News.01.10.2019_B


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय-जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
महात्मा गांधी के 150 वें जन्मदिवस पर आज होंगे विविध कार्यक्रम
शहीद स्मारक में मुख्य आयोजन
संगोष्ठी, गांधी के प्रिय भजन और नाटक का होगा मंचन
दांड़ी यात्रा निकलेगी
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      राष्ट्र, 2 अक्टूबर 2019 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का 150 वां जन्मदिवस मनाएगा । जबलपुर जिले में राज्य शासन द्वारा राष्ट्रपिता की स्मृति को और उनकी मध्यप्रदेश की यात्रा को स्मरणीय बनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर की प्रात: से ही शुरू होने वाले विविध कार्यक्रमों के बाद शाम 6 बजे से मुख्य समारोह शहीद स्मारक गोलबाजार में आयोजित होगा। महात्मा गांधी द्वारा नमक सत्याग्रह के लिए की गई दांड़ी यात्रा का स्मरण करते हुए प्रतीक स्वरूप दोपहर 3 बजे से शासकीय जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया) के समीप स्थित गांधी भवन से दांड़ी यात्रा निकाली जाएगी, जो कि शहीद स्मारक गोलबाजार में आकर समाप्त होगी। इस यात्रा में शालेय छात्र-छात्राएं और नागरिक शामिल होंगे।
      मुख्य समारोह में महात्मा गांधी के विचार, दर्शन, कार्यों और शिक्षाओं पर आधारित संगोष्ठी होगी। जिसमें जस्टिस एमव्ही तामस्कर और दर्शनशास्त्र की प्रोफेसर डॉ गायत्री सिन्हा का उद्बोधन होगा। शोविज इवेन्ट समूह द्वारा गांधी भजन और गीत गायन की प्रस्तुति होगी। विवेचना रंग मंडल द्वारा महात्मा गांधी पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा। महात्मा गांधी के सिद्धांत, कार्यों और प्रेरणा तथा विकास पर आधारित प्रदर्शनी भी शहीद स्मारक प्रांगण में लगाई गई है।
      उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी 20 मार्च 1921 को पहली बार जबलपुर पहुंचे। वे यहां श्याम सुंदर भार्गव की खजांची चौक स्थित कोठी में रूके। गांधी जी ने कांग्रेस के आदर्शों के प्रति जनता में रूचि जागृत करने के अभियान में हिस्सा लिया। उनके साथ उनकी यूरोपियन शिष्या मीराबेन भी थीं। जो पहले मिस स्लेड थीं। दूसरे व्यक्ति ठक्कर बापा थे। महात्मा गांधी ने स्त्रियों की सभा में महिलाओं से तिलक स्वराज फण्ड के लिए धन के साथ जेवर भी दान में प्राप्त किए। गांधी जी की सार्वजनिक सभा गोलबाजार मैदान जहां आज शहीद स्मारक भवन स्थित है, में हुई थी।
महात्मा गांधी ने दो दिसम्बर 1933 को सिहोरा में आमसभा को संबोधित किया था। गांधी जी तीन दिसम्बर को जबलपुर आए और व्यवहार राजेन्द्र सिंह के साठिया कुआं निवास में ठहरे। उस समय वे अनुसूचित जाति की समस्या के निराकरण के लिए आए थे। उनके साथ महादेव देसाई, महाराजा कुमार विजया नगरम् और कनु गांधी भी थे। गोलबाजार मैदान में आयोजित सभा में महात्मा गांधी ने अपने उद्बोधन में कहा था कि " मेरा विश्वास इस आंदोलन पर बढ़ता ही जाता है। अस्पृश्यता, असमानता का सबसे बुरा पहलू है।" 6 दिसम्बर 1933 को गुजराती क्लब में गुजराती समाज की ओर से गांधी जी का स्वागत किया गया। 7 दिसम्बर 1933 को हितकारिणी हाई स्कूल में महिलाओं की सभा में धन संग्रह किया। इसके बाद सदर बाजार में दो मंदिर अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के लिए खोले गए।
महात्मा गांधी 27 फरवरी 1941 को इलाहाबाद में कमला नेहरू अस्पताल का उद्घाटन करने जाते हुए कुछ समय के लिए जबलपुर भी रूके। गांधी जी मीरगंज स्टेशन पर उतरे और वहां से भेड़ाघाट गए। उन्होंने अपने साथियों के साथ नाव में बैठकर बंदरकूदनी देखा। प्रकृति के इस अनुपम और बहुरंगी सौंदर्य को देखकर गांधी जी अभिभूत हो गए थे। उनके साथ महादेव भाई देसाई, कनु देसाई और महाराजा कुमार विजयानगरम् भी थे। महात्मा गांधी के भोजन और विश्राम की व्यवस्था हीरजी गोविंद जी के रत्नहीर नामक भवन में की गई थी।
27 अप्रैल 1942 को गांधी जी मदन महल स्टेशन पर उतर कर पंडित द्वारिका प्रसाद मिश्र के निवास पर अल्पप्रवास पर रहे। गांधी जी सेठ गोंविददास जी को देखने विक्टोरिया अस्पताल भी गए।
