NEWS -01-03-2021-B

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

      रेडक्रॉस के आजीवन सदस्यों की सूची पर दावा-आपत्ति 15 तक आमंत्रित

जबलपुर, 01 मार्च 2021

इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा की आगामी आमसभा हेतु रेडक्रॉस सोसायटी के समस्त आजीवन सदस्यों की अद्यतन सूची रेडक्रॉस कार्यालय के सूचना पटल पर चस्पा की गई है। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के सभी आजीवन सदस्य सूची का अवलोकन कर 15 मार्च तक दावा-आपत्ति रेडक्रॉस कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं।

क्रमांक/861/मार्च-06/मनोज

 आदि गुरू शंकराचार्य के अद्वैत दर्शन में सनातन संस्कृति का दर्शन समाहित

जबलपुर, 01 मार्च 2021

आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास, संस्कृति विभाग एवं मप्र जन अभियान परिषद के सहयोग से आयोजित 29वीं आचार्य शंकर व्याख्यानमाला का ऑनलाईन आयोजन रविवार को किया गया। जिसमें व्याख्यानमाला में मनन आश्रम, भरूच के संस्थापक आचार्य स्वामी तद्रूपानंद सरस्वती का स्थितप्रज्ञ दर्शन विषय पर रविवार को सुबह 09 बजे फेसबुक एवं यूटयूब के माध्यम से प्रबोधन प्रसारण हुआ।

स्वामी जी ने कहा कि दो महाकाव्य और चार महावाक्य में सम्पूर्ण सनातन संस्कृति का दर्शन परिलक्षित होता है। इसकी व्याख्या करते हुए स्वामी ने स्पष्ट किया कि दर्शन का अर्थ होता है जानना, न कि देखना। स्वामीजी ने कहा कि भगवत गीता के कृष्णार्जुन संवाद में स्थितप्रज्ञ की परिभाषा दी गई है। अर्जुन श्री कृष्ण से स्थितप्रज्ञ व्यक्ति के लक्षण पूछते हैं, जिसका उत्तर देते हुए भगवान कहते हैं कि जब साधक समस्त वासनाओं का त्याग कर देता है और अपने से अपने में संतुष्ट रहता है, तब वह स्थितप्रज्ञ कहा जाता है। स्वामीजी ने बताया कि अनासक्ति और इच्छाओं के त्याग के द्वारा ही मनुष्य दुखों के बंधन से और अज्ञान से मुक्त हो पाता है। ऐसी स्थिति में ही उसे आत्म-स्वरूप को जानने की जिज्ञासा प्रबल होती है। इसके लिए श्रवण, मनन और निदिध्यासन का मार्ग अपनाना चाहिए। जिसने ज्ञानाग्नि में अपनी इच्छाओं को भस्म कर दिया है तथा जो आत्म-स्वरूप में स्थित है, वही स्थितप्रज्ञ है।

प्रबोधनकर्ता स्वामी तद्रूपानंद सरस्वती मनन आश्रम, भरूच के संस्थापक आचार्य हैं उपनिषद, ब्रहमसूत्र, श्रीमदभगवत गीता एवं आचार्य शंकर रचित प्रकरण ग्रन्थों पर स्वामीजी की टीका अंग्रेज़ी, हिन्दी, गुजराती एवं मराठी भाषा में उपलब्ध है। स्वामीजी ने देश-विदेश में अनेक ज्ञानयज्ञ एवं वेदान्त शिविरों के माध्यम से वेदान्त का प्रचार-प्रसार किया है।

आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास द्वारा आदिगुरु शंकराचार्य और अद्वैत वेदान्त दर्शन के लोकव्यापीकरण के लिए प्रतिमाह आदि गुरू शंकराचार्य के अद्वेवत दर्शन पर आधारित अलग-अलग विषयों पर इस व्याख्यानमाला का आयोजन किया जाता है। व्याख्यान माला को और अधिक लोकव्यापी बनाने तथा आदि गुरु शंकराचार्य के अद्वैत दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मप्र जन अभियान परिषद को सहयोगी संस्था बनाया गया है इस परिपेक्ष्य में जन अभियान परिषद जबलपुर द्वारा पूर्व में गठित प्रस्फुटन समितियों, सामुदायिक विकास क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्रो, स्वैच्छिक संगठनों बौधिक जनों तथा बड़ी संख्या में आम जन को ऑनलाइन व्याख्यान माला में भागीदार करवाया गया।

क्रमांक/862/मार्च-07/मनोज


आयुक्त नि:शक्तजन ने लगवाया टीका

लोगों से भ्रांतियों में न आने की अपील 

जबलपुर, 01 मार्च 2021

कोविड-19 टीकाकरण के द्वितीय चरण का शुभारंभ एक मार्च को हुआ। आयुक्त निःशक्तजन मध्यप्रदेश श्री संदीप रजक ने जबलपुर के जिला चिकित्सालय में कोविड टीका लगवाया। आयुक्त श्री रजक को हाइपरटेंसन कोमोरबिटीज है। श्री रजक ने कहा कि नागरिक टीकाकरण के विरूद्ध फैलाई जा रही किसी भी भ्रांति में न आएं और आगे बढ़कर अपनी पारी आने पर अवश्य टीकाकरण करवाएं। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस.एस. दाहिया, नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश वर्मा, कंट्रोल रूम प्रभारी विजय पाण्डेय उपस्थित थे।

क्रमांक/863/मार्च-08/मनोज

 बिजली कर्मियों से मारपीट पर होगी एफ.आई.आर 

जबलपुर, 01 मार्च 2021

बिजली के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ ड्यूटी के दौरान होने वाली मारपीट/दुर्व्यवहार की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने तुरन्त एफ.आई.आर. कराने के निर्देश दिए हैं।

कंपनी ने कहा है कि प्राय: देखने में आ रहा है कि बिजली कर्मियों पर ड्यूटी के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा मारपीट, दुर्व्यवहार किया जा रहा है। ऐसी घटनाएँ विद्युत अधिकारियों, कर्मचारियों का मनोबल गिराती हैं। इसलिए कंपनी के कार्यक्षेत्र में कार्यरत सभी नियंत्रणकर्ता अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि मैदानी अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ होने वाली दुर्व्यवहार या मारपीट की घटनाओं को पूरी गंभीरता से लिया जाए।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों/कर्मचारियों से दुर्व्यवहार या मारपीट के मामलों को शासकीय कामकाज में बाधा डालने के तौर पर लिया जाकर तुरन्त कानूनी कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। कंपनी ने कहा है कि चालू रबी सीजन में िबजली आपूर्ति की विषम परिस्थिति में निष्ठापूर्वक काम कर रहे अधिकारियों, कर्मचारियों का मनोबल नीचा करने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जा सकती है। कंपनी ने मैदानी अधिकारियों, कर्मचारियों से कहा है कि विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जिले के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक से संपर्क कर किसी भी अप्रिय स्थिति में उनसे आवश्यक सहयोग प्राप्त करें। इस संबंध में मैदानी महाप्रबंधकों, उपमहाप्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने कार्यक्षेत्र में विगत 5 वर्ष में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट (घातक/अघातक) मामलों में पुलिस थाने में दर्ज, कोर्ट में विचाराधीन मुकदमों की समीक्षा करें।

क्रमांक/864/मार्च-09/मनोज

 कोविड- 19 टीकाकरण के दूसरे चरण में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने टीका लगवाया 

जबलपुर, 01 मार्च 2021

कोविड-19 टीकाकरण के दूसरे चरण के पहले दिन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने जयप्रकाश जिला चिकित्सालय स्थित टीकाकरण केन्द्र पर टीका लगवाया। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य श्री मोहम्मद सुलेमान ने टीकाकरण का पहला डोज लेने का सर्टिफिकेट स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी को सौंपा।

