग्रीष्म ऋतु में जल संकट उत्पन्न होने का भी यह एक महत्वपूर्ण कारण है।
      उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे धान की पराली न जलाएं। खेत की आग अनियंत्रित होने से जन, धन, सम्पत्ति, प्राकृतिक वनस्पति एवं जीव जन्तु नष्ट होते हैं जिससे काफी नुकसान होता है। खेत में आग लगाने से मिट्टी में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले लाभकारी सूक्ष्म जीवाणु नष्ट हो जाते हैं जिससे मिट्टी उर्वरा शक्ति कम होती है और उत्पादन प्रभावित होता है। खेतों में कचरा सड़ने से वह खाद में परिवर्तित होकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाती है। आग जलाने से हानिकारक गैसों का उत्सर्जन होता है और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जिला प्रशासन ने कृषकों से जीरो टिलेज सीड ड्रिल से बोनी करने एवं कस्टम हायरिंग सेंटर से आवश्यक यंत्रों का उपयोग करने की अपील की है। जीरो टिलेज सीड ड्रिल के उपयोग से जहां एक ओर कृषक की लागत कम होती वहीं खेतों में उपलब्ध नमी का भी उपयोग होता। 
क्रमांक/2319/नवम्बर-312/जैन॥

फोटो कैप्सन
जबलपुर आगमन पर प्रभारी मंत्री से कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने सौजन्य भेंट की।

सभी जिलों में लागू करें "आयुष्मान मध्यप्रदेश" योजना : मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ

सेवारत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा योजना शीघ्र बनाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने की "आयुष्मान मध्यप्रदेश" योजना की समीक्षा

जबलपुर 29 नवंबर 2019
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने 'आयुष्मान मध्यप्रदेश'' योजना का प्रदेश के सभी जिलों में विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि सबको समय पर निकटतम स्वास्थ्य केन्द्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। श्री कमल नाथ आज मंत्रालय में 'आयुष्मान मध्यप्रदेश' योजना की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचे, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि योजना में प्रत्येक जिले के निजी अस्पतालों को संबंद्ध करने के लिए राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के जरिए उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले अस्पतालों को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए मार्गदर्शिका बनाई जाए। उन्होंने कहा कि जिन चिकित्सालयों को इस योजना में शामिल किया गया है, उन पर सतत् निगरानी रखी जाए, जिससे कोई गड़बड़ी हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि गड़बड़ी करने वाले चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने सभी योग्य हितग्राहियों को अगले 6 माह में गोल्डन कार्ड दिए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने सेवानिवृत्त एवं सेवारत शासकीय कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का प्रारूप शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत 'निरामयम्' योजना में हितग्राहियों के उपचार में रही कठिनाईयों को ध्यान में रखते हुए शासकीय अस्पतालों के लिए आरक्षित पैकेजेस पर पुनर्विचार करने को कहा।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने स्वास्थ्य विभाग को मलेरिया, एलिमिनेशन डिमॉन्ट्रेशन प्रोजेक्ट, मॉडल कॉम्प्रीहेन्सिव अबॉर्शन केयर सर्विस एवं टी.बी. के मरीजों की रीयल टाइम मॉनिटिरिंग एप के लिए मिले पुरस्कार और खाद्य एवं औषधि प्रशासन को मिले डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवार्ड से अवगत कराया।
प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. पल्लवी जैन गोविल ने बताया कि 'आयुष्मान भारत मध्यप्रदेश'' योजना में 1 करोड़ 31 लाख कार्ड बनाए गए हैं। इस योजना में अब तक 1 लाख 75 हजार लोगों के दावे प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1 लाख 18 हजार लोगों को इलाज के लिये 157.11 करोड़ रुपए भुगतान किया गया है। योजना में 257 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। इलाज के लिए 98 निजी एवं 339 शासकीय अस्पतालों का पंजीयन किया गया है।
बैठक में मुख्य सचिव श्री एस.आर. मोहन्ती, आयुक्त स्वास्थ्य श्री प्रतीक हजेला और आयुष्मान भारत निरामयम् के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. जे. विजय कुमार उपस्थित थे।
क्रमांक/2320/नवम्बर-313/जैन॥