क्रमांक/1749/अक्टूबर-05/खरे॥

तीन अक्टूबर से होगा मिडलाइन टेस्ट
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार जिले की सभी शालाओं के लगभग एक लाख चालीस हजार बच्चों का 3 अक्टूबर से मिडलाइन टेस्ट होगा ।  जिला शिक्षा केन्द्र के परियोजना समन्वयक डॉ. आर.पी. चतुर्वेदी ने बताया कि मिडलाइन टेस्ट में 427 शालाओं का सेम्पल शाला के रूप में चयन किया गया है, जहां शाला मित्र के रूप में पीएसएम, मांटेसरी, हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्राचार्य, बीआरसीसी, बीएसी, सीएसी उपस्थित होकर सत्यापन का कार्य करेंगे ।  जिला परियोजना समन्वयक ने अभिभावकों से 3 से 5 अक्टूबर तक मिडलाइन टेस्ट के लिए बच्चों को अनिवार्य रूप से स्कूल भेजने का आग्रह किया है ।  उन्होंने बताया कि मिडलाइन टेस्ट को लेकर आज मंगलवार को डाइट जबलपुर में प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया ।  जिसमें 652 माध्यमिक शिक्षा प्रभारी शामिल हुए ।
क्रमांक/1750/अक्टूबर-06/जैन
खनिज साधन मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल का आगमन आज
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      प्रदेश के खनिज साधन मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल का कल बुधवार दो अक्टूबर को कार द्वारा वारासिवनी से शाम 7.30 बजे जबलपुर आगमन होगा ।  श्री जायसवाल यहां से रात 11.50 बजे शक्तिपुंज एक्सप्रेस द्वारा सिंगरौली प्रस्थान करेंगे ।
क्रमांक/1751/अक्टूबर-07/जैन

रिश्वत लेकर नकल प्रदान करने की शिकायतों पर स्पष्टीकरण तलब
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      कलेक्टर श्री भरत यादव ने रिश्वत लेकर खसरा की नकल प्रदान करने की प्राप्त शिकायतों पर पाटन तहसील कार्यालय में खण्ड लेखक के पद पर पदस्थ राजेश कुमार वैरागी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन अक्टूबर को समक्ष में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिये हैं ।
      श्री यादव ने कारण बताओ नोटिस में खंड लेखक राजेश कुमार वैरागी को सेवा से पृथक करने की चेतावनी दी है ।  उन्होंने कहा कि समयावधि के भीतर और संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न कर पाने पर उसके विरूद्ध एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी ।
क्रमांक/1752/अक्टूबर-08/जैन

मद्य निषेध सप्ताह आज से
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
गाँधी जयंती के अवसर पर प्रदेश में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रति वर्ष की भांति गाँधी जयंती 2 अक्टूबर से आयोजित मद्य निषेध सप्ताह में समाज में मद्यपान, तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों/ द्रव्यों के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं और समाज को अवगत कराया जाता है। सप्ताह में शासन के शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, महिला-बाल, परिवहन, पुलिस, खेल एवं युवक कल्याण, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग और स्थानीय संस्थाओं द्वारा जन-जागृति के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्य में स्वयंसेवी संगठनों से भी सहयोग प्राप्त किया जायेगा।
प्रतिबंधित मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम के लिये प्रदेश में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति का गठन किया गया है। जागरूकता कार्यक्रमों के अन्तर्गत मद्य निषेध की प्रतिज्ञा और शपथ-पत्र भरवाना, प्रदर्शनी, शैक्षणिक संस्थाओं में वाद-विवाद, भाषण, चित्रकला और नारे, निबंध प्रतियोगिता, कला पथक दल, कला मंडियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।
क्रमांक/1753/अक्टूबर-09/जैन

गांधी जयंती पर रेडक्रॉस द्वारा सर्वोदय नगर में लगाया जायेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर
स्वच्छता कार्यक्रम का भी आयोजन होगा