दूसरे चरण में 60 वर्ष से अधिक आयु और 45 से 59 वर्ष आयु के चिन्हित गंभीर बीमारियों वाले व्यक्तियों के लिए कोविड-19 टीकाकरण अभियान सोमवार एक मार्च से शुरू हुआ है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने 60 वर्ष से अधिक आयु समूह में आने पर आम व्यक्तियों की लाइन में लगकर टीकाकरण करवाया। टीकाकरण के बाद ऑब्जर्वेशन कक्ष में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि उन्हें सुखद अनुभूति हो रही है। टीकाकरण का पहला डोज लेने के बाद उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई।

क्रमांक/865/मार्च-10/मनोज

 

NEWS -01-03-2021-A

 

संभागीय जनसम्पर्क कार्यालय जबलपुर

मध्य प्रदेश शासन

समाचार

औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं पर बैठक कर कमिश्नर ने दिए आवश्यक निर्देश

जबलपुर, 01 मार्च 2021

      कमिश्नर श्री बी चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आज औद्योगिक क्षेत्र रिछाई और आधारताल के शुल्क संबंधी विषयों को लेकर कमिश्नर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संदीप जी. आर., मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्मार्ट सिटी श्री आशीष पाठक, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में कहा गया कि औद्योगिक क्षेत्र में नगर निगम द्वारा जो सेवाएं नहीं दी जा रही हैं उनके शुल्क ना लिया जाए। उनमें मुख्य रूप से मलबा शुल्क, जल शुल्क आदि है। इसके साथ ही कर्मकार संनिर्माण योजना अंतर्गत अब निर्माण के दौरान कुल निर्माण की लागत का निर्धारित प्रतिशत के आधार पर शुल्क लिया जाएगा साथ ही वाटर हार्वेस्टिंग शुल्क भी नगर निगम के माध्यम से जमा किया जाएगा। औद्योगिक क्षेत्रों में विकास शुल्क व अनुज्ञा शुल्क जीएमडीसी के माध्यम से लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में कमिश्नर श्री चंद्रशेखर ने आईटी पार्क के समस्याओं पर भी चर्चा कर उनके उचित समाधान करने के निर्देश दिए।

क्रमांक/856/मार्च-01/उइके

नगरीय निकायों को 32 करोड़ आवंटित 

जबलपुर, 01 मार्च 2021

संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा 378 नगरीय निकायों को 32 करोड़ एक लाख 32 हजार रूपये आवंटित किये गए हैं। यह राशि नगरीय निकायों के कर्मचारियों के वेतन, विद्युत देयक और आडिट फीस के लिए उपयोग की जा सकेगी।

क्रमांक/857/मार्च-02/मनोज

 मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समन्वय समिति गठित 

जबलपुर, 01 मार्च 2021

राज्य शासन ने प्रदेश में रेलवे प्रकरणों एवं परियोजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में समन्वय स्थापित करने के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समन्वय समिति का गठन किया है।

अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव परिवहन समिति में सदस्य सचिव होंगे। समन्वय समिति में अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव  लोक निर्माण, ऊर्जा, राजस्व एवं वन और महाप्रबंधक वेस्टर्न सेंट्रल रेल्वे जबलपुर को सदस्य बनाया गया है।

क्रमांक/858/मार्च-03/मनोज

 

सहकारिता कार्यालय में जनसुनवाई आज

जबलपुर, 01 मार्च 2021

      राज्य शासन के निर्देशानुसार जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यालय संयुक्त आयुक्त सहकारिता में प्रति मंगलवार प्रात: 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक सहकारिता से जुड़े विषयों पर जनसुनवाई होगी। जन सामान्य कार्यालय में उपस्थित होकर सम्बद्ध विषयों पर शिकायतें प्रस्तुत कर उसका निराकरण करा सकते हैं।