नदी पुनर्जीवन योजना में शामिल की गई कन्हान नदी
मनरेगा में किये जा रहे 285 करोड़ के नदी पुनर्जीवन कार्य
जबलपुर 29 नवंबर 2019
छिन्दवाड़ा जिले के संतरांचल में प्रदूषण कम करने के लिए जिला पंचायत द्वारा नदी पुनर्जीवन योजना में कन्हान नदी को शामिल किया गया है। इस योजना में नदी के प्रवाह को अविरल किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर कम होगा।
महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना (मनरेगा)के अन्तर्गत कन्हान नदी के पुनर्जीवन कार्य को प्राथमिकता से कराया जा रहा है। यह नदी जुन्नादेव से परासिया, मोहखेड़ एवं सौंसर क्षेत्र में बहती है, जिसकी लंबाई 90.45 किलोमीटर है। इसके क्षेत्र में कुल 243 गांव और 67 ग्राम पंचायतें हैं। इन क्षेत्रों में लगभग 285 करोड़ की लागत से कुल 12,042 कार्य कराए जा रहे हैं।
नदी पुनर्जीवन के लिये 1894 कार्य स्वीकृत हो गए हैं। इन कार्यो में नदी के आस-पास के क्षेत्रों में गली प्लग, कन्टूर ट्रेंच, मेढ़ बंधान, गैबियन स्ट्रक्चर, तालाब, खेत, कूप आदि का निर्माण कराया जा रहा है। इन कार्यों से करीब 12 हजार किसान लाभांवित होंगे। योजना में नदी की जल संग्रहण क्षमता 2658 हजार घनमीटर किया जाना प्रस्तावित है। इससे 7399 हेक्टेयर क्षेत्र में अतिरिक्त सिंचाई क्षमता निर्मित होगी। सभी कार्य रिच-टू-वैली के सिद्धान्त पर विभिन्न चरणों में कराए जा रहे हैं।
क्रमांक/2321/नवम्बर-314/जैन॥

एफएक्यू गुणवत्ता के धान उपार्जन के लिये निर्धारित तिथि में वृद्धि
जबलपुर 29 नवंबर 2019
राज्य शासन ने खरीफ विपणन मौसम वर्ष 2019-20 में एफएक्यू गुणवत्ता का धान उपार्जित करने के उद्देश्य से उपार्जन प्रारंभ करने की तारीख को 25 नवम्बर से बढ़ाकर 2 दिसम्बर, 2019 कर दिया है। खाद्य-नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेश में निरंतर वर्षा होने से धान में नमी का अंश भारत सरकार द्वारा निर्धारित एफएक्यू की सीमा से अधिक हो गया था। इस कारण उपार्जन शुरू करने की तारीख बढ़ाई गई है।
क्रमांक/2322/नवम्बर-315/जैन॥

जल गुणवत्ता के मानदण्डों में मध्यप्रदेश अव्वल
जबलपुर 29 नवंबर 2019
भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा प्रयोगशालाओं में जल गुणवत्ता के लिये निर्धारित मानदण्डों की जाँच में प्रदेश को मानकों की जाँच और मानक सीमा के अंतर्गत आईएस 10500-2012 के तहत प्रदेश को प्रथम रैंकिंग मिली है। प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी श्री संजय कुमार शुक्ला ने जल सहायता संगठन के जल गुणवत्ता अनुश्रवण और निगरानी कार्यक्रम के अंतर्गत किये गए कार्यों की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने जल गुणवत्ता की जाँच के कार्य में जनसाधारण और सामाजिक संस्थाओं को आगे लाने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि इससे प्रयोगशालाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी। श्री शुक्ला ने जल परीक्षण प्रयोगशालाओं के अमले की इस उपलब्धि पर बधाई दी।
प्रमुख सचिव श्री शुक्ल ने प्रदेश की सभी प्रयोगशालाओं को एन..बी.एल. (नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एण्ड केलिब्रेशन लेबोटरीज) के अंतर्गत लाने के लिये विभागीय तकनीकी अमले को सार्थक प्रयास करने के लिये कहा। उन्होंने रतलाम जिले की प्रयोगशाला को एक्रेडिटेशन प्राप्त करने पर बधाई दी। श्री शुक्ला ने प्रमुख अभियंता श्री सी.एस. संकुले को सभी प्रयोगशालाओं में केमिकल, ग्लासवेयर और आवश्यक उपकरण प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
मापदण्ड पूरा करने वाली प्रयोगशाला अर्जित करें लक्ष्य
प्रमुख सचिव को बताया गया कि 25 नवम्बर, 2019 को लेबोटरी रैंकिंग के मामले में 10 जिलों ने निर्धारित लक्ष्य को पूरा नहीं किया है। प्रमुख सचिव ने प्रयोगशाला के केमिस्टों को हिदायत दी कि निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त किया जाए।
प्रमुख सचिव ने प्रदेश में कार्यरत 155 जल परीक्षण प्रयोगशालाओं से आए केमिस्ट्स और सहायक केमिस्ट्स से कहा कि स्वच्छ जल सभी को मिले, यह विभाग की अहम जिम्मेवारी है। इसके लिये जल स्रोतों की समय-समय पर जाँच कर जल गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
इस अवसर पर प्रमुख अभियंता सलाहकार श्री के.के. सोनगरिया, संचालक श्री व्ही.एस. सोलंकी सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
क्रमांक/2323/नवम्बर-316/जैन॥