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की एक सौ पचासवीं जयंती पर बुधवार दो अक्टूबर को रेडक्रॉस सोसायटी एवं जिला प्रशासन द्वारा आगाचौक मार्ग पर स्थित सर्वोदय नगर बस्ती में सुबह 10 बजे से नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया जायेगा ।  इस दौरान सर्वोदय नगर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जायेगा तथा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों द्वारा श्रमदान कर बस्ती की साफ-सफाई की जायेगी । 
      सर्वोदय नगर बस्ती में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर नगर निगम शाला में लगाया जायेगा ।  शिविर में विक्टोरिया अस्पताल, जामदार हॉस्पिटल, मेट्रो हॉस्पिटल, इन्फिनिटी हार्ट सेन्टर के चिकित्सा विशेषज्ञ बस्तीवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे । जबकि स्वच्छता अभियान में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर भरत यादव, उपाध्यक्ष डॉ. जीतेन्द्र जामदार, नगर निगम आयुक्त आशीष कुमार, जिला पंचायत के सीईओ प्रियंक मिश्र, सीईओ स्मार्ट सिटी संदीप जी आर एवं अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित श्रमदान कर स्थानीय निवासियों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे ।
      जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर श्री भरत यादव ने सर्वोदय नगर बस्ती में गांधी जी की एक सौ पचासवीं जयंती पर आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों के नागरिकों से शामिल होने का आग्रह किया है ।
क्रमांक/1754/अक्टूबर-10/जैन

निरस्त वनाधिकार दावों के पुन: परीक्षण के लिये आज लांच होगा वनमित्र एप
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
           प्रदेश में वनाधिकार अधिनियम में निरस्त हुए दावों का पुन: परीक्षण किया जा रहा है इसके लिए 2 अक्टूबर गाँधी जयंती को वनमित्र एप लाँच किया जाएगा।
    पुन: परीक्षण अभियान के दौरान व्यक्तिगत दावों को प्राथमिकता दी जाएगी। गाँधी जयंती पर होने वाली ग्राम सभाओं में वन अधिकार समिति के पुनर्गठन पर भी चर्चा  होगी। इसमें स्वयंसेवी संगठन आगे रहकर मदद करेंगे। एमपी वनमित्र साफ्टवेयर का उपयोग पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर होशंगाबाद जिले में शुरू कर दिया गया है। वनाधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन के लिये हेल्पलाइन नम्बर जारी किया जा रहा है। वन मित्र एप को एमपी ऑनलाइन पोर्टल से लिंक किया गया है। आवेदन करने की प्रक्रिया निशुल्क है। वनाधिकार समिति के प्रशिक्षण के लिये 10 गाँवों पर एक क्लस्टर बना कर कार्यवाही की जायेगी
 क्रमांक/1755/अक्टूबर-11/जैन

अब मोहल्ले में होगा नागरिकों की समस्याओं का निराकरण
प्रदेश में "शहर सरकार-आपके द्वार" अभियान आज से
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      नगरीय निकायों में नागरिकों की समस्याओं का निराकरण अब उनके मोहल्ले में ही होगा। राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं का निराकरण करने के लिये गाँधी जयंती 2 अक्टूबर से 'शहर सरकार-आपके द्वार' अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 22 अक्टूबर तक जारी रहेगा।
नगरीय विकास अभियान में -नगरपालिका पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। इसके लिए जरूरी कम्प्यूटर, लेपटॉप आदि की व्यवस्था शिविर स्थल पर ही की जायेगी। सी.एम.हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के निराकरण का सत्यापन भी किया जायेगा। नागरिकों को ऑनलाइन भवन अनुज्ञा से संबंधित आटोमेटेड बिल्डिंग प्लान अप्रूवल सिस्टम की जानकारी दी जायेगी। सूखे एवं गीले कचरे का घर पर पृथक्कीकरण शुरू कराया जायेगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में जिनके आवास पूर्ण हो गये हैं, उनको गृह प्रवेश कराया जायेगा। अभियान के दौरान पात्र हितग्राहियों को आवासीय पट्टे दिये जायेंगे। पूरे हुए निर्माण कार्यों का लोकार्पण और प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन भी किया जायेगा।