क्रमांक/859/मार्च-04/मनोज

 एडिप योजना अंतर्गत दिव्यांगजनों को निशुल्क सहायता उपकरण  वितरण

सामाजिक अधिकारिता शिविर संपन्न

जबलपुर, 01 मार्च, 2021

एडिप योजना अंतर्गत दिव्यांगजनों  के लिए निशुल्क सहायता उपकरण  वितरण करने के लिए  आज सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल में किया गया। जबलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री व विधायक श्री अजय विश्नोई, पूर्व मंत्री सर्वश्री शरद जैन,  अंचल सोनकर, श्री जी. एस. ठाकुर,कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा, आयुक्त निशक्तजन श्री संदीप रजक, एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक व यूनिट हेड श्री अनुपम प्रकाश, प्रभारी संयुक्त संचालक निशक्तजन कल्याण श्री आशीष दीक्षित सहित अन्य अधिकारी व दिव्यांग जन उपस्थित थे।

   कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन से किया गया तथा वर्चुअल मोड से जुड़े केंद्रीय मंत्री सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्रालय श्री थावरचंद गहलोत ने दिव्यांग जनों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताएं और कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा के आधार पर दिव्यांग जनों को मुख्यधारा में लाने की दिशा में हर संभव प्रयास किया जा रहा है ताकि उनके सशक्तिकरण हो सके। वही सांसद श्री राकेश सिंह कहा कि प्रत्येक दिव्यांग को पात्रता अनुसार सहायता करने के लिए वे कृतसंकल्पित है और दिव्यांगों के हितों के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं जिससे उनके जीवन सुलभ और आसान हो सके। उन्होंने कहा कि पीएम श्री मोदी ने निशक्तजन को दिव्यांग नाम दिया। दिव्यांग किसी भी प्रकार से किसी से पीछे नहीं है बस उन्हें बराबरी के साथ खड़ा होने का अवसर देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से 30 लाख रुपये के मोटराइज्ड  ट्राईसाइकिल दिव्यांगों को दिया। उन्होंने उन दिव्यांगों को जिन्हें उपकरण मिल रहे हैं धन्यवाद दिया और कहा कि इसके लिए पूरी टीम काम कर रही है। दिव्यांग जनों के सम्मान व जरूरतों को हमेशा ध्यान में रखा जाएगा।

   पूर्व मंत्री व विधायक श्री अजय विश्नोई ने इस अवसर पर कहा कि हर उस व्यक्ति की तलाश कर सहायता की जा रही है जिसे उसकी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों की पहचान कर उनके आवश्यकतानुसार उपकरण दी जा रहे हैं और उन्हें सक्षम बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आज दिव्यांग किसी से कम नहीं है उन्होंने यूपीएससी पास करने वाले कुछ दिव्यांगों के बारे में बताकर उनके जज्बा व प्रेरणा को बताया। कार्यक्रम को श्री जी. एस. ठाकुर व आयुक्त निशक्तजन श्री संदीप रजक ने भी संबोधित किया और दिव्यांगों के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी देते हुये उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाने के लिए हर संभव सहायता देने की प्रतिबद्धता जाहिर की।

सामाजिक अधिकारिता शिविर में आज दिव्यांग जनों के लिए निशुल्क सहायता उपकरण वितरण करने के दौरान उन्हें स्वावलंबी व सशक्त बनाने के लिए 95 मोटराइज्ड साइकिल, 175 ट्राईसाइकिल, 250 व्हील चेयर, 21 सीपी चेयर, 326 वैसाखी, 163 स्ट्रिक, 322 कृच एल्बो, 131 स्मार्टफोन, 290 कान की मशीन, 5 ब्रेलकेन, 35 ब्रेलकिट, 13 आस्ककिट आदि के साथ अन्य सहायता उपकरण प्रदान किए गए। शिविर कोविड गाईड लाइन का पालन करते हुये सामाजिक न्याय और जिला पुनर्वास केंद्र के सहयोग से आयोजित किया गया था।

क्रमांक/860/मार्च-05/उइके