अभियान में वाटर हार्वेस्टिंग, युवा स्वाभिमान, पॉलीथिन मुक्ति, बेसहारा गोवंश का संरक्षण आदि विषयों पर चर्चा की जायेगी। इस दौरान आयोजित शिविरों में विभिन्न विषयों पर जानकारी देने के लिए स्वयं सेवकों का भी चयन किया गया है।
राज्य स्तर पर प्रतिदिन अपर आयुक्त -नगरपालिका द्वारा अभियान की समीक्षा की जाएगी। इसकी पूरी रिपोर्ट प्रतिदिन प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास और आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास को प्रतिदिन दी जायेगी।
क्रमांक/1756/अक्टूबर-12/जैन
गाँधी जी के मूल-सिद्धान्तों पर केन्द्रित होंगी ग्राम सभाएँ
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की 150वीं जयंती पर 2 अक्टूबर को प्रदेश की समस्त ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएँ आयोजित की जाएंगी। ग्राम सभाएँ गाँधी जी के ग्राम स्वरोजगार, महिला स्वावलम्बन, ग्राम-स्वराज से ग्राम्य विकास तथा 'सादा जीवन-उच्च विचार' के मूल सिद्धांतों पर आधारित होंगी। ग्राम सभाओं के लिए 24 बिन्दुओं का एजेण्डा तैयार किया गया है।
इस वर्ष 2 अक्टूबर से अगले वर्ष 2 अक्टूबर तक विभिन्न स्तरों पर महात्मा गाँधी के विचारों पर केन्द्रित कार्यक्रम होंगे। ग्राम सभा में गाँधी जी की ग्राम स्वराज की अवधारणा पर परिचर्चा होगी। साथ ही, पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के लिये 'लोगों की सरकार' सिद्धांत को लागू करने के बारे में विचार-विमर्श होगा। महिला सशक्तिकरण के लिये महिला स्व-सहायता समूहों के निर्माण तथा आर्थिक स्वावलंबन के लिये योजना बनाने, स्वच्छ भारत अभियान, कचरे के समुचित निपटान में समुदाय की भागीदारी, मनरेगा में जरूरतमंद परिवारों को नवीन जॉब कार्ड का वितरण और रोजगार उपलब्ध कराने की रणनीति पर चर्चा होगी।
इस मौके पर ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी। प्रत्येक गाँव में जल संरक्षण कार्य प्रारम्भ कराया जाएगा। लेबर बजट के वित्तीय वर्ष 2019-20 के लक्ष्य, अपूर्ण कार्यों को पूर्ण किया जाना, गौशाला निर्माण, नदी पुनर्जीवन की प्रगति, चंदेलकालीन और बुंदेलाकालीन तालाबों एवं प्राचीन तालाबों के जीर्णोद्धार, जल शक्ति अभियान, सिक्योर साफ्टवेयर, नरेगा के नवीन निर्देशों, प्रधानमंत्री आवास योजना के अपूर्ण आवासों की पूर्णता, मध्यान्ह भोजन का वितरण, गर्भ-धारण, पूर्व प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम एवं नियम से संबंधित संदेशों का वाचन भी किया जाएगा।
ग्राम सभा स्तर पर जैव-विविधता प्रबंधन समितियों का गठन करने का संकल्प, राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर कृमि संक्रमण की रोकथाम, आयुष्मान भारत 'निरामयम' योजना, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन में ग्राम पंचायत में गठित समूहों की गतिविधियों तथा समूह सदस्यों की सफलता और प्रगति तथा 'मुख्यमंत्री मदद योजना' के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए प्रत्येक ग्राम के आदिवासी मुखिया के नाम की प्रविष्टि विभागीय पोर्टल पर की जाएगी।
क्रमांक/1757/अक्टूबर-13/जैन॥

News.01.10.2019_A


संभागीय जनसंपर्क कार्यालय-जबलपुर
मध्य प्रदेश शासन
समाचार
बुजुर्ग हमारी धरोहर, उनका सम्मान ईश्वर की अराधना के समतुल्य-सांसद श्री विवेक तन्खा
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित
राज्य स्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह में
सामाजिक न्याय तथा वित्त मंत्री ने भी किया वृद्धजनों का सम्मान
जबलपुर, 01 अक्टूबर, 2019
      बुजुर्ग हमारी संस्कृति और परंपरा के ध्वजवाहक हैं जिनसे हमें देश सेवा की प्रेरणा मिलती है । वे हमारे मार्गदर्शक एवं पथप्रदर्शक भी हैं उनके अनुभवों से प्रेरणा लेकर हम एक सशक्त समाज और देश का निर्माण कर सकते हैं ।  ये उद्गार राज्यसभा सदस्य श्री विवेक कृष्ण तन्खा ने आज अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर यहां मानस भवन में आयोजित राज्य स्तरीय वृद्धजन समारोह को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए व्यक्त किये ।
      सामाजिक न्याय विभाग द्वारा इस समारोह की अध्यक्षता विभाग के मंत्री श्री लखन घनघोरिया ने की ।  वित्त मंत्री श्री तरूण भनोत समारोह के विशिष्ट अतिथि थे ।  इस अवसर पर विधायक श्री विनय सक्सेना, विधायक श्री संजय यादव, प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय श्री जे.एन. कंसोटिया, संभागायुक्त राजेश बहुगुणा, संचालक सामाजिक न्याय कृष्ण गोपाल तिवारी, कलेक्टर भरत यादव, निगमायुक्त आशीष कुमार, श्री दिनेश यादव, कदीर सोनी, भूरे पहलवान, अनुराग गढ़वाल भी मंचासीन थे ।
      सांसद श्री तन्खा ने अपने संबोधन में राज्य स्तरीय वृद्धजन समारोह का आयोजन जबलपुर में करने के लिए सामाजिक न्याय मंत्री श्री घनघोरिया को साधुवाद देते हुए कहा कि   इससे शहर की प्रतिष्ठा देश एवं प्रदेश में बढ़ी है ।  उन्होंने कहा कि वृद्धजनों ने जिस भावना से देश और समाज की सेवा की है उनका सम्मान करना ईश्वर की अराधना से कम नहीं है ।  श्री तन्खा ने इस मौके पर समारोह में शामिल हुए सभी बुजुगों के स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना की ।  उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवायें मिले, उन्हें अस्पतालों में उपचार में प्राथमिकता दी जाये इस बारे में विचार किये जाने की जरूरत है ।  श्री तन्खा ने बुजुर्गों को सभी प्रकार की नागरिक सुविधायें प्रदान करने में भी प्राथमिकता दिये जाने की जरूरत बताई । 
      समारोह को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय मंत्री श्री लखन घनघोरिया ने बुजुर्गों को समाज का आधार स्तंभ बताया । उन्होंने कहा कि वृद्धजनों ने हमेशा देश और समाज का मार्गदर्शन किया है । उनकी सेवाओं का सम्मान करना हमारा फर्ज है । श्री घनघोरिया ने कहा कि माँ नर्मदा की कृपा से उन्हें सामाजिक न्याय और नि:शक्तजन कल्याण जैसे सेवा से जुड़े विभागों का दायित्व मिला है । उनकी मंशा थी कि समाज को प्रेरणा देने वाले बुजुर्गों की सेवा का अवसर जबलपुर को मिले और यह अवसर अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर राज्य स्तरीय वृद्धजन समारोह का आयोजन कर पूरी हो गई है ।
      सामाजिक न्याय मंत्री ने इस अवसर पर समारोह में मौजूद सभी वृद्धजनों को नमन किया और उनसे आशीर्वाद लिया । उन्होंने बुजुर्गों की सेवा को सबसे बड़ा पुण्य का कार्य बताते हुए कहा कि जिनके सिर पर माता-पिता और बुजुर्गों का साया है, सबसे सुखी व्यक्ति वही है । श्री घनघोरिया ने कहा कि वर्तमान समय में जबकि नैतिक मूल्यों का निरंतर अवमूल्यन हो रहा है, बुजुर्गों का सम्मान और सुरक्षा तथा उनके भरण पोषण की जिम्मेदारी न केवल सरकार की है बल्कि यह समाज का भी दायित्व है ।  उन्होंने इस अवसर पर कहा कि बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन पहले तीन सौ रूपये प्रतिमाह मिला करती थी इसे बढ़ाकर इस सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर छह सौ रूपये किया गया और वचनपत्र में किये गये वायदे के मुताबिक इसे एक हजार रूपये मासिक भी किया जायेगा ।
      वित्त मंत्री श्री तरूण भनोत ने समारोह को संबोधित करते हुए बुजुर्गों के अनुभव से देश और समाज को मजबूत बनाने की सीख लेने का युवा पीढ़ी से आग्रह किया ।  उन्होंने कहा कि जिस संकल्प एवं नि:स्वार्थ भाव से हमारे बुजुर्गों ने देश की सेवा की और देश के लिए त्याग किया इससे हमें प्रेरणा लेनी होगी । श्री भनोत ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी संस्कृति है । उन्होंने बुजुर्गों को दी जा रही पेंशन को सम्मान निधि का स्वरूप बताते हुए कहा कि ज्यादा जरूरत बुजुर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की है ।  वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ की प्रेरणा से सरकार इस दिशा में भी काम कर रही है ।  उन्होंने जबलपुर में बुजुर्गों के लिए पेड शेल्टर होम खोले जाने की स्वीकृति देने के लिए सामाजिक न्याय मंत्री श्री लखन घनघोरिया को साधुवाद दिया ।  श्री भनोत ने वृद्धजनों को गांधी जी की एक सौ पचासवीं जयंती की अग्रिम बधाई भी दी ।
      समारोह के प्रारंभ में प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय जे.एन. कंसोटिया ने राज्य स्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मनमोहा:-
      अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मानस भवन में आयोजित राज्य स्तरीय वृद्धजन दिवस पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये । इनमें वृद्धजनों ने भी शिरकत की । रेडक्रॉस द्वारा संचालित वृद्धजनों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों को समारोह में सबसे ज्यादा सराहा गया ।  इस अवसर पर भोपाल से आये राज्य स्तरीय कला पथक दल के कलाकारों ने भी वृद्धजन कल्याण पर केन्द्रित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी ।
बुजुर्गों का हुआ सम्मान:-
      राज्य सतरीय वृद्धजन सम्मान समारोह में उम्मींद से कहीं ज्यादा संख्या में वृद्धजन शामिल हुए । आयोजन स्थल मानस भवन के प्रेक्षागृह के बाहर भी वृद्धजनों को सम्मानपूर्वक बैठने की व्यवस्था की गई । समारोह में शामिल हुए सभी वृद्धजनों को शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया ।  राज्यसभा सदस्य श्री विवेक कृष्ण तन्खा, सामाजिक न्याय मंत्री श्री लखन घनघोरिया तथा वित्त मंत्री श्री तरूण भनोत ने मंच से नीचे अतरकर उन बुजुर्गों को इंक्यावन सौ रूपये की राशि तथा शाल, श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद लिया जो सौ वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं ।
सात सौ से अधिक बुजुर्गों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण:-
      अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय वृद्धजन सम्मान समारोह में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर का आयोजन भी किया गया था । शिविर में सात सौ से अधिक वृद्धजनों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया । शिविर में मौजूद सभी विधाओं के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी दी और उनका उपचार किया ।  इस मौके पर बुजुर्गों को नि:शुल्क दवायें भी प्रदान की गई ।
व्हीलचेयर मिली तो खिल उठे चेहरे:-
      अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित इस समारोह में कई वृद्धजनों को परीक्षण के उनकी जरूरत के मुताबिक श्रवण यंत्र, छड़ी, ब्लाइंड स्टिक और व्हीलचेयर भी प्रदान की गई ।  शिविर में सामाजिक न्याय मंत्री श्री लखन घनघोरिया ने ऐसे दस बुजुर्गों को व्हीलचेयर अपने हाथों से प्रदान की जो अपने पैरों पर खड़े होने में असमर्थ थे ।  सेठी नगर गोरखपुर की 102 वर्षीय मैनाबाई, गोहलपुर नई बस्ती की 85 वर्षीय जसौदा बाई, गल्ला बाजार महात्मा गांधी वार्ड की 90 वर्षीय सुशीला बाई, दुर्गा नगर ग्वारीघाट के 96 वर्ष के शिवशंकर प्रसाद शुक्ला, नया मोहल्ला घंटाघर निवासी 102 साल की फातिमा बी तथा गंजीपुरा मेनरोड निवासी 72 वर्षीय यशौदा बाई साहू इनमें शामिल थीं । शिविर में डेढ़ सौ से अधिक वृद्धजनों को छड़ी, पचास को श्रवण यंत्र और इतने ही वृद्धजनों को ब्लाइंड स्टिक भी प्रदान की गई ।
क्रमांक/1745/अक्टूबर-01/जैन

सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग समाज के व्यापक हित में करें - वित्त मंत्री तरूण भनोत
शिक्षक देश के भविष्य का निर्माता - किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री सचिन सुभाष यादव
एनईएस एजुकेशन कालेज में राष्ट्रीय सेमीनार सम्पन्न
जबलपुर 01 अक्टूबर 2019
      प्रदेश के वित्त मंत्री तरूण भनोत के मुख्य आतिथ्य और किसान कल्याण एवं कृषि विकास, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सचिन सुभाष यादव की अध्यक्षता में एनईएस एजुकेशन कालेज में " शिक्षा एवं कौशल उन्नयन में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी की भूमिका " विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमीनार का आयोजन किया गया।
      एनईएस एजुकेशन कालेज, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और कौशल विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय सेमीनार में विधायक विनय सक्सेना, विधायक संजय यादव, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति कपिल देव मिश्रा, रजिस्ट्रार प्रो कमलेश मिश्रा, राजेन्द्र यादव, अजय अग्रवाल, प्राचार्य संजीव गुप्ता, डॉ मनोज यादव, मनीषा बजाज आदि गणमान्य व्यक्ति और महाविद्यालय संचालन समिति के सदस्यगण मौजूद थे।
      राष्ट्रीय सेमीनार को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री तरूण भनोत ने कहा कि वर्तमान समय सूचना प्रौद्योगिकी का है। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को सूचना संचार तकनीक ने व्यापक रूप से प्रभावित किया है। इस तकनीक का उपयोग समाज के व्यापक हित में भी किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में महाविद्यालय का उल्लेखनीय योगदान रहा है और  उन्होंने इसी तरह सेवाभाव से कार्य करते रहने की जरूरत रेखांकित की।
      किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री सचिन सुभाष यादव ने कहा कि देश को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ऊंचाईयों तक ले जाने का सपना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का था। उन्होंने इस तकनीक को देश में विकसित कर सूचना क्रांति लाई तथा एक व्यवस्थित सूचना तंत्र स्थापित किया।
      कृषि मंत्री ने कहा कि हर क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका से सभी परिचित है। बहुत अल्प समय में कोई भी संदेश विश्व के किसी भी कोने में पहुंचाया जा सकता है।
      कृषि मंत्री ने कहा कि महाविद्यालय पर शिक्षकों के निर्माण की महती जिम्मेदारी है। शिक्षक देश के भविष्य निर्माता होते हैं। अत: जन आकांक्षाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
क्रमांक/1746/अक्टूबर-02/खरे॥

कृषकों को जैविक खाद के इस्तेमाल और निर्माण के लिए प्रेरित करें
कृषि की संभागीय बैठक में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री सचिन सुभाष यादव
जबलपुर 01 अक्टूबर 2019
      प्रदेश के किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री सचिन सुभाष यादव ने कहा है कि कृषकों को जैविक खाद के इस्तेमाल और इस खाद का स्वयं निर्माण करने के लिए प्रेरित किया जाए। कृषि विभाग के अधिकारियों को जैविक पद्धति से कृषि को बढ़ाने का लक्ष्य दिया जाए।
      कृषि मंत्री जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के सभाकक्ष में कृषि, उद्यानिकी, मण्डी, इफको, बोरलाग के संभागीय और जिला प्रमुख अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
      किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री श्री यादव ने कहा कि जैविक खेती से कृषि ही उत्तम है। अत: जैविक कृषि अधिक से अधिक कृषक अपनाएं इस दिशा में कार्य करें। कृषकों विशेष रूप से अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों के कृषकों के मध्य जैविक कृषि को लेकर भ्रम समाप्त किया जाए। उन्हें समझाया जाए कि जैविक पद्धति से कृषि करने से भी अच्छा उत्पादन और फसल की बेहतर कीमत प्राप्त की जा सकती है।
      कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि कृषक को गौपालन के लिए प्रेरित कर कृषि में गोबर-गोमूत्र के उपयोग को बढ़ाया जाए। कृषि मंत्री ने निर्देश दिए आने वाले रबी सीजन में उन्नत बीज और उर्वरकों की जरूरत का आंकलन कर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। कृषि मंत्री ने अतिवर्षा से प्रभावित फसलों और पीड़ित किसानों, नुकसान का सर्वे, फसल बीमा हेतु सर्वे आदि की जानकारी ली तथा पीड़ित किसानों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीफ फसलों से क्षेत्राच्छादन-उत्पादन-उत्पादकता के आंकलन की जानकारी ली।
क्रमांक/1747/अक्टूबर-03/खरे